दिल्लीः देश में कोरोना वायरस का प्रकोप एक बार फिर बढ़ने लगा है। देश के विभिन्न हिस्सों में पिछले 24 घंटे में इस जानलेवा विषाणु के  10 हजार 112 नए मामले सामने आए हैं और 29 लोगों ने इसके कारण जान गंवाई है। इस दौरान 9 हजार 833 लोग ठीक हुए हैं। मौजूदा समय में देश में कोविड-19 के 67 हजार 806 एक्टिव केस है। इससे पहले शुक्रवार को 12 हजार 193 नए मामले दर्ज किए गए थे, जबकि 42 लोगों की मौत हुई थी। वहीं, 10 हजार से ज्यादा लोग कोरोना से रिकवर भी हुए थे।

देश में कोरोना वायरस कितनी तेजी से फैल रहा है, इसका अंदाजा आप इसी के लगा सकते हैं कि अप्रैल के 22 दिनों में 1.69 लाख नए केस मिले हैं। मार्च के 31 दिनों में सिर्फ 31,902 केस सामने आए थे। उसके मुकाबले अप्रैल में 5.3 गुना ज्यादा केस मिले हैं। अभी अप्रैल के 8 दिन बाकी हैं, ऐसे में नए केस का आंकड़ा काफी ज्यादा होने की उम्मीद है।

अप्रैल की शुरुआत में 2-3 हजार डेली आ रहे थे। यह आंकड़ा रोजाना एक हजार बढ़ता गया और 12 अप्रैल को 10,158 केस मिले। 13 अप्रैल को 11,109 केस मिले, 14 अप्रैल को 10,753 केस मिले, 15 अप्रैल को 10,093 केस मिले थे।

16 और 15 अप्रैल को केस 10 हजार से कम हुए। 16 अप्रैल को 9,111 और 17 अप्रैल को 7,633 केस सामने आए। इसके बाद केस फिर बढ़ने लगे। 18 अप्रैल को 10,542 केस, 19 अप्रैल को 12,591 केस मिले। 20 अप्रैल को 11,692 केस दर्ज किए गए और 21 अप्रैल को 12,193 केस मिले।

कोविड-19 हालांकि देशभर में फैल रहा है, लेकिन पांच राज्यों में इसकी रफ्तार काफी तेज है। पिछले 24 घंटे में 10,112 नए कोरोना मरीज मिले। इनमें से 6,383 केस सिर्फ 5 राज्यों में मिले। ये कुल आंकड़ों का 63% से ज्यादा है। ये राज्य हैं केरल, दिल्ली, हरियाणा, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश।

केरल में पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण 2,309 नए केस मिले, 3005 लोग ठीक हुए, जबकि 8 लोगों की मौत हो गई। फिलहाल यहां 17,439 एक्टिव केस हैं। वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 1,515 नए केस आए, 6 लोगों की मौत हुई। वहीं 1,734 लोग कोरोना से रिकवर हुए हैं। यहां पॉजिटिविटी रेट 26.46% है। यहां 6,271 लोगों का इलाज चल रहा है।

हरियाणा में बीते दिन 937 नए केस सामने आए और 756 लोग ठीक हुए। फिलहाल राज्य में 5,672 एक्टिव केस हैं। यहां पॉजिटिविटी रेट 9.76% है।  वहीं महाराष्ट्र में 850 नए केस मिले, 5 लोगों की मौत हुई जबकि 648 लोग ठीक हुए। फिलहाल राज्य में 6,167 एक्टिव केस हैं। यहां पॉजिटिविटी रेट 5.18% है, जबकि उत्तर प्रदेश में 772 नए केस आए हैं, 2 लोगों की मौत हुई है। वहीं, 538 लोग कोरोना से ठीक हो गए हैं। यहां एक्टिव केस 4,923 हो गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here