Courtesy ANI

दिल्लीःपर्वतीय राज्‍यों में भीषण हिमपात के कारण मैदानी क्षेत्रों में शीतलहर बढ़ गई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्‍ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। वहीं, राजस्‍थान का चुरू -1.5 डिग्री सेल्सलियस तापमान के साथ भयंकर शीतलहर की चपेट में है। मौजूदा समय में उत्‍तर प्रदेश और बिहार सहित पूरा समूचा उत्‍तर भारत ठंडी हवाओं से परेशान है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार पश्चिमी हिमालय से सर्द और शुष्क हवा उत्तरी एवं उत्तरी-पश्चिमी हवा मैदानी क्षेत्रों की तरफ बह रही है, जिसका असर उत्तरी भारत में देखने को मिल रहा है।

दिल्ली के सफदरजंग ऑब्‍जर्वेट्री में बुधवार को  न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं यहां पर कोहरा बढ़ने से कई स्‍थानों पर विजिबिलिटी 500 मीटर से भी कम रही। मौसम विभाग के अनुसार यहां पर अगले दो दिनों तक शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी।

केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में ज्यादातर स्थानों पर मंगलवार को बर्फ गिरी है। श्रीनगर में सुबह सात बजे से ही हिमपात होने लगा था। बडगाम और पुलवामा जिलो में भी बर्फबारी हुई। वहीं गुलमर्ग में सात इंच. जबकि पहलगाम एवं सोनमार्ग में तीन से चार इंच हिमपात दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों यानी शुक्रवार तक जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। केंद्र शासित प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.1, पहलगाम में शून्य से 9 और गुलमर्ग में शून्य से 11 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज हुआ। लद्दाख के लेह में रात का न्यूनतम तापमान शून्य से 16.9, कारगिल में शून्य से 17 और द्रास में शून्य से 26.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। आपका बता दें द्रास साइबेरिया के बाद विश्व का सबसे ठंड जगह है।

वहीं हिमाचल प्रदेश में भयंकर शीतलहर का प्रकोप जारी है। शिमला में बुधवार को भी हिमपात हुआ। यहां पर न्यूनतम तापमान -1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। लाहौल-स्पीति जिले के केलांग में न्यूनतम तापमान -10 डिग्री से भी नीचे पहुंच गया है।

बात राजस्थान की करें तो राजस्‍थान में भी शीतलहर लोगों की कंपकंपी छुड़ा रही है। लोगों को घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। राजस्थान के पांच शहरों में मंगलवार को न्यूनतम तापमान माइनस में पहुंच गया था। माउंट आबू में सीजन की सबसे बड़ी गिरावट देखने को मिली है। यहां पारा -4.0 डिग्री पहुंच गया है । इसके अलावा फतेहपुर में -3.2, जोबनेर में -1.8 सीकर में -0. 5 और चुरू में -0.4 पारा पहुंच गया है।

वहीं यूपी तथा  बिहार भी भीषण ठंड की चपेट में हैं। यूपी की राजधानी लखनऊ में न्‍यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार यहां अगले दो दिन में न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की कमी आने की उम्मीद है। वहीं बिहार की राजधानी पटना में न्‍यूनतम तापमान नौ डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन सुबह में यहां कोहरा छाए रहने का अनुमान लगाया है, लेकिन दोपहर तक आसमान साफ हो जाएगा।

बात देश की वाणिज्यिक नगरी मुंबई की करें, तो यहां पर आज न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।  मौसम विभाग अनुसार यहां पर अगले 48 घंटों तक सर्दी का दौर जारी रहेगा। राज्य के विभिन्न हिस्सों में न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है।

वहीं पंजाब तथा हरियाणा के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से भीषण ठंडी की चपेट है। इन दोनों राज्यों में बुधवार को शीतलहर और तेज हो गई। हिसार के अलावा, नारनौल, अमृतसर और चंडीगढ़ सहित कई स्थानों पर पिछली रात इस मौसम की सबसे ठंडी रात रही।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here