दिल्लीः अफवाहों पर ध्यान न दें। यह बीमारी बहरूपिए की तरह है। यदि जिंदगी बचानी है, लोगों को बचाना है। देश को बचाना है, तो वैक्सीन जरूर लगवाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह बातें मन की बात कार्यक्रम के दौरान कही। पीएम मोदी ने आकाशवाणी तथा दूरदर्शन के माध्यम से मन की बात की। मोदी सरकार 2.0 का यह 25वां और ओवरऑल 78वां एपिसोड है।

इस कार्यक्रम के दौरान मोदी ने मध्यप्रदेश के बैतूल के एक गांव के लोगों से बात की। गांव के लोगों ने पीएम को बताया कि हमारे यहां वैक्सीन को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इससे मौत हो रही है।

गांव के लोगों की इस बात का जवाब देते हुए पीएम ने कहा कि वैक्सीन पर भ्रम नहीं फैलने देना है। मैंने वैक्सीन के दोनों डोज लगवा लिए हैं। मेरी मां ने 100 साल की उम्र में वैक्सीन के दोनों डोज लगवाए हैं। आपके गांव में जो भ्रम फैलाया गया है, उसमें जरा भी सच्चाई नहीं है। हमारे देश के 20 करोड़ से ज्यादा लोगों ने वैक्सीन ली है। ऐसा कुछ भी नहीं है। आप भी वैक्सीन लगवाइए तथा दूसरों को भी वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित करिए।

पीएम ने बैतूल के निवासी किशोरी लाल से मोदी ने पूछा कि आपने भी वैक्सीन पर फैलाए जा रहे भ्रम के बारे में सुना है क्या? किशोरी लाल ने जावब दिया कि रिश्तेदार बताते हैं कि वैक्सीन लगाने के बाद लोग बीमार हो जाते हैं। लोगों की मौत हो जाती है। इस पर मोदी ने कहा कि इन अफवाहों पर ध्यान नहीं देना। हमें जिंदगी बचानी है, लोगों को बचाना है, देश को बचाना है। यह बीमारी बहरूपिए की तरह है। यह रंग रूप बदलकर हमला करती है।

मोदी ने कहा कि वैक्सीन हमारा हथियार है। इसे जरूर लगवाना है। हमारे वैज्ञानिकों ने बड़ी मेहनत कर के वैक्सीन बनाई है। दिन-रात एक करके उन्होंने हमें कोरोना के खिलाफ हथियार दिया है। अफवाहों से बचकर रहें और अफवाह फैलाने वालों को भी बताएं कि ऐसा न करें। इस अभियान में माताओं-बहनों को ज्यादा से ज्यादा संख्या में जोड़ना चहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here