Old compass on vintage map with rope closeup. Retro stale

दिल्लीः कोई आपसे कहे कि चांद की सतह पर गोल्फ खेला गया था, तो आप इस सुनकर शायद हैरान रह जाएंगे, लेकिन यह हकीकत में हुआ है। करीब 52 साल पहले आज ही के दिन इंसान ने चांद की धरती पर गोल्फ खेला था। नासा के मून मिशन अपोलो-14 के क्रू का हिस्सा रहे अंतरिक्ष यात्री एलन शेफर्ड ने आज ही के दिन 1971 में चांद पर गोल्फ खेला था। एलन शेफर्ड ने उस समय चांद की सतह पर दो गोल्फ की गेंदें हिट की थीं। इस घटना के 50 साल बाद 2021 में अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा (NASA) ने चांद पर खेली गई उन गोल्फ की गेंदों को खोज निकालने का दावा किया था।

रोचक है चांद पर गोल्फ खेलने की कहानीः दरअसल, नासा ने 31 जनवरी 1971 को अपना 8वां मून मिशन अपोलो-14 लॉन्च किया था। अपोलो-14 लॉन्चिंग के करीब एक हफ्ते बाद 06 फरवरी 1971 को चंद्रमा पर लैंड हुआ था। इस मून मिशन पर तीन लोग एलन शेफर्ड, स्टुअर्ट रूसा और एडगर मिशेल गए थे, जिन्होंने चांद की सैर की थी।

इन तीनों में से एलन शेफर्ड गोल्फर थे और वह गोल्फ स्टिक और गोल्फ बॉल को अपने स्पेस सूट में छिपाकर ले गए थे। चांद पर लैंडिंग के बाद अपना काम खत्म करके एलन शेफर्ड ने वहां गोल्फ खेलते हुए दो गेंदों को हिट किया था। इसके साथ ही वह चांद की धरती पर गोल्फ खेलने वाले पहले इंसान बन गए।

अपोलो-14 मिशन 9 दिन 2 मिनट का था। इस मिशन के दौरान शेफर्ड और एडगर ने चांद पर 9 घंटे 24 मिनट का समय बिताया था, जो चांद पर सबसे ज्यादा समय बिताने का रिकॉर्ड है। इस मिशन के दौरान अंतरिक्षयात्री अपने साथ 42 किलो मिट्टी और 450 करोड़ साल पुराना क्रिस्टेलाइन रॉक का नमूना भी लेकर आए थे, जो एकदम सफेद रंग का था।

अमेरिका स्पेस एजेंसी नासा ने चांद पर गोल्फ खेले जाने की घटना के 50 साल बाद अपने ट्विटर हैंडल पर तस्वीरें शेयर करते हुए चांद पर खेली गई गेदों की लोकेशन बताई थी। इन गेंदों को अतंरिक्ष यात्री एलन शेफर्ड ने 1971 में चांद पर अपनी गोल्फ स्टिक से हिट किया था।

नासा ने इमेजिंग एक्सपर्ट एंडी सॉन्डर्स की मदद से चंद्रमा की सतह पर गेंद की सही लोकेशन का पता लगाया था। सॉन्डर्स ने गेंद की लोकेशन का पता अपोलो-14 की तस्वीरों से लगाया। नासा के वैज्ञानिक ये भी बताने में कामयाब रहे कि गेंद गोल्फ स्टिक से हिट किए जाने के बाद चांद की सतह पर कितनी दूर जाकर गिरी। नासा के मुताबिक, पहली गेंद 24 गज दूर जबकि दूसरी गेंद 40 गज दूर जाकर गिरी थी।

एलिजाबेथ-II बनीं थी ब्रिटेन की महारानीः आज ही के दिन एलिजाबेथ-II इंग्लैंड की महारानी बनी थीं। एलिजाबेथ ने 06 फरवरी 1952 को ब्रिटेन की गद्दी संभाली थी। उस वक्त वो महज 26 साल की थीं। 21 अप्रैल 1926 में एलिजाबेथ अलेक्जेंड्रा मेरी का जन्म हुआ था। 1936 में उनके पिता किंग जॉर्ज-VI गद्दी पर बैठे।

एलिजाबेथ 18 साल की उम्र में दूसरे विश्व युद्ध के दौरान सेना में ड्राइवर बनीं। 1947 में उन्होंने फिलिप माउंटबेटन से शादी की। 1952 में केन्या में उनके पिता का अचानक निधन हो गया, जिसके बाद एलिजाबेथ को ब्रिटेन की महारानी घोषित किया गया। 2 जून 1953 को उनका राजतिलक किया गया। 96 साल की उम्र में एलिजाबेथ द्वितीय का 08 सितंबर 2022 को निधन हो गया। अपने निधन के समय तक वह ब्रिटेन की महारानी रहीं। आइए एक नजर डालते हैं देश और दुनिया में 06 फरवरी को घटित हुईं महत्वपूर्ण घटनाओं पर…

1890: महान स्वतंत्रता सेनानी भारत रत्न ख़ान अब्दुल ग़फ़्फ़ार ख़ान का जन्म।
1911: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति रोनाल्ड रेगन का जन्म।
1918ः 30 साल से ज्यादा उम्र की महिलाओं को वोटिंग का अधिकार मिला।
1931ः भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के पिता मोतीलाल नेहरू का इलाहाबाद में निधन।
1952: एलिजाबेथ द्वितीय ने ग्रेट ब्रिटेन की राजगद्दी संभाली। उन्होंने वर्ष 2002 में ब्रिटिश के राज सिंहासन पर अपने 50 वर्ष पूरे करने का जश्न मनाया था।
1958: म्यूनिख में एक हवाई हादसे में 21 लोग मारे गए। इनमें मानचेस्टर युनाइटिड फुटबाल क्लब के सात खिलाड़ी भी थे।
1959: जस्टिस अन्ना चांडी केरल उच्च न्यायालय की पहली महिला न्यायाधीश नियुक्त हुईं।
1971: अपोलो 14 के जरिए चांद पर पहुंचे एलन शेपर्ड ने दो दिन तक चांद पर चहलकदमी के दौरान एक गोल्फ़ क्लब से गोल्फ बॉल को हिट किया और चांद पर गोल्फ़ खेलने वाले पहले व्यक्ति बन गए।
1983ः भारतीय क्रिकेटर एस. श्रीसंत का केरल के कोच्चि में जन्म। वे केरल के पहले रणजी खिलाड़ी हैं, जिन्होंने भारत के लिए टी-20 खेला।
1987: जस्टिस मैरी गॉडरन ऑस्ट्रेलिया की हाईकोर्ट में जज बनने वालीं पहली महिला बनीं।
1993: अमेरिका के टेनिस खिलाड़ी आर्थर ऐश की एड्स से जुड़े निमोनिया से निधन। वह ग्रैंड स्लैम जीतने वाले पहले अश्वेत खिलाड़ी थे।
1994: पाकिस्तान में सार्वजनिक फांसी पर प्रतिबंध लगा।
1999: कोलकाता में देश का पहला पेसमेकर बैंक खुला।
2001: इसराइल में दक्षिणपंथी लिकुद पार्टी के एरियल शेरॉन ने चुनाव में जीत हासिल की। शेरॉन एक निडर सैनिक और राजनीतिज्ञ माने जाते थे और साल 1982 के लेबनान हमले में उन्होंने रक्षामंत्री के तौर पर अहम भूमिका निभाई थी।
2007: अमेरिका के इमोरी यूनिवर्सिटी में दलाई लामा प्रोफेसर नियुक्त हुए।
2017: वीके शशिकला तमिलनाडु की तीसरी महिला मुख्यमंत्री बनीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here