लंदनः कांग्रेस राहुल गांधी इन दिनों ब्रिटेन के दौरे पर हैं। उन्होंने सोमवार को लंदन में हाउस ऑफ पार्लियामेंट के परिसर में ब्रिटिश सांसदों से बातचीत की और कहा कि भारतीय संसद में विपक्षी नेताओं के माइक्रोफोन बंद कर दिए जाते हैं। वहां विपक्ष का दमन हो रहा है।

आपको बता दें कि ब्रिटेन में अपोजीशन लेबर पार्टी के भारतीय मूल के सांसद वीरेंद्र शर्मा ने पार्लियामेंट के ग्रैंड कमेटी रूम में राहुल गांधी के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में राहुल ने अपने भारत जोड़ो यात्रा के अनुभवों को भी शेयर किया।

कार्यक्रम में राहुल गांधी जिस माइक्रोफोन का इस्तेमाल कर रहे थे, वह खराब था। राहुल ने जानबूझकर इसी माइक में बोलना शुरू किया। उन्होंने कहा कि भारत में हमारे माइक खराब नहीं हैं, वे काम कर रहे हैं, लेकिन आप उन्हें चालू नहीं कर सकते। जब मैंने भारतीय संसद में अपनी बात रखने की कोशिश की है, तो ऐसा मेरे साथ कई बार हुआ है। राहुल ने कहा कि भारत में विपक्ष का दमन किया जा रहा है।

इस दौरान उन्होंने नोटबंदी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत में नोटबंदी एक विनाशकारी फाइनेंशियल डिसीजन था, लेकिन हमें इस पर चर्चा करने की इजाजत नहीं थी। यहां तक की हमें GST पर भी चर्चा नहीं करने दी जाती है। चीनी सैनिकों के भारतीय इलाके में प्रवेश करने के मामले में चर्चा करने की भी हमें अनुमति नहीं थी। ऐसे में हमें एक घुटन महसूस होती है।

कार्यक्रम में केरल के वायनाड से सांसद राहुल ने कहा कि भारत में लोकतंत्र एक वैश्विक सार्वजनिक अच्छाई है। भारत काफी बड़ा है, अगर भारत में लोकतंत्र को कमजोर किया जाता है, तो यह पूरी दुनिया में कमजोर हो जाता है। भारत का लोकतंत्र अमेरिका और यूरोप के आकार का तीन गुना है और अगर यह लोकतंत्र टूट जाता है, तो यह पूरे विश्व में लोकतंत्र के लिए एक बड़ा झटका होगा।

आपको बता दें कि राहुल गांधी इस समय सात दिवसीय दौरे पर ब्रिटेन में हैं। वे यहां पर विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं और बीजेपी तथा आरएसएस पर निशाना साध रहे हैं। वहीं बीजेपी केरल के वायनाड से सांसद राहुल गांधी पर विदेशी सरजमीं से भारत को बदनाम करने का आरोप लगा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here