चंडीगढ़ः पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान दूसरी शादी करने जा रहे हैं। वह गुरुवार को डॉक्टर गुरप्रीत कौर के साथ परिणय सूत्र में बंधेंगे। शादी की रस्में चंडीगढ़ स्थित सीएम हाउस में होंगी। आपको बता दें कि 48 वर्षीय भगवंत मान का 2015 में पहली पत्नी इंद्रप्रीत कौर से तलाक हो गया था, जिसके बाद पत्नी बच्चों को लेकर अमेरिका चली गई।

भगवंत मान के पहली पत्नी से 2 बच्चे हैं। वे मां के साथ अमेरिका में ही हैं। वे मान के मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण समारोह में आए थे।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक मान के लिए डॉ. गुरप्रीत कौर को परिवार ने चुना है। डॉ. गुरप्रीत कौर की मान की बहन मनप्रीत कौर से पहले से परिचित हैं। उनका परिवार में पहले से आना-जाना था। मान की बहन मनप्रीत और गुरप्रीत कई बार इकट्‌ठे शॉपिंग भी करते रहे हैं। मान की मां हरपाल कौर और बहन मनप्रीत कौर ने ही यह रिश्ता तय किया। वहीं, परिवार के कहने पर भगवंत मान ने शादी के लिए सहमति दी।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक भगवंत मान किसी साधारण घर की लड़की से विवाह कर रहे हैं,  जिन्हें उनकी मां और बेटी भी बहुत अच्छे ढंग से जानती हैं। सांसद राघव चड्‌ढा अरेंजमेंट की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इसमें पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी परिवार समेत शामिल होंगे।

आपको बता दें कि भगवंत मान पंजाब के सफल कॉमेडियन रहे हैं। उनकी इंद्रप्रीत कौर से शादी हुई थी। भगवंत मान 2012 में राजनीति में आए थे। वे मनप्रीत बादल की पंजाब पीपुल्स पार्टी से जुड़े। 2012 में उन्होंने लेहरागागा से चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए। हालांकि, 2014 में उन्होंने आम आदमी पार्टी ज्वॉइन कर ली और उन्हें संगरूर से टिकट मिला। उस समय उनकी पत्नी रहीं इंद्रप्रीत कौर ने भी प्रचार किया। हालांकि, सांसद बनने के बाद मान के पत्नी के साथ रिश्ते बिगड़ते चले गए। इस बारे में खुद मान ने भी जिक्र किया कि वे परिवार को वक्त नहीं दे पा रहे हैं।

भगवंत मान ने अपने तलाक के बारे में कहा था कि उन्हें परिवार या पंजाब में से किसी एक को चुनना था। हालांकि, उन्होंने पंजाब को चुना। उन्होंने अपने बेटे दिलशान और बेटी सीरत की तारीफ भी की थी। मान ने अपनी पहली पत्नी की भी तारीफ की थी कि उसने बहुत अच्छे ढंग से बच्चों को बड़ा किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here