दिल्ली डेस्क

प्रखर प्रहरी

दिल्लीः भारत में कोरोना वायरस के दैनिक आंकड़ों में रोज वृद्धि हो रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों में इस संक्रमण के लगभग 10 हजार नये मामले दर्ज किये गये हैं। देश में अब इससे प्रभावित होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 286579 हो गई है। वहीं इस महामारी से अब तक करीब 8102 लोगों की मृत्यु हुई है। 

केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से 11 जून को जारी किये गये आंकड़ों के अनुसार देश में 24 घंटों के दौरान कोरोना के 9996 नये मामले दर्ज किये गये हैं और संक्रमितों की संख्या अब बढ़कर 286579 हो गयी है जबकि इस बीमारी से 357 लोगों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा 8102 पर पहुंच गया है। देश में इस समय कोरोना के 137448 सक्रिय मामले हैं, जबकि 141029 लोग इस महामारी से निजात पाने में कामयाब  हुए हैं।

महाराष्ट्र इस महामारी से देश में सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। राज्य में पिछले 24 घंटों में 3254 नये मामले दर्ज किये गये हैं और 149 लोगों की मौत हुई है। राज्य में इससे प्रभावित होने वाले लोगों की कुल संख्या अब बढ़कर 94041 तथा मरने वालों की संख्या बढ़कर 3438 हो गई है। वहीं 44517 लोग इस महामारी से ठीक हुए हैं। कोरोना से प्रभावित होने के मामले में तमिलनाडु दूसरे पायदान पर है। यहां संक्रमितों की संख्या 36841 पर पहुंच गई है तथा 326 लोगों की मृत्यु हुई है। वहीं 19333 लोगों को उपचार के बाद विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है।

कोरोना के कारण राष्ट्रीय राजधानी की लगातार बिगड़ती जा रही है। देश में यह  संक्रमितों की संख्या के मामले में तीसरे स्थान पर है। दिल्ली में 32810 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 984 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं 12245 मरीजों को उपचार के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है। देश का पश्चिमी राज्य गुजरात कोविड-19 से प्रभावित होने के मामले में चौथे स्थान पर है, लेकिन मृतकों की संख्या के मामले में राज्य महाराष्ट्र के बाद दूसरे स्थान पर है। गुजरात में अब तक 21521 लोग इससे संक्रमित हुए हैं तथा 1347 लोगों ने जान गंवाई है। इसके अलावा 14735 लोग इस बीमारी से उबरने में कामयाब हुए हैं। इसके अलावा यूपी और राजस्थान सहित देश के सभी राज्यों तथा केंद्र शासित राज्य में यह महामारी काफी तेजी से फैल रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here