दिल्ली डेस्क: राजा भैया…नाम ही काफी है। उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ की कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह ऊर्फ राजा भैया किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। बात चाहे राजनीति की हो गया असल जिंदगी की राजा भैया की हर जगह तूती बोलती है। मौजूदा समय में वह अपनी एक पारिवारिक वजह की वजह से सुर्खियों में हैं। बताया जा रहा है कि राजा भैया अपनी पत्नी भानवी सिंह से अलग हो रहे हैं। आपको बता दें कि दोनों की शादी 1995 में हुई थी और अब 28 साल पुराने इस रिश्ते का फैसला साकेत कोर्ट के पारिवारिक न्यायालय में होगा। भदरी रियासत के राजा रघुराज प्रताप सिंह की शादी जिन भानवी से हुई है, वह भी बस्ती के राजघराने से संबंध रखती हैं। राजनीति में नहीं तो कारोबार में उनकी अच्छी-खासी उपस्थिति है। तो चलिए आपको बताते हैं कि है कौन है भानवी सिंह…

राजा भैया द्वारा दायर तलाक की अर्जी पर सुनवाई करते हुए साकेत फैमिली कोर्ट ने जज ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 23 अप्रैल की तारीख तय की है। दरअसल मामले में पेश हुईं राजा भैया की पत्नी ने अपना जवाब दाखिल करने के लिए अदालत से कुछ समय मांगा। इस पर फैमिली कोर्ट के जज ने उन्हें समय देते हुए मामले की अगली सुनवाई 23 अप्रैल को सुनिश्चित की है।

भानवी सिंह बस्ती राजघराने के कुंवर रवि प्रताप सिंह की तीसरी बेटी हैं। बस्ती और लखनऊ में उन्होंने पढ़ाई की है। 10 जुलाई 1974 को बस्ती में ही उनका जन्म हुआ था। साल 1995 में भदरी रियासत के राजा उदय प्रताप सिंह के बेटे रघुराज प्रताप सिंह से उनकी शादी हुई थी। दोनों के चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे शिवराज प्रताप सिंह, बृजराज प्रताप सिंह और दो बेटियां राघवी और बृजेश्वरी सिंह हैं।

राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह कारोबार करती हैं। कहा जाता है कि उनके पास राजा भैया से ज्यादा संपत्ति है। साल 2017 के चुनाव में रघुराज प्रताप सिंह ने अपने हलफनामे में कुल 14 करोड़ की संपत्ति का ऐलान किया था। इसमें से 7.2 करोड़ की संपत्ति उनकी पत्नी के नाम थी, जबकि 6 करोड़ की संपत्ति राजा भैया के नाम थी।

राजा भैया और भानवी सिंह की शादी में तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव भी शामिल हुए थे। इस दौरान एक ऐसा वाकया हुआ, जिससे हड़कंप मच गया। दरअसल, शादी में शामिल होने आए मुलायम सिंह पर किसी ने रंग फेंक दिया था। इससे उनके सिक्योरिटी गार्ड्स में अफरा-तफरी मच गई। बाद में बताया गया कि यह रस्म अदायगी थी और मुलायम सिंह को समधी मानते हुए यह रंग भानवी की मां मंजुला सिंह ने उन पर फेंका था

भानवी सिंह आभूषणों और हथियारों की भी शौकीन हैं। उनके पास साढ़े 4 किलो सोना, 10 किलो चांदी और 21 सोने के सिक्के हैं। वहीं उनके पास कई सारे हथियार भी हैं। उनके पास 90 हजार की एक पिस्टल, एक रायफल और बंदूक भी है।

राजा भैया के चचेरे भाई अक्षय प्रताप सिंह हैं। भानवी सिंह ने उन पर जालसाजी का के दर्ज करा हड़कंप मचा दिया था। उन्होंने अक्षय प्रताप सिंह पर आरोप लगाया था कि उन्होंने उनसे जुड़ी कंपनियों के शेयर उनके जाली हस्ताक्षर से बेची हैं। इस मामले के सामने आने के बाद जब राजा भैया से पूछा गया कि वह किसका साथ देंगे तो उन्होंने साफतौर पर कह दिया था कि वह अपने भाई यानी कि अक्षय प्रताप सिंह के साथ हैं। तभी से यह कयास लगने लगे थे कि पति-पत्नी के बीच सब ठीक नहीं है।

बताया जाता है कि राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह दो सालों से साथ नहीं रहते। दिल्ली की कोर्ट में राजा भैया ने पत्नी के खिलाफ मेट्रीमोनियल केस भी दाखिल किया है, जिसके मामले में सुनवाई चल रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here