श्रीनगरः जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकवादी हमले में 27 लोगों की मौत हो गई और 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। आपको बता दें कि 14 फरवरी 2019 को हुए पुलवामा अटैक के बाद ये सबसे बड़ा हमला है। यह हमला पहलगाम की बैसरन घाटी में मंगलवार दोपहर 2.45 बजे हुआ।
इस हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा के विंग द रजिस्टेंस फ्रंट यानी TRF ने ली है। फायरिंग के बाद आतंकी भाग निकले। इंटेलिजेंस सूत्रों ने बताया कि पहलगाम अटैक में दो फॉरेन टेररिस्ट और दो लोकल आतंकी शामिल थे। इस बीच, उरी में घुसपैठ की कोशिश कर रहे 02 आतंकवादियों को सेना ने मार गिराया है।
मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि पर्यटकों को गोली मारने से पहले आतंकियों ने उनके नाम पूछे और कलमा भी पढ़वाया। इनमें एक UP के शुभम द्विवेदी थे, जिनका नाम पूछने के बाद आतंकियों ने उनके सिर में गोली मार दी। मृतकों में UP, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और ओडिशा के पर्यटक हैं। नेपाल और UAE के एक-एक टूरिस्ट और 02 स्थानीय भी मारे गए हैं।
अटैक के बाद देश के अन्य शहरों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सऊदी अरब का दो दिन दौरा बीच में ही छोड़कर बुधवार सुबह भारत लौट आए हैं। स्थिति का जायजा लेने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह श्रीनगर पहुंच चुके। वे आज पहलगाम जाएंगे।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अपनी यात्रा को बीच में स्थगित कर स्वदेश लौट रहीं हैं। वित्त मंत्रालय ने एक्स पर यह जानकारी देते हुए कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री अमेरिका-पेरू की अपनी आधिकारिक यात्रा को बीच में ही रोककर भारत आ रही हैं। इस कठिन और दुखद समय में वे हमारे लोगों के साथ रहने के लिए जल्द से जल्द उपलब्ध उड़ान से भारत आ रही हैं। नेता विपक्ष राहुल गांधी ने भी अमित शाह से फोन पर बातचीत की है। राहुल गांधी ने ‘X’ पर लिखा- गृह मंत्री अमित शाह, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तारिक कर्रा से पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बारे में बात की। स्थिति पर अपडेट लिया। पीड़ितों के परिवारों को न्याय और हमारी पूरी सहायता मिलनी चाहिए।
अमेरिका, ईरान, रूस, इटली, यूएई सहित अन्य देशों ने पहलगाम हमले की निंदा की है। पहलगाम अटैक के बाद जब भारतीय सेना के जवान बैसरन घाटी पहुंचे तो वहां मौजूद पर्यटकों ने उन्हें आतंकवादी समझ लिया। ऐसा इसलिए क्योंकि जिन आतंकवादियों ने फायरिंग की, वो भी वर्दी में थे।जवानों को देख महिलाएं और बच्चे हाथ जोड़कर रोने लगे। इसके बाद जवानों ने कहा कि हम इंडियन आर्मी में हैं। उन्होंने पर्यटकों को सुरक्षा का दिलासा दिया। इस घटना का वीडियो सामने आया है।
जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में LoC के पास बुधवार को आतंकी घुसपैठ की कोशिश की गई। इसके बाद भारतीय सेना ने फायरिंग शुरू कर दी। एनकाउंटर अभी जारी है। सेना के अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा बलों ने 2-3 आतंकियों को घुसपैठ की कोशिश करते देखा था। इस इलाके में सर्च ऑपरेशन भी जारी है।
आपको बता दें कि जम्मू-कश्मीर में 14 फरवरी 2019 को हुए पुलवामा अटैक के बाद ये सबसे बड़ा हमला है। उस समय पुलवामा में CRPF के काफिले पर फिदायीन हमला हुआ था, इसमें 40 जवान शहीद हुए थे। इसकी जिम्मेदारी जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी।