Old compass on vintage map with rope closeup. Retro stale

दिल्लीः मौजूदा समय में बीजेपी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी होने का दावा करती है। पिछले आठ साल से पार्टी बहुमत से केंद्र सरकार में है और ऐसा करने वाली पहली गैर-कांग्रेसी पार्टी है, लेकिन यह एकाएक नहीं हुआ है। इस सफर की शुरुआत 21 अक्टूबर 1951 को दिल्ली में भारतीय जनसंघ की स्थापना से हुई थी। 1952 के संसदीय चुनाव में भारतीय जनसंघ ने दो सीटें जीती थीं, वहीं आज लोकसभा में भाजपा की 300 से ज्यादा सीटें हैं।

डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने 1951 में भारतीय जनसंघ नाम से पार्टी बनाई और 1952 के पहले आम चुनावों में तीन सीटें भी जीती थीं। उस समय चुनाव चिह्न दीपक था। 1957 के दूसरे लोकसभा चुनावों में जनसंघ को 4 सीटें मिली थी। 1962 में 14, 1967 में 35 सांसद चुनकर संसद पहुंचे। 1977 में आपातकाल के बाद विपक्षी दलों ने जनता पार्टी के बैनर तले चुनाव लड़ा और 295 सीटें जीतकर मोरारजी देसाई के नेतृत्व में सरकार बनाई। अटल बिहारी वाजपेयी विदेश मंत्री थे और लालकृष्ण आडवाणी सूचना एवं प्रसारण मंत्री। आंतरिक कलह की वजह से जनता पार्टी टूट गई।

1980 के आम चुनावों में जनता पार्टी की करारी हार हुई और उसके बाद बीजेपी का जन्म हुआ। 6 अप्रैल 1980 को अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में बीजेपी बनी। उसके बाद के पहले लोकसभा चुनाव यानी 1984 में पार्टी को सिर्फ 2 सीटें मिलीं। यहीं से पार्टी की नई शुरुआत हुई थी।

राम मंदिर आंदोलन के सहारे पार्टी ने 1989 में 85 सीटें जीतकर किंग मेकर की भूमिका निभाई। 1996 में 161 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी और सरकार भी बनाई, लेकिन बहुमत नहीं था, इसलिए चल नहीं पाई। 1998 में भी ऐसा ही हुआ। 1999 में जरूर वाजपेयी के नेतृत्व में गठबंधन सरकार बनी, जिसने 2004 तक सरकार चलाई और कार्यकाल पूरा करने वाली पहली गैर-कांग्रेसी पार्टी बनी। 2014 से नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी की सरकार है, जो भारत में अपने दम पर बहुमत से चल रही पहली गैर-कांग्रेस सरकार है।

आजाद हिंद फौज सरकार बनीः  आजाद हिंद फौज का विचार आने से लेकर इसके गठन तक कई स्तरों पर कई लोगों के बीच बातचीत हुई। जापान में रहने वाले रासबिहारी बोस ने इसकी अगुवाई की। जुलाई 1943 में सुभाषचंद्र बोस जर्मनी से जापान के नियंत्रण वाले सिंगापुर पहुंचे। वहीं से उन्होंने दिल्ली चलो का नारा दिया था। बोस ने ही जय हिंद का नारा भी दिया।

बोस ने आज ही के दिन यानी 21 अक्टूबर 1943 को सिंगापुर में अस्थायी भारत सरकार – आजाद हिंद सरकार बनाई थी। इसके राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और सेनाध्यक्ष तीनों सुभाषचंद्र बोस थे। इस सरकार को जर्मनी, जापान, फिलिपींस, कोरिया, चीन, इटली, आयरलैंड समेत 9 देशों ने मान्यता भी दी थी। फौज को आधुनिक युद्ध के लिए तैयार करने में जापान ने बड़ी मदद की। इम्फाल और कोहिमा के मोर्चे पर कई बार भारतीय ब्रिटिश सेना को आजाद हिंद फौज ने युद्ध में हराया, लेकिन हिरोशिमा और नागासाकी पर परमाणु हमलों के बाद जापान ने आत्मसमर्पण कर दिया और यहीं से आजाद हिंद फौज का पतन शुरू हुआ। सैनिकों पर लाल किले में मुकदमा चला, जिसने भारत में क्रांति का काम किया। आइए एक नजर डालते हैं देश और दुनिया में 21 अक्टूबर को घटित हुईं घटनाओं पर-

1296: अलाउद्दीन खिलजी ने दिल्ली की गद्दी संभाली थी।
1555: इंग्लैंड के संसद ने फिलिप को स्पेन के राजा मानने से इनकार किया।
1577: गुरू रामदास ने अमृतसर नगर की स्थापना की।
1727: रूस और चीन ने सीमाओं को सही करने के लिए समझौते किये।
1797 : अमेरिकी नौसेना के लिए बनाए गए पहले मालवाहक जहाजों में से एक द कंस्टीच्यूशंस का बोस्टन में जलावतरण किया गया।
1805 : स्पेन के तट पर ट्राफलगर की लड़ाई में फ्रांस और स्पेन की 33 पोत के बेड़े वाली संयुक्त नौसेना को ब्रिटेन की 27 पोत के बेड़े वाली नौसेना ने पराजित किया।
1833 : स्वीडन के स्टॉकहोम में अल्फ्रेड नोबेल का जन्म हुआ जिन्हें डायनामाइट के खोजकर्ता के तौर पर जाना जाता है। उनके नाम पर कुल 355 पेटेंट हैं। नोबेल पुरस्कार के नाम से दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान स्थापित करने का श्रेय उन्हें जाता है।
1934 : जयप्रकाश नारायण ने कांग्रेस सोशलिस्ट पार्टी की स्थापना की।
1943 : नेताजी सुभाष चन्द्र बोस ने स्वतंत्र भारत की प्रांतीय सरकार बनाई।
1950 : चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी तिब्बत में दाखिल हुई और कुनलुन तथा हिमालय की विशाल पर्वत श्रृंखलाओं के बीच 16000 फुट की ऊंचाई पर स्थित इस आध्यात्मिक और शांतिप्रिय देश पर कब्जा कर लिया।
1951: भारतीय जनसंघ की स्थापना हुई।
1954 : भारत और फ्रांस ने पुडुचेरी, कराइकल, और माहे को भारतीय गणतंत्र में शामिल करने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किया। यह समझौता 1 नवम्बर से लागू हुआ।
1970: नारमन इ बारलॉग को नोबेल का शांति पुरस्कार दिया गया।
1990: दूरदर्शन ने दोपहर की हिंदी तथा अंग्रेजी समाचार ब्लूटेन सेवाएं आरंभ कीं।
1999: फिल्म निर्माता बी.आर चोपड़ा को 1999 में दादासाहेब फाल्के पुरस्कार।
2001: दुनियाभर में खौफ का कारण बने एंथ्रैक्स ने अमेरिका में तीसरे व्यक्ति को अपना शिकार बनाया। डाक घर के एक कर्मचारी में इस जानलेवा बीमारी का संक्रमण पाया गया।
2003: चीन और पाकिस्तान का नौसैनिक अभ्यास प्रारम्भ। चीन ने 4-बी कैरियर राकेट से दो उपग्रहों का प्रक्षेपण किया।
2005: सामूहिक दुष्कर्म की शिकार पाकिस्तान की मुख्तारन माई को वूमेन ऑफ द ईयर चुना गया।
2012: सायना नेहवाल ने डेनमार्क ओपन सुपर सीरीज ख़िताब अपने नाम कर लिया।
2013: कनाडा की संसद ने मलाला युसुफजई को कनाडा की नागरिकता प्रदान की।
2014: प्रसिद्ध पैरालम्पिक रनर ऑस्कर पिस्टोरियोस को प्रेमिका रीवा स्टीनकेंप की हत्या के लिए पांच साल की सजा।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here