संवाददाता
प्रखर प्रहरी
दिल्लीः कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज विेदेश नीति और आर्थिक मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। राहुल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की विदेश तथा आर्थिक नीतियों को बेहद कमजोर बताया। उन्होंने कहा कि इस सरकार के प्रति देश की जनता का विश्वास डगमगाया है। उन्होंने कहा कि इसी स्थिति को देखते हुए चीन को लगा कि यह अनुकूल समय है। उसने इसका फायदा उठाकर हमारी सीमाओं में घुसपैठ करने का दुस्साहस किया है।

राहुल ने आज एक वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने कहा कि किसी भी देश की रक्षा किसी एक बिंदु पर नहीं टिकी होती है, बल्कि यह कार्य कई शक्तियों का संगम होता है, जिसमें विदेश, आर्थिक नीति और जनता की सरकार के प्रति विश्वास जैसे तत्व शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पिछले छह साल के दौरान भारत इन सब बिंदुओं पर अस्तव्यस्त रहा है।

उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ हमारी रणनीतिक साझेदारी थी। रूस हमारा परंपरागत मित्र रहा है और दुनिया के साथ इन देशों ने भारत के सम्बन्ध बेहतर बनाने में मदद की लेकिन आज हमारे पास एक ऐसा भारत है जो आर्थिक रूप से बहुत मुश्किल में है। जहां तक ​​विदेश नीति का सवाल है तो आज अपने पड़ोसियों के साथ हमारे संबंध बहुत ठीक नहीं है। इससे पहले नेपाल, भूटान, श्रीलंका हमारे मित्र राष्ट्र थे। पाकिस्तान के अलावा सारे पड़ोसी भारत के साथ काम कर रहे थे और उन्होंने खुद को भारत के साथ भागीदार के रूप में देखा। लेकिन आज आज स्थिति इसके एकदम उलट है। हमारे संबंध पड़ोसियों के साथ खराब हुए हैं, इसीलिए श्रीलंका ने चीनियों को एक बंदरगाह दे दिया है। मालदीव परेशान है, भूटान परेशान है। हमने अपने विदेशी सहयोगियों और अपने पड़ोस से रिश्ते खराब कर लिए हैं और इसी स्थिति को देखते हुए चीन ने फैसला किया कि संभवतः यह सबसे अच्छा समय है और इसलिए उसने हमारे साथ सीमा पर ऐसी हरकत की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here