दिल्लीः आज देश के 15वें राष्ट्रपति का इंतजार खत्म हो जाएगा। आज सुबह 11 बजे वोटों की गिनती शुरू होगी और आज ही नतीजा आ जाएगा। आपको बता दें कि राष्ट्रपति पद के लिए 18 जुलाई को वोटिंग हुई थी।

कहने को तो एनडीए (NDA)  उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू और विपक्ष के प्रत्याशी यशवंत सिन्हा के बीच सीधा मुकाबला है, लेकिन द्रौपदी मुर्मु की जीत लगभग तय है। इसी के चलते बीजेपी ने देश के 1.30 लाख आदिवासी गांवों में जश्न की तैयारी कर ली है।

मुर्मू की जीत को लेकर आश्वस्त बीजेपी नतीजे आने के बाद दिल्ली में विजय जुलूस निकालेगी। ऐसा पहली बार होगा, जब राष्ट्रपति की जीत के बाद जुलूस निकाला जाएगा। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्‌डा राजपथ तक इस जुलूस की अगुआई करेंगे। वहीं भाषण देंगे। इस दौरान वह  पहली बार आदिवासी महिला के राष्ट्रपति चुने जाने का श्रेय प्रधानमंज्ञी नरेंद्र मोदी को देंगे। हालांकि, जुलूस में मुर्मू शामिल नहीं होंगी।
द्रौपदी मुर्मू की जीत की घोषणा होते ही देशभर में जश्न शुरू हो जाएगा। बीजेपी द्रौपदी की जीत से आदिवासी समुदाय सहित पूरे देश और खासतौर पर महिलाएं में खास संदेश देना चाहती है। जिससे मुख्य धारा से कटे इस समुदाय में राजनीतिक मैसेज जाए कि प्रधानमंत्री मोदी और बीजेपी ही ऐसी पार्टी है जो सत्ता के लिए नहीं बल्कि देश के वंचित तबकों और वर्गों के लिए काम करते हैं।

यही वजह है कि पार्टी कार्यकर्ताओं को जीत के बाद पोस्टर में द्रौपदी मुर्मू के साथ किसी और नेता की तस्वीर न लगाने के सख्त निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि पार्टी राष्ट्रपति चुनाव से ही 2024 में होने वाले आम चुनाव की तैयारी में जुट गई है।
आपको बता दें कि बीजेपी ने 21 जून को मुर्मू को उम्मीदवार बनाया था, तब NDA के खाते में 5 लाख 63 हजार 825, यानी 52 फीसदी वोट थे। 24 विपक्षी दलों के साथ होने पर सिन्हा के साथ 4 लाख 80 हजार 748 यानी 44 प्रतिशत वोट माने जा रहे थे। बीते 27 दिन में कई गैर NDA दल समर्थन में आने से मुर्मू को निर्णायक बढ़त मिल गई। सभी 10 लाख 86 हजार 431 वोट पड़ते हैं तो मुर्मू को 6.67 लाख (61 फीसदी) से अधिक वोट मिलेंगे। वहीं, सिन्हा के वोट घटकर 4.19 लाख रह गए। जीत के लिए 5 लाख 40 हजार 065 वोट चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here