File Picture

दिल्लीः  देश में कोरोना वायरस की धीमी पड़ती रफ्तार के बीच पिछले 24 घंटों के दौरान इस संक्रमण के 58,419 नए मामले दर्ज किए गए। देश में 81 दिन बाद इस जानलेवा विषाणु के दैनिक मामलों की संख्या 60 हजार से कम रही है। इससे पहले देश में 31 मार्च को कोविड-19 के 53,480 मामले दर्ज किए गए थे।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से रविवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में 58,419 नए मामले सामने आए। इसके बाद संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 2,98,81,965 हो गया। इस दौरान 87 हजार 619 मरीजों के स्वस्थ होने के बाद इस महमारी को मात देने वालों की कुल संख्या बढ़कर दो करोड़ 87 लाख 66 हजार 009 हो गई हैं। सक्रिय मामले 30 हजार 776 कम होकर सात लाख 29 हजार 243 रह गए हैं। इसी अवधि में 1,576 मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर तीन लाख 86 हजार 713 हो गया है। देश में सक्रिय मामलों की दर कम होकर 2.44 फीसदी, रिकवरी रेट बढ़कर 96.27 फीसदी और मृत्यु दर 1.29 फीसदी रह गई है।

कोरोना की वजह से देश के 11 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, कर्नाटक, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

वहीं देश के 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें केरल, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

इस बीच तेलंगाना सरकार ने राज्य में रविवार से लॉकडाउन को पूरी तरह से हटाने का फैसला किया है। बीते दिन हुई कैबिनेट की बैठक में इसका फैसला लिया गया। इस तरह से तेलंगाना देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है, जिसने पूरी तरह से लॉकडाउन को हटाने का ऐलान किया है। इसी के साथ राज्य में अब किसी भी तरह की पाबंदी नहीं रहेगी। यहां 01 जुलाई से स्कूल भी खोल दिए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here