Old compass on vintage map with rope closeup. Retro stale

दिल्लीः मशहूर वैज्ञानिक अल्फ्रेड नोबेल के नाम आज 355 पेटेंट हैं, लेकिन लोग उन्हें डाइनामाइट की वजह से ज्यादा जानते हैं। डाइनामाइट के आविष्कार के बाद कंस्ट्रक्शन इंडस्ट्री में इसका इतना ज्यादा इस्तेमाल होने लगा कि अल्फ्रेड ने 90 जगहों पर डाइनामाइट बनाने की फैक्ट्री खोली। 20 से ज्यादा देशों में ये फैक्ट्रियां थीं। वे लगातार फैक्ट्रियों में घूमते रहते थे। इस वजह से लोग उन्हें ‘यूरोप का सबसे अमीर आवारा’ कहते थे।

कहा जाता है कि डाइनामाइट का गलत इस्तेमाल होता देख अल्फ्रेड को अपने आविष्कार पर दुख हुआ। इसके बाद उन्होंने अपने वसीयत में मानवता को लाभ पहुंचाने वाले लोगों को अपनी संपत्ति में से पुरस्कार देने की इच्छा जताई। 27 नवंबर 1895 को अल्फ्रेड नोबेल ने अपनी आखिरी वसीयत लिखी थी। इसी वसीयत के आधार पर नोबेल पुरस्कारों की स्थापना हुई। 1901 में पहली बार नोबेल पुरस्कार दिए गए। अब तक 975 शख्सियत और संस्थानों को 609 नोबेल पुरस्कार दिए जा चुके हैं।

क्रिकेट ग्राउंड में दिल दहला देने वाली घटना: 27 नवंबर को दिन क्रिकेट के इतिहास में काला दिवस के तौर पर दर्ज है। दरअसल ऑस्ट्रेलिया का 25 साल का खिलाड़ी, जिसका 5 दिन बाद यानी 30 नवंबर को जन्मदिन था। इस खिलाड़ी का का नाम फिलिप ह्यूज था। करियर बेहद छोटा, लेकिन शानदार। 26 फरवरी 2009 को अपने पहले टेस्ट मैच से डेब्यू करने वाले फिलिप ने 26 टेस्ट, 25 वनडे और एक टी-20 मैच खेला। टेस्ट में उनके नाम 3 शतक और 1535 रन हैं। वनडे में 4 शतक और 826 रन हैं। अब आप सोच रहे होंगे कि हम अचानक से फिलिप की बात क्यों कर रहे हैं?

दरअसल घटना 25 नवंबर 2014 की है। सिडनी के ग्राउंड पर साउथ ऑस्ट्रेलिया और न्यू साउथ वेल्स के बीच मैच चल रहा था। क्रीज पर थे फिलिप और बॉलिंग कर रहे थे सीन एबॉट। एक तेज लेकिन शॉर्ट पिच गेंद सरसराती हुई आई, जो फिलिप के हैलमेट के पीछे सिर में जा लगी। इसके बाद फिलिप वहीं गिर पड़े। दो दिन कोमा में रहने के बाद 27 नवंबर 2014 को सेंट विंसेंट अस्पताल में उनकी मौत हो गई। वह ‘इंड्यूस्‍ड कोमा’ में चले गए थे।

इस घटना ने पूरे क्रिकेट जगत को शॉक कर दिया था। बताते हैं कि खुद बॉलर सीन एबॉट इस घटना के बाद गहरे सदमे में थे। ह्यूज की मौत के बाद एबॉट भी हॉस्पिटल में थे और लगातार उनकी आंखों से आंसू आ रहे थे। इस घटना के बाद क्रिकेट जगत में बदलाव आया। बॉलर अपनी गेंदों से बल्लेबाजों को सीधा निशाना बनाने से बचने लगे।

बैटिंग हैलमेट को पहले से और मजबूत बनाया गया। उनमें सुधार किए गए। हैलमेट बनाने वाली कंपनियों ने हैलमेट में बदलाव किया। हैलमेट के बैक रिम के नीचे एक गार्ड जोड़ा गया। फिलिप की मौत के बाद सिडनी क्रिकेट ग्राउंड की सात नंबर पिच को भी रिटायर कर दिया गया।

वीपी सिंह का निधनः  27 नवंबर 2008 को भारत के 8वें प्रधानमंत्री रहे विश्वनाथ प्रताप सिंह का निधन हुआ था। 31 दिसंबर 1984 को वीपी सिंह राजीव गांधी सरकार में वित्तमंत्री थे। उन्होंने विदेशी बैंक में भारतीयों के जमा धन की जांच कराने के लिए फेयर फैक्स की मदद ली थी।

इसी बीच साल 1987 में स्वीडन ने बोफोर्स तोप सौदे में दलाली की खबर प्रकाशित की। इसमें उस समय के प्रधानमंत्री राजीव गांधी का नाम था। संसद में हंगामा हुआ। इस मुद्दे को खुद वीपी सिंह भी उठाने से पीछे नहीं हटे। नतीजा यह हुआ कि वीपी सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया।

इस घटना के बाद राजीव गांधी की सरकार भी ज्यादा नहीं चल सकी और गिर गई। 1989 के लोकसभा में बीजेपी और लेफ्ट की मदद से वीपी सिंह देश के प्रधानमंत्री बने। वीपी सिंह का जन्म 26 जून 1931 को यूपी के इलाहाबाद में हुआ था। 11 महीने तक वह भारत के प्रधानमंत्री रहे। 9 जून 1980 से 28 जून 1982 तक यूपी के मुख्यमंत्री रहे। आइए एक नजर डालते हैं देश और दुनिया में 27 नवंबर को घटित हुईं महत्वपूर्ण घटनाओं पर-

1001 : गजनी के सुल्तान महमूद के साथ हुई लड़ाई में जयपाल की हार।
1795 : एक बांग्ला नाटक का कलकत्ता के एजरा स्ट्रीट में स्टेज पर पहली बार सार्वजनिक मंचन किया गया।
1815 : पोलैंड साम्राज्य ने संविधान अपनाया।
1881: प्रसिद्ध इतिहासकार काशी प्रसाद जायसवाल का जन्म हुआ था।
1888: प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी और लोकसभा के प्रथम अध्यक्ष गणेश वासुदेव मावलंकर का जन्म हुआ था।
1895 : अल्फ्रेड नोबेल ने नोबेल पुरस्कार की स्थापना की।
1907 : प्रसिद्ध कवि और लेखक हरिवंश राय बच्चन का जन्म। आज की पीढ़ी उन्हें भले अमिताभ बच्चन के पिता के तौर पर जानती हो, लेकिन हिंदी साहित्य में उनका योगदान सदैव सराहा जाता रहेगा।
1912- अल्बानिया ने राष्ट्रीय ध्वज अपनाया।
1932 : पोलैंड और तत्कालीन सोवियत संघ ने अनाक्रमण समझौते पर हस्ताक्षर किया।
1940 : ब्रूस ली का जन्म। सान फ्रांसिस्को में जन्मे और हांगकांग में पले बढ़े ब्रूस को मार्शल आर्ट में महारत हासिल थी और उन्होंने 70 के दशक में मार्शल आर्ट पर आधारित बहुत सी फिल्मों में काम किया और इस कला का दुनियाभर में प्रसार किया।
1947: पेरिस में पुलिस ने कम्युनिस्ट समाचार-पत्र के कार्यालय पर कब्जा किया था।
1948 : राष्ट्रीय कैडेट कोर :एनसीसी: की स्थापना।
1966 : उरुग्वे ने संविधान अपनाया।
1975 : बीबीसी के कार्यक्रम प्रस्तुतकर्ता रोस मैक्वर्स्टर की गोली मारकर हत्या। उन्हें गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड के सह संस्थापक के तौर पर भी जाना जाता है।
1895 : स्वीडन के केमिस्ट, इंजीनियर और उद्योगपति अल्फ्रेड बर्नाड नोबेल ने अपनी वसीयत पर दस्तख्त किए, जिसके आधार पर नोबेल पुरस्कारों की स्थापना की गई और 1901 में पहली बार नोबेल पुरस्कार प्रदान किए गए। अल्फ्रेड नोबेल ने डायनामाइट और कई अन्य शक्तिशाली विस्फोटकों की खोज की थी।
1986 : भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना का जन्म।
2001 : हब्बल टेलीस्कोप ने सौर मंडल से बाहर ओसाइरस ग्रह पर हाइड्रोजन युक्त वायुमंडल की खोज की। सौरमंडल से बाहर ऐसे वायुमंडल वाला यह पहला ग्रह है।
1947: पेरिस में पुलिस ने कम्युनिस्ट समाचार-पत्र के कार्यालय पर कब्जा किया था।
2005 : फ्रांस में इजाबेल दिनोरे नामक महिला का दुनिया में पहली बार सफल आंशिक चेहरा प्रतिरोपण हुआ।
2008 : भारत के पूर्व प्रधानमंत्री विश्वनाथ प्रताप सिंह का निधन।
2011- प्रसिद्ध भारतीय शास्त्रीय संगीतकार सुल्तान खान का निधन।
2012 : यूरोजोन ने वित्तीय संकट से जूझ रहे यूनान को 43.7 अरब यूरो का ऋण देने की घोषणा की।
2013 : दुनिया में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली एनिमेशन फिल्म ‘फ्रोजन’ रिलीज हुई।
2014 : आस्ट्रेलियाई क्रिकेटर फिलिप ह्यूज की बाउंसर से घायल होने के कारण मौत।
2017 : उत्तर प्रदेश के उरई में पत्ते चरने और गमले तोड़ने के आरोप में चार दिन जेल में बंद रहने के बाद आठ गदहों को रिहा किया गया।
2019 : भारतीय नौसेना के पूर्व प्रमुख एडमिरल सुशील कुमार का निधन।
2019 : पृथ्वी की बेहद साफ तस्वीर लेने वाले भारत के कार्टोसैट-3 उपग्रह का सफल प्रक्षेपण।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here