Old compass on vintage map with rope closeup. Retro stale

दिल्लीः आज ही के दिन यानी 10 दिसंबर 1896  को डायनामाइट की खोज करने वाले वैज्ञानिक अल्फ्रेड नोबेल का निधन हुआ था। उनके निधन के पांच साल बाद 1901 में 10 दिसंबर को ही पहली बार नोबेल सम्मान दिए गए थे। दरअसल, अल्फ्रेड के भाई लुदविग की 1888 में मौत हुई। तब एक फ्रेंच अखबार ने अनजाने में छाप दिया कि अल्फ्रेड नोबेल का निधन हो गया। इसके साथ अखबार ने उनकी कड़ी आलोचना करते हुए उन्हें ‘Merchant Of Death’ यानी ‘मौत का सौदागर’ बताया।

इसी बात ने अल्फ्रेड को परेशान कर दिया और वे शांति के काम में लग गए। उन्होंने अपनी मौत के एक साल पहले वसीयत लिखी, जिसमें उन्होंने संपत्ति का सबसे बड़ा हिस्सा ट्रस्ट बनाने के लिए अलग कर दिया। उन्हीं के सम्मान में 1901 से हर साल 10 दिसंबर को नोबेल पुरस्कार दिया जाता है। तब से अब तक कई जानी-मानी हस्तियों के ये पुरस्कार मिल चुके हैं।

2014 में पाकिस्तान की मलाला यूसुफजई और भारत के कैलाश सत्यार्थी को भी नोबेल शांति पुरस्कार मिला था, लेकिन क्या आप जानते हैं कि तानाशाह एडोल्फ हिटलर को भी 1939 में इन पुरस्कारों के लिए नॉमिनेट किया गया था। उन्हें नॉमिनेट करने वाले ने मजाक के तौर पर ऐसा किया था। लेकिन, हिटलर के नॉमिनेशन के बाद विवाद बढ़ते ही ये नॉमिनेशन वापस ले लिया गया। वहीं, सोवियत तानाशाह स्टालिन को 1945 और 1948 में नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नॉमिनेट किया गया।

अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवसः इतिहास के पन्नों में 10 दिसंबर का दिन बेहद खास है, क्योंकि ये दिन अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस के रूप में मनाया जाता है। संयुक्त राष्ट्र ने 1950 में 10 दिसंबर के दिन को मानवाधिकार दिवस घोषित किया था, ताकि लोगों को उनके अधिकारों के बारे सही और सटीक जानकारी मिल सके। दरअसल, संविधान में हर इंसान के कुछ मौलिक अधिकार हैं, जिनकी जानकारी हर एक को नहीं होती, लिहाज़ा ये दिन लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए ही मनाया जाता है।

मानवाधिकार मतलब किसी भी इंसान को जिंदगी, आजादी, बराबरी और सम्मान का अधिकार। आज का दिन इसी को समर्पित है।मानवाधिकार दिवस मनाने की शुरूआत संयुक्त राष्ट्र ने की। ये घोषणा 1948 में की गई थी, लेकिन इसे मनाने के लिए महासभा ने सभी देशों को 1950 में आमंत्रित किया। जिसके बाद ये दिन मानवाधिकारों की रक्षा करने और उसे बढ़ावा देने के लिए तय कर दिया गया है।

भारत में इस काननू को लगी देर
भले ही संयुक्त राष्ट्र ने 1950 में सभी देशों को इस दिन को मनाने के लिए आमंत्रित किया हो लेकिन भारत में मानवाधिकार कानून को अमल में लाने के लिए एक लंबा वक्त लगा। हमारे देश में 28 सितंबर 1993 को मानवाधिकार कानून अमल में आया जिसके बाद  इसी दिशा में कदम आगे बढ़ाते हुए 12 अक्टूबर 1993 को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग का गठन किया गया।

मानवाधिकार आयोग राजनीतिक, आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्षेत्रों में भी काम करता है। जैसे मज़दूरी, HIV एड्स, हेल्थ, बाल विवाह, महिला अधिकार । ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को जागरूक किया जा सके।

कुंबले ने कपिल को पीछे छोड़ाः आज ही के दिन यानी 10 दिसंबर 2004 को अनिल कुंबले ने कपिल देव के टेस्ट में 434 विकेट के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा था। कुंबले में ढाका में बांग्लादेश के खिलाफ हुए टेस्ट के पहले ही दिन दो विकेट लेकर ये कारनामा किया। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में कुल 619 टेस्ट विकेट लिए। यह आज भी भारतीय रिकॉर्ड है। कुंबले से ज्यादा विकेट सिर्फ श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन (800) और ऑस्ट्रेलिया के शेन वॉर्न (708) ने लिए हैं। आइए एक नजर डालते हैं देश और दुनिया में 10 दिसंबर को घटित हुईं महत्वपूर्ण घटनाओं पर…

1868: दुनिया की पहली ट्रैफिक लाइट लंदन में लगाई गई। इसका इन्वेंशन जेपी नाइट ने किया था जो एक रेलवे सिग्नल इंजीनियर थे।
1878 : जामिया मिलिया इस्लामिया के संस्थापकों में से एक मोहम्मद अली जौहर का रामपुर में जन्म।
1878 : चक्रवर्ती राजगोपालाचारी का जन्म।
1896 : नोबेल पुरस्कार के संस्थापक अल् फ्रेड बर्नहार्ड नोबेल का निधन।
1898 : पेरिस संधि के बाद स्पेन-अमेरिका युद्ध समाप्त हुआ।
1902 : तस्मानिया में महिलाओं को मत देने का अधिकार मिला।
1903 : पियरे क्यूरी और मैरी क्यूरी को भौतिक विज्ञान के लिए नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
1947 : सोवियत संघ और चेकोस्लोवाकिया के बीच व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर।
1950 : इस तारीख को संयुक्त राष्ट द्वारा अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस घोषित किया गया।
1958: अमेरिका की पहली डोमेस्टिक जेट पैसेंजर फ्लाइट बोइंग 707 ने न्यूयॉर्क से मायामी तक उड़ान भरी। ढाई घंटे की उड़ान में 111 यात्री सवार थे।
1961 : सोवियत संघ और अल्बानिया के बीच राजनयिक संबंध समाप्त।
1963 : अफ्रीकी देश जंजीबार ने ब्रिटेन से स्वतंत्रता हासिल की।
1982: समुद्र से जुड़े कानून बताने वाली ट्रीटी पर दुनिया के 117 देशों ने साइन किए।
1992 : गुजरात में देश की पहली होवरक्राफ्ट सेवा की शुरूआत।
1994 : यासर अराफात, वित्जाक राबिन एवं शिमोन पेरेज संयुक्त रूप से नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित।
1998 : अमर्त्य सेन को स्काटहोम में अर्थशास्त्र के लिए 1998 का नोबेल पुरस्कार प्रदान किया गया।
1999 : अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आतंकवाद समाप्त करने के लिए संयुक्त राष्ट्र संघ समझौते के अनुसार आतंकवादी गतिविधियों के लिए धन उपलब्ध कराना आर्थिक अपराध घोषित।
2000 : पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ़ सपरिवार पाकिस्तान से दस साल के लिए निर्वासित।
2001 : दिग्गज अभिनेता अशोक कुमार का निधन।
2002 : अमेरिका की दूसरी सबसे बड़ी वायुसेवा कंपनी यूनाइटेड एयरलाइंस दिवालिया घोषित।
2003 : कोलंबो में राष्ट्रपति चंद्रिका कुमारतुंगा और प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंधे के बीच वार्ता विफल।
2004 : ढाका टेस्ट में कपिल देव को पीछे छोड़ते हुए अनिल कुम्बले टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले पहले भारतीय बने।
2005 : कज़ाकिस्तान में हुए राष्ट्रपति चुनाव में वर्तमान राष्ट्रपति नूर सुल्तान नजर बायेब पुन: राष्ट्रपति निर्वाचित।
2006 : चिली के पूर्व तानाशाह जनरल आगस्तों पिनाशे का सैंटियागो में निधन।
2007 : क्रिस्टीना फर्नांडीज डी किर्चनेर अर्जेंटीना की पहली महिला राष्ट्रपति बनीं।
2013 : मादक पदार्थ मारिजुआना के विकास, बिक्री तथा उपयोग को वैध बनाने वाला उरूगवे पहला देश बना।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here