दिल्ली डेस्क
प्रखर प्रहरी
दिल्लीः वैश्विक महामारी कोरोना से महाराष्ट्र और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में स्थिति दिनोंदिन भयावह होती जा रही है। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान रिकार्ड 8139 नये मामले सामने आये हैं। राज्य में शनिवार की रात संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2.46 लाख के पार पहुंच गई। राहत की बात यह है कि राज्य में मरीजों की रिकवरी दर बढ़कर 55 फीसदी से अधिक हो गई है। वहीं दिल्ली में संक्रमितों की संख्या 110921 हो गई है। हालांकि राष्ट्रीय राजधानी में राहत की बात यह है कि यहां पर संक्रमितों की दैनिक संख्या में लगतार कमी आ रही है।

सूत्रों के अनुसार महाराष्ट्र में कोविड-19 संक्रमितों की कुल संख्या 2,46,600 है। वहीं राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान 223 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 10,116 हो गई है।इस दौरान राज्य में 4360 लोग रोगमुक्त हुए हैं। इसके महाराष्ट्र में इस महामारी से निजात पाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 1,36,985 हो गई है। राज्य में इस प्राण घातक विषाणु के बढ़ते मामलों के बीच राहत बात यह है कि राज्य में इससे मरीजों के ठीक होने की दर 55.54 फीसदी पहुंच गई है, जबकि मृत्यु दर महज 4.10 प्रतिशत है। सूत्रों के मुताबिक राज्य में कुल सक्रिय मामलों की संख्या 99203 है।

वहीं दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटों में कोरोना के 1781 नये मामले दर्ज किेये गये। इसके बाद दिल्ली में कोविड-19 संक्रमितों की संख्या 110921 हो गई। वहीं इस दौरान यहां पर 2998 मरीज इस महामारी से ठीक हुए हैं। इसके साथ यहां इस जानलेवा विषाणु को मात देने वाले की संख्या 87692 हो गई है। राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना के कारण पिछले 24 घंटों में 34 मरीजों की मौत हुई है और अब मृतकों की संख्या 3334 हो गई है। यहां इस समय कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 19895 है। दिल्ली में कुल कोरोना बेड्स 15,253 हैं जिसमें से 4502 पर मरीज हैं जबकि 10,751 खाली हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here