चंडीगढ़ः हिजाब को लेकर मचे बवाल के बीच हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने इसको लेकर कांग्रेस पर तंज कसा है और कहा है कि कांग्रेस ने विभाजनकारी नीतियों के बीज बोए, जिससे देश का बंटवारा हुआ और आज यह कभी आतंकवाद के रूप में तो कभी हिजाब के रूप में देश के सामने आ रहा है।

विज ने शनिवार को संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदू-मुसलमान के नाम पर कांग्रेस ने देश का बंटवारा किया है। उन्होंने कांग्रेस द्वारा बोए गए विभाजनकारी बीज के कारण ही देश आज भी चैन से नहीं रहता, ‘कभी आतंकवादी के रूप में, कभी हिजाब के रूप में’।

उन्होंने कांग्रेस पर जाति के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस ने हमेशा देश में विभाजनकारी नीतियां चलाई हैं और इसके अलावा कांग्रेस कुछ और नहीं सोच सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की इस सोच के कारण भारत का विभाजन हुआ।

विज ने कहा कि कांग्रेस खुद को सेक्युलर कहती है, लेकिन कांग्रेस ने ही हिंदू-मुसलमान के नाम पर देश का बंटवारा कराया। इस बीच हाल ही में बीजेपी में शामिल हुए ग्रेट खली (दलीप सिंह) ने अनिल विज से उनके आवास पर मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान खली ने कहा कि मेरी लाइन की शुरुआत विज से होती है और मैं उनके काम करने के तरीके से प्रभावित हूं।

वहीं विज ने कहा कि खली उनके पुराने दोस्त हैं और अब वह बीजेपी में शामिल हो गए हैं जिससे पार्टी को ताकत मिलेगी। खली लोगों के बीच पहचाने जाते हैं और लोग खली की बात सुनते और मानते हैं।

उन्होंने कहा कि कहा कि खली ने खेल जगत में कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं और दुनियाभर में भारत का नाम रोशन किया है, इसी तरह वह भाजपा को भी उतनी ही ऊंचाई पर ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा में खेलों को आगे ले जाने के लिए ग्रेट खली से बातचीत चल रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here