दिल्लीः राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से लाखों लोग आगामी 10 दिनों में दिवाली और छठ पर रेल से घर जाएंगे। इसके मद्देनजर रेलवे ने 15 लाख अतिरिक्त सीटों का बंदोबस्त किया है। साथ ही सोमवार से रेलवे स्टेशनों पर टेंट लगने शुरू हो गए हैं।

विशेष काउंटर- यात्रियों के लिए शुक्रवार तक विशेष काउंटर, शौचालय, बैठने की जगह, सुरक्षा आदि के पुख्ता बंदोबस्त हो जाएंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर रेलवे द्वारा कुल 70 विशेष रेलगाड़ियां चलाई गई हैं। ये रेलगाड़ियां दोनों तरफ से कुल 771 फेरे लगाएंगी, जिनमें लगभग 12 लाख लोग सफर कर सकेंगे। इनमें से पूर्व दिशा के राज्यों के लिए कुल 62 विशेष रेलगाड़ियां चलाई गई हैं। यह रेलगाड़ियां त्योहारों के दौरान कुल 659 फेरे लगाएंगी।

अतिरिक्त कोच- यात्रियों की सुविधा के लिए एक अक्टूबर से लेकर 15 नवंबर तक 49 रेलगाड़ियों में 153 अतिरिक्त कोच भी लगाए गए हैं। बढ़े हुए कोचों में लगभग 3.5 लाख यात्रियों के लिए सीट उपलब्ध होंगी। अधिकारियों ने बताया कि इस बार दिवाली एवं छठ को ध्यान में रखते हुए अभी से नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली एवं आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। यहां से बिहार एवं उत्तर प्रदेश के लिए अधिकांश रेलगाड़ियां चलती हैं। यहां पर बड़े टेंट लगाए गए हैं, जहां पर यात्रियों के ठहरने का बंदोबस्त रहेगा। यहां पर उनके टिकट लेने के लिए काउंटर लगाए जा रहे हैं।

त्योहारों में ज्यादा से ज्यादा लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए स्पेशल रेलगाड़ियां चलाई जा रही हैं। प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के बंदोबस्त किये जा रहे हैं। इसके साथ ही टिकट की दलाली कर रहे लोगों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here