बीजिंग: लोकसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं और अब यह स्पष्ट हो चुका है कि बीजेपी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनेगी। आपको बता दें कि लोकसभा चुनावों के नतेजों पर पूरी दुनिया की नजर थी। हालांकि बीजेपी लोकसभा में बहुमत हासिल करने में कामयाब नहीं हो पाई। लोकसभा बहुमत के लिए 272 सीटें चाहिए, जबकि बीजेपी को 240 सीटें मिली हैं और वह सबसे बड़ी पार्टी है।

इस चुनाव परिणाम को लेकर टीन ने आग उगली है। चीन के अखबार ग्लोबल टाइम्स के पत्रकार ने कहा कि मोदी कमजोर हो रहे हैं। इसके अलावा उसने कहा कि आने वाले समय में पश्चिम के साथ भारत का तनाव बढ़ेगा। हालांकि इस विश्लेषण को भारत के पूर्व राजनयिक ने मूर्खतापूर्ण करार दिया है।

ग्लोबल टाइम्स ने एक्स पर एक वीडियो शेयर किया। इसमें पत्रकार हू जिजिन ने कहा, ‘भारतीय पीएम नरेंद्र मोदी ने तीसरी बार जीत हासिल की है। लेकिन यह एक तरह से हार ही है। उनकी पार्टी बीजेपी संसद में पूर्ण बहुमत पाने में सफल नहीं हुई है। हालांकि उनके गठबंधन ने पूर्ण बहुमत पाया है। मोदी को सरकार चलाने के लिए छोटे दलों पर निर्भर रहना होगा। विपक्ष को बड़ी ताकत मिली है, जिससे वे काफी गदगद हैं। मोदी की राष्ट्रवादी दृष्टिकोण को विपक्ष पसंद नहीं करता, इसके बावजूद अमेरिका चीन के खिलाफ भारत पर निर्भर है।’

उन्होंने कहा, ‘मोदी के मूल्य और भारत के हित केवल आंशिक रूप से पश्चिम के साथ जुड़े हैं। मोदी का एक शक्तिशाली प्रभाव भारत में है, जिसके कारण अमेरिका पर उन पर भरोसा करने के अलावा विकल्प नहीं था।’ उन्होंने आगे कहा, ‘एक बार जब मोदी कमजोर होंगे, तो अमेरिका अपने दीर्घकालिक मूल्यों का आकलन कर सकता है। यह चुनाव मोदी के लिए एक मजबूत से कमजोर बनने का निर्णायक मोड़ है। हाल के वर्षों में मोदी और भारत को पश्चिम ने कुछ हद तक खराब कर दिया है।’

चीन के मुखपत्र ग्लोबल टाइम्स के पत्रकार ने आगे कहा, ‘भारत ने पश्चिम के साथ एक मजबूत संबंध दिखाया है, बावजूद इसके कि भारत की राष्ट्रवादी ताकत मेल नहीं खाती। भारत में स्वायत्तता की प्रबल भावना है जो संभवतः दुनिया में सबसे मजबूत में से एक है। पश्चिम के साथ संघर्ष बढ़ने की संभावना है।’

पूर्व राजनयिक ने दिया करारा जवाबः

पूर्व राजनयिक कंवल सिब्बल ने इस विश्लेषण की हवा निकाल दी। उन्होंने कहा, ‘मूर्खतापूर्ण विश्लेषण। इससे पता चलता है कि भारत और अमेरिका के संबंधों की मजबूती को लेकर चीन घबराया हुआ है। दरअसल चीन के मजबूत होते ही अमेरिका ने चीन को अपना प्रमुख शत्रु घोषित कर दिया है। तर्क बिल्कुल विपरीत हैं।’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ताइवान से बधाई मिली है। ताइवान के राष्ट्रपति लाई चिंग ते ने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनावी जीत पर मेरी ओर से हार्दिक बधाई। हम तेजी से बढ़ी ताइवान-भारत साझेदारी को बढ़ाने, इंडोपैसिफिक में शांति और समृद्धि में योगदान देने के लिए व्यापार, टेक्नोलॉजी और अन्य क्षेत्रों में अपने सहयोग का विस्तार करने के लिए तत्पर हैं।’ पीएम मोदी ने इसके जवाब में लिखा, ‘आपके गर्मजोशी भरे संदेश के लिए धन्यवाद लाई चिंग ते। मैं घनिष्ठ संबंधों की आशा करता हूं क्योंकि हम पारस्परिक रूप से लाभप्रद आर्थिक और तकनीकी साझेदारी की दिशा में काम करते हैं।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here