दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 72 साल के हो गए। आज ही के दिन, यानी 17 सितंबर 1950 को पीएम मोदी का जन्म गुजरात में गांधीनगर से 73 किलोमीटर दूर वडनगर में हुआ था। वह 7 अक्टूबर 2001 को 51 साल की उम्र में बिना विधायक बने ही गुजरात के 14वें मुख्यमंत्री बने। इसके चार महीने बाद फरवरी 2002 में राजकोट-2 विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में पहली बार विधायक चुने गए। 22 सालों में 14 साल वे गुजरात के मुख्यमंत्री रहे और अब 8 साल से प्रधानमंत्री हैं।

पीएम मोदी के जन्मदिन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह और राहुल गांधी समेत विभिन्न नेताओं ने बधाई दी है। पीएम मोदी अपने जन्मदिन पर आज चार अहम कार्यक्रमों में संबोधन भी देंगे। सबसे पहले पीएम शनिवार को नामीबिया से आए चीतों को मध्यप्रदेश के कूनो-पालपुर अभ्यारण्य में बने बाड़ो में छोड़ेंगे। इसके अलावा पीएम तीन अहम कार्यक्रमों को भी संबोधित करेंगे।

राष्ट्रपति मुर्मू ने अपनी शुभकामना संदेश में कहा कि मेरी कामना है कि आप के द्वारा अतुलनीय परिश्रम, कर्तव्यनिष्ठा और सृजनशीलता के साथ किया जा रहा राष्ट्रनिर्माण का अभियान, आप के नेतृत्व में आगे बढ़ता रहे। मेरी शुभेच्छा है कि ईश्वर आपको स्वस्थ और दीर्घायु बनाए।

वहीं, राजनाथ सिंह ने पीएम मोदी को बधाई देते हुए लिखा कि भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उन्होंने अपने नेतृत्व से देश में प्रगति और सुशासन को अभूतपूर्व मजबूती दी है और पूरे विश्व में भारत की प्रतिष्ठा और स्वाभिमान को नई ऊंचाई दी है। ईश्वर उन्हें स्वस्थ रखें और दीर्घायु करें।

 केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने पीएम मोदी को बधाई देते हुए लिखा कि देश के सर्वप्रिय नेता व हम सभी के प्रेरणास्त्रोत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देता हूं और ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य व सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं। मोदी जी ने अपनी भारत प्रथम की सोच व गरीब कल्याण के संकल्प से असंभव कार्यों को संभव करके दिखाया है।

वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि पीएम नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here