Old compass on vintage map with rope closeup. Retro stale

दिल्लीः 14 फरवरी 2019 को जम्मू और कश्मीर के पुलवामा में आतंकवादियों ने सीआरपीएफ के काफिले में कार घुसा दिया था। विस्फोटकों से भरी आतंकवादियों की और सीआरपीएफ जवानों के वाहन में टक्कर होने की वजह से जोरदार विस्फोट हुआ था। निशाने पर था CRPF के 78 वाहनों का काफिला। विस्फोट में 40 जवान शहीद हो गए थे। इस पर पूरे देश में दुख और आक्रोश की लहर थी। ये आतंकी हमला आम चुनावों से ठीक पहले हुआ था और इस घटना को लेकर राजनीति भी गरमा गई थी।

दो सप्ताह बाद 26 फरवरी 2019 को भारतीय वायुसेना के मिराज-2000 विमानों ने रात के अंधेरे में नियंत्रण रेखा यानी LoC पार कर पाकिस्तान के पूर्वोत्तर इलाके खैबर पख्तूनख्वाह के बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के ट्रेनिंग कैम्पों पर सर्जिकल स्ट्राइक की थी। इसके बाद भारत के तत्कालीन विदेश सचिव विजय गोखले ने कहा कि इस स्ट्राइक में बड़ी संख्या में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी, उनको प्रशिक्षण देने वाले, संगठन के बड़े कमांडर और फिदायीन हमलों के लिए तैयार हो रहे जिहादियों को खत्म कर दिया गया। अगले दिन पाकिस्तान ने जवाबी कार्रवाई की कोशिश की। भारत ने दावा किया कि डॉग-फाइट में भारतीय वायुसेना के मिग-21 ने पाकिस्तानी वायुसेना के एफ-16 को मार गिराया। पाकिस्तान ने भी मिग-21 को मार गिराया और विंग कमांडर अभिनंदन को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, दबाव में दो दिन बाद उन्हें रिहा कर दिया गया।

बहरामपुर में सैनिक विद्रोहः ब्रिटिश सरकार ने दिसंबर-1856 में पुरानी बंदूकों के स्थान पर नई एनफील्ड राइफल का प्रयोग शुरू किया। इसके कारतूस पर लगे कागज को मुंह से काटना पड़ता था। बंगाल के बहरामपुर में ब्रिटिश सेना में तैनात भारतीय सैनिकों के बीच खबर फैली कि इस कारतूस में गाय और सूअर की चर्बी मिली हुई है। यह न हिंदुओं को रास आया और न ही मुस्लिम सैनिकों को। 26 फरवरी 1857 को इसके खिलाफ बहरामपुर में ही सैनिकों ने विद्रोह कर दिया।

मार्च 1857 में मंगल पांडे के नेतृत्व में कुछ सिपाहियों ने ब्रिटिश अफसरों पर हमला कर दिया। यह विद्रोह दबा दिया गया। मंगल पांडे को गिरफ्तार कर अप्रैल में फांसी पर चढ़ा दिया गया। इसके बाद धीरे-धीरे इस क्रांति ने मेरठ और उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में पैठ बनाई। ब्रिटिश सेनाओं ने औपचारिक रूप से 8 जुलाई 1859 को विद्रोह को कुचला और शांति स्थापित की। असर यह हुआ कि ईस्ट इंडिया कंपनी का राज खत्म हुआ और भारत ब्रिटिश सरकार के सीधे नियंत्रण में आ गया।

वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर 1993 में हमलाः अमेरिकी इतिहास के सबसे खतरनाक आतंकी हमले में 11 सितंबर 2001 को न्यूयॉर्क स्थित वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के ट्विन टॉवर ध्वस्त हो गए थे। यह तो सबको पता है और इसे 9/11 हमले के तौर पर सभी जानते हैं। पर इससे पहले भी वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हमला हुआ था। 26 फरवरी 1993 को आतंकियों ने वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के अंडरग्राउंड गैरेज में बम ब्लास्ट किए थे। इस हमले में 6 लोग मारे गए थे। एक हजार से ज्यादा लोग घायल हुए थे। इससे बिल्डिंग की नींव कमजोर हो गई थी, जिसकी बाद में मरम्मत की गई थी। आइए एक नजर डालते हैं देश और दुनिया में 26 फरवरी को घटित हुईं महत्वपूर्ण घटनाओं पर…

320 : चंद्रगुप्त प्रथम को पाटलिपुत्र का शासक बनाया गया।
1832 : पोलैंड के संविधान को हटाया गया।
1857 : पश्चिम बंगाल के बहरामपुर में अंग्रेजों के खिलाफ पहला सैन्य विद्रोह।
1858 : असम शाही परिवार को फिर से गद्दी दिलाने के प्रयासों के कारण दीवान मणिराम दत्ता और पियाली बरूआ काे फांसी दी गई।
1863 : अमेरिकी राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन ने अमेरिकी मुद्रा अधिनियम पर हस्ताक्षर किये।
1958 : पियाली बरूआ और दीवान मणिराम दत्ता को असम के शाही परिवार को फिर से गद्दी पर बिठाने के प्रयासों के कारण फांसी पर लटका दिया गया।
1965ः भारत में जन्मे उद्यमी स्पूनी सिंह सुंदर (1922-2006) ने अपने हॉलीवुड वैक्स म्यूजियम की शुरुआत की।
1966 : स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर का निधन।
1967 : सोवियत संघ ने पूर्वी कजाखस्तान में भूमिगत परमाणु परीक्षण किया।
1972 : राष्ट्रपति वी. वी. गिरि ने वर्धा के निकट अरवी में स्थित विक्रम अर्थ सेटेलाइट स्टेशन देश को समर्पित किया।
1975 : देश का पहला पतंग संग्रहालय ‘शंकर केन्द्र’ गुजरात के अहमदाबाद में स्थापित किया गया।
1976 : अमेरिका ने नेवादा परीक्षण स्थल पर परमाणु परीक्षण किया।
1991: तकरीबन सात महीने तक कुवैत पर कब्जे के बाद इराकी फौजों को अमेरिका और सहयोगी देशों की सेना ने कुवैत से खदेड़ बाहर किया। सद्दाम हुसैन ने इराकी रेडियो पर कुवैत से अपने सैनिकों की वापसी की घोषणा की।
1993 : न्यूयॉर्क के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर बम हमले में छह लोग मारे गए थे और 100 से ज्यादा घायल हो गए थे।
1994 : उत्तरी कोरिया अपने परमाणु संयंत्रों को अंतर्राष्ट्रीय निरीक्षण के लिए खोलने पर सहमत।
1995 : कॉपीराइट मुद्दे पर संयुक्त राष्ट्र अमेरिका एवं चीन के मध्य समझौता।
1999 : पांच ग्रैमी अवार्ड जीतकर रैप गायिका लॉरिन हिल ने नया रिकार्ड बनाया।
2001 : आतंकवादी संगठन तालिबान ने अफगानिस्तान के बामियान में भगवान बुद्ध की दो विशाल मूर्तियों को नष्ट कर दिया।
2003 : सेंट्रल लंदन में सभी तरह के वाहनों के प्रवेश पर कंजेशन चार्ज लगाने की योजना शुरू की गयी।
2004 : मैसेडोनिया के राष्ट्रपति बेरिस ट्रेज कोवस्की की विमान दुर्घटना में मृत्यु।
2007 : नेपाल सरकार ने नरेश की सम्पत्ति का राष्ट्रीयकरण करने की घोषणा की।
2008 : भारत ने परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम बैलिस्टिक मिसाइल का समुद्र के भीतर सफल परीक्षण किया।
2011: अल्जीरिया के राष्ट्रपति ने अरब देशों की बदलती राजनीतिक स्थिति के कारण देश में 19 साल पहले लगाए गए आपातकाल को आधिकारिक रूप से समाप्त किया।
2013 : ईरान के अधिकारियों ने अमेरिका, चीन, जर्मनी, फ्रांस, रूस और ब्रिटेन के प्रतिनिधियों के साथ अपने परमाणु कार्यक्रम पर चर्चा की।
2014 : ऐनी फ्रैंक से संबंधित 300 से अधिक पुस्तकों को इज़राइल के दूतावास ने टोक्यो पुस्तकालय को दान में दिया।
2014 : INS सिंधुरत्न पनडुब्बी में आग लगने से दो अधिकारियों की मौत। इस पर भारत के नेवी चीफ एडमिरल डीके जोशी ने अपना इस्तीफा दे दिया था।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here