दिल्लीः देश में वैश्विक महामारी कोरोना के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। चार मई की शाम से पांच मई की शाम तक देश में इस जानलेवा महामारी के रिकॉर्ड 3835 नये मामले दर्ज किये गये और इसके साथ ही देश में इससे संक्रमित होने वाले लोगों की संख्या 47 हजार के करीब पहुंच गई। वहीं इसके कारण देश में अब तक 1583 हुई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से पांच मई की शाम जारी किये गये आंकड़ों के अनुसार देश के विभिन्न राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों में कोविड-19 से अब तक 46711 मामलों की पुष्टि हुई है। वहीं 13161 लोग अब तक इससे ठीक हुए हैं और उन्हें विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी मिल चुकी है। देश में वर्तमान में कोरोना वायरस के 31967 सक्रिय मामले हैं।
कोविड-19 से देश में सबसे अधिक महाराष्ट्र प्रभावित हुआ है। महाराष्ट्र में इस जानलेवा विषाणु की चपेट में 14541 लोग आ चुके हैं। वहीं 583 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 2465 संक्रमित मरीज इससे ठीक हो चुके हैं।
देश का पश्चिमी राज्य गुजरात कोरोना से संक्रमित होने के मामले में दूसरे स्थान पर है। गुजरात में संक्रमितों की संख्या 5804 हो गई है तथा 319 लोगों की मृत्यु हुई है। राज्य में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या भी बढ़कर 1195 हो गई है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की भी कोरोना के कारण स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। यहां पर 4898 लोग इस महामारी से संक्रमित हुए हैं तथा 64 लोगों की मृत्यु हुई है। वहीं अब तक कुल 1431 मरीजों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।