दिल्ली: केंद्र सरकार ने कानून मंत्री किरेन रिजिजू का विभाग बदल दिया है।रिजिजू की जगह अब अर्जुन राम मेघवाल लॉ मिनिस्टर होंगे। रिजिजू को अब अर्थ साइंस मंत्रालय दिया गया है। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी नोटिफिकेशन में बताया गया है कि मेघवाल को स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया है। मेघवाल के पास संसदीय मामलों के राज्य मंत्री का जिम्मा भी है।

आपको बता दें कि रिजिजू को रविशंकर प्रसाद की जगह जुलाई 2021 में कानून मंत्री नियुक्त किया गया था। 2019 में उन्हें खेल मंत्रालय का जिम्मा सौंपा गया था।

किरेन रिजिजू जजों पर टिप्पणियों को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। उन्होंने कॉलेजियम को लेकर भी कहा था कि देश में कोई किसी को चेतावनी नहीं दे सकता है। रिटायर्ड जजों पर भी बयान दिया था- कुछ रिटायर्ड जज एंटी इंडिया ग्रुप का हिस्सा बन गए हैं।

रिजिजू का विभाग बदले जाने को लेकर कांग्रेस की अलका लांबा ने कहा, “रिजिजू के जजों की नियुक्तियों और अदालतों पर टिप्पणियों से मोदी सरकार के लिए मुश्किलें खड़ी हो गई थीं। सरकार ने अपनी छवि बचाने के लिए अपने कानून मंत्री की बलि देकर अच्छा किया।” मदुरै से कांग्रेस सांसद मनिक्कम टैगोर ने कहा- वे बहुत अच्छे खेल मंत्री थे, लेकिन कानून मंत्री के रूप में फेल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here