दिल्लीः आज मंगलवार यानी 15 नवम्बर को दुनिया की आबादी आठ अरब हो गई, लेकिन क्या आपको पता है कि दुनिया का 8 अरबवां नागरिक कौन है? नहीं, तो चलिए आपको इसके बारे में जानकारी देते हैं। दुनिया का 8 अरबवां नागरिक एक बच्ची है जो फिलिपीन्स के मनीला स्थित टोंडो में पैदा हुई। डॉक्टर जोस फैबेला मेमोरियल हॉस्पिटल में स्थानीय समयानुसार 1.29 बजे पैदा हुई इस बच्ची का नाम है विनिस माबनसैग। विनिस के जन्म को फिलिपीन्स के जनसंख्या और विकास आयोग द्वारा जमकर सेलेब्रेट किया गया। आयोग ने बच्ची और उसकी मां की फोटो फेसबुक पर भी शेयर की है।

फिलिपीन्स के जनसंख्या एवं  विकास आयोग ने फेसबुक पोस्ट भी लिखा कि दुनिया की आबादी ने एक माइलस्टोन हासिल कर लिया है। मनीला के टोंडो में पैदा हुई बच्ची को सिंबोलिक तौर पर दुनिया का आठ अरबवां नागरिक माना गया है। इसमें आगे लिखा गया है कि बेबी विनिस का जन्म 15 नवंबर को हुआ। वह डॉक्टर जोस फेबेला मेमोरियल हॉस्पिटल में नर्सों की देखरेख में पैदा हुई। संयुक्त राष्ट्र संघ ने कहा कि दुनिया की आबादी 8 अरब पर पहुंच गई है। इसके मुताबिक जीवन प्रत्याशा में बढ़ोत्तरी और मौत के खतरों में कमी आने के बाद लोग अब लंबा जीवन जी रहे हैं।

संयुक्त राष्ट्र संघ ने कहा कि सिर्फ संख्या को देखने की जरूरत नहीं है। धरती को बेहतर बनाने की हमारी जिम्मेदारी और ज्यादा बढ़ गई है। यूनाइटेड नेशंस पॉपुलेशन फंड ने इसको लेकर ट्वीट किया। इस ट्वीट में लिखा 8 अरब उम्मीदें, 8 अरब सपने, 8 अरब संभावनाएं। हमारा प्लैनेट अब 8 अरब लोगों का घर है। वैश्विक आबादी में एक अरब लोगों को जुड़ने में 12 साल लग गए हैं। यूएन ने यह भी कहा है कि अगले साल भारत आबादी के मामले में चीन को पीछे छोड़ देगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here