Old compass on vintage map with rope closeup. Retro stale

दिल्लीः आज वॉल्ट डिज्नी को पहचान दिलाने वाले मिकी माउस का 94वां जन्मदिन है। हालांकि, यह डिज्नी का पहला कार्टून कैरेक्टर नहीं था। उन्होंने ओसवॉल्टः द लकी रैबिट बनाया था। 1927 में पहली बार डिज्नी ने एनिमेटेड फिल्मों की सीरीज पर काम शुरू किया। पहली फिल्म में ओसवॉल्ट ही कैरेक्टर था। बड़े कान वाले खरगोश को खूब पसंद किया गया। यूनिवर्सल पिक्चर्स ने तो इसके कानूनी अधिकार ही खरीद लिए थे। यूनिवर्सल पिक्चर्स ने साथ में काम करने का प्रस्ताव दिया, लेकिन पैसे कम थे इसलिए डिज्नी ने इनकार कर दिया। तब यूनिवर्सल ने डिज्नी ब्रदर्स स्टूडियो के एनिमेटर्स को अपनी कंपनी में काम दे दिया।

डिज्नी के पास अपना कोई कैरेक्टर नहीं था। एक दिन जब वॉल्ट डिज्नी अपनी डेस्क पर बैठे थे तो उन्हें एक चूहा नजर आया। उसकी उछलकूद उन्हें खूब मजेदार लगी और तब डिज्नी ने चूहे का पोर्ट्रेट बनाया। पेट मोटा कर दिया और कान छोटे। हाथों में ग्लव्स, पैरों में जूते और कपड़े भी पहना दिए। नाम रखा- मोर्टिमर। डिज्नी की पत्नी को यह नाम पसंद नहीं आया और उन्होंने उसका नाम रखा मिकी। डिज्नी को अब ओसवॉल्ट को टक्कर देने के लिए कार्टून कैरेक्टर मिल गया था।

डिज्नी ने 1928 में मिकी माउस के साथ शॉर्ट फिल्म ‘प्लेन क्रेजी’ और ‘द गैलोपिन गैचो’ बनाई। इस फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिला। इसी साल स्टीमबोट विली फिल्म आई, जिसमें सिंक्रोनाइज्ड म्यूजिक इफेक्ट डाला था। साल के अंत तक मिकी फेमस हो गया था। मिकी की लोकप्रियता बढ़ती देख 1929 में ‘द कार्निवल किड नाम’ की फिल्म बनाई। मिकी को पहली बार आवाज मिली। इसमें मिकी ने दो ही शब्द बोले थे- हॉट डॉग्स। यह आवाज भी डिज्नी ने ही मिकी को दी थी।

मिकी बोलने वाला पहला कार्टून बन गया था। इसकी सफलता के बाद वॉल्ट ने मिकी माउस क्लब और फैन क्लब फॉर चिल्ड्रन दो कंपनियां खोलीं। डिज्नी ने मिकी के साथ कई कैरेक्टर बनाए, जो मिकी के दोस्त के रूप में सामने आए। मिकी की गर्लफ्रेंड मिनी। फिर गूफी, प्लूटो और डोनाल्ड डक भी आए, जो लोकप्रिय हो गए।

1932 में ‘एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंस’ ने मिकी माउस के कैरेक्टर को अवॉर्ड दिया। 1935 में मिकी को डिज्नी के नए एनिमेटर फ्रेड मूर ने रंगीन बना दिया। नाक छोटी कर दी गई। पेट को गेंद बराबर गोल कर दिया और पीले रंग के जूते और सफेद ग्लव्स पहनाए। 1950 में मिकी माउस क्लब शुरू हुआ। फिर डिज्नी थीम पार्क आया। मिकी माउस पर कॉमिक्स बनी। ‘द मिकी माउस’ नाम से टीवी शो भी बना।

बंगाल टाइगर बना भारत का राष्ट्रीय पशुः आज ही के दिन 1972 में ‘इंडियन बोर्ड फॉर वाइल्डलाइफ’ ने रॉयल बंगाल टाइगर को भारत के राष्ट्रीय पशु के तौर पर स्वीकार किया। यह भारत में पाई जाने वाली बाघ की आठ प्रजातियों में से एक है। रॉयल बंगाल टाइगर अन्य बाघों के मुकाबले फुर्तीला और ताकतवर है। देश में बाघों की संख्या में कमी आने पर 1972 में प्रोजेक्ट टाइगर शुरू हुआ। असर भी दिखा और बाघों की संख्या बढ़ती गई।

इससे पहले 1948 में गुजरात नेचुरल हिस्ट्री सोसाइटी ने गिर में पाए जाने वाले एशियाटिक लॉयन को नेशनल एनिमल घोषित करने का प्रस्ताव दिया था। भारत में बाघ 16 राज्यों में मिलते हैं। 29 जुलाई को इंटरनेशनल टाइगर डे मनाया जाता है। आइए एक नजर डालते हैं देश और दुनिया में 18 नवम्बर को घटित हुईं महत्वपूर्ण घटनाओं पर-

1727 : महाराजा जय सिंह द्वितीय ने जयपुर शहर की स्थापना की। बंगाल के विद्यासागर चक्रवर्ती इस शहर के वास्तुकार थे।
1738: फ्रांस और ऑस्ट्रिया के बीच शांति समझौता हुआ।
1772 : पेशवा माधव राव प्रथम का निधन और उनके स्थान पर उनके छोटे भाई नारायण राव ने गद्दी संभाली।
1909 : अमेरिका ने निकारागुआ पर हमला किया।
1910: भारत के प्रसिद्ध क्रांतिकार बटुकेश्वर दत्त का जन्म
1918 : उत्तरपूर्वी यूरोपीय देश लातविया ने रूस से स्वतंत्रता की घोषणा की।
1948 : बिहार की राजधानी पटना के निकट स्टीमर ‘नारायणी’ के दुर्घटनाग्रस्त होने से पांच सौ लोग डूबे।
1951 : ब्रिटिश सेना ने मिस्र के इस्मालिया क्षेत्र पर कब्जा किया।
1956 : मोरक्को ने स्वतंत्रता हासिल की।
1959 : विमानवाहक पोत एचएमएस हर्मुज़ को ब्रिटिश रॉयल नेवी में शामिल किया गया, जिसे 1984 में सेवामुक्त करके भारत को बेच दिया गया।1987 में इसे आईएनएस विराट के रूप में भारतीय नौसेना में शामिल किया गया, जहां इसने 30 वर्ष तक अपनी सेवाएं दीं।
1963: अमेरिकी टेलीफोन कंपनी बेल सिस्टम्स ने बटन डायलिंग पैड वाला टेलीफोन बनाया।
1976: स्पेन की संसद ने 37 बरस की तानाशाही के बाद देश में लोकतंत्र की स्थापना के प्रस्ताव को मंजूरी दी।
1978 : दक्षिण अफ्रीका के गुयाना में एक धार्मिक समुदाय पीपुल्स टैंपल क्रिश्चियन चर्च के सदस्यों ने सामूहिक रूप से आत्महत्या कर ली। शीतल पेय में जहर डालकर पीने से 900 से ज्यादा लोगों की मौत। इनमें 276 बच्चे थे।
1994 : फ़लस्तीनियों के आत्मनिर्णय के अधिकार को संयुक्त राष्ट्र ने मान्यता प्रदान की।
2002 : संयुक्त राष्ट्र हथियार निरीक्षकों का पहला दल हैंस ब्लिक्स की अगुआई में बगदाद पहुँचा।
2003 : श्वार्जेनेगर ने कैलीफ़ोर्निया के गवर्नर पद की शपथ ली।
2005 : प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे श्रीलंका के नये राष्ट्रपति निर्वाचित। ईराक में हुए बम विस्फोट में 44 लोगों की मृत्यु।
2008 : केन्द्र सरकार ने वैश्विक आर्थिक मंदी से देश की अर्थव्यवस्था को बचाने के लिए आधारभूत ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं में 50,000 करोड़ रुपये देने का निर्णय किया।
2013 : अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने मंगल ग्रह पर अंतरिक्ष यान भेजा।
2017 : भारत की मानुषी छिल्लर ने मिस वर्ल्ड का खिताब जीता।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here