Old compass on vintage map with rope closeup. Retro stale

दिल्लीः भारत में 1977 में मोरारजी देसाई की जनता पार्टी की सरकार थी और अटल बिहारी वाजपेयी विदेश मंत्री थे। 4 अक्टूबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा का 32वां सत्र होना था। भारत की ओर से वाजपेयी जी इस सत्र में शिरकत कर रहे थे। संयुक्त राष्ट्र महासभा में उनका पहला संबोधन था और उन्होंने फैसला लिया कि वे अपना संबोधन हिन्दी में देंगे। ये इतिहास में पहली बार होने जा रहा था कि संयुक्त राष्ट्र में कोई नेता हिन्दी में अपना भाषण देने वाला था।

हालांकि ऐसा नहीं था कि वाजपेयी जी को अंग्रेजी नहीं आती थी। वे धाराप्रवाह अंग्रेजी बोलते थे, लेकिन उन्होंने इस मौके का इस्तेमाल हिन्दी के प्रचार-प्रसार के लिए किया। पहली बार भारत की राजभाषा संयुक्त राष्ट्र के मंच से सुनाई दी।

संयुक्त राष्ट्र के मंच से उन्होंने परमाणु निरस्त्रीकरण, सरकार प्रायोजित आतंकवाद और विश्व संस्था में सुधार जैसे अहम मुद्दों पर प्रभावी तरीके से भारत का पक्ष रखा। वाजपेयी ने कहा, ‘‘वसुधैव कुटुम्बकम की परिकल्पना बहुत पुरानी है। भारत में सदा से हमारा इस धारणा में विश्वास रहा है कि सारा संसार एक परिवार है। भारत में हम सभी वसुधैव कुटुम्बकम की अवधारणा में विश्वास रखते हैं।”

करीब तीन मिनट का भाषण खत्म होने के बाद संयुक्त राष्ट्र में आए सभी देश के प्रतिनिधियों ने खड़े होकर वाजपेयी का तालियों से स्वागत किया।

सोवियत संघ ने स्पुतनिक 1 लॉन्च कियाः सोवियत संघ ने 4 अक्टूबर 1957 को दुनिया का पहला कृत्रिम उपग्रह अंतरिक्ष में स्थापित किया और इसका नाम स्पुतनिक-1 रखा। रूसी भाषा में यात्री को स्पुतनिक कहा जाता है। मानव इतिहास के पहले 83.5 किलोग्राम वजनी सैटेलाइट ने 92 दिन में 1400 बार पृथ्वी का चक्कर लगाया।

पहली बार अंतरिक्ष से पृथ्वी पर रेडियाे संदेश भेजा। सोवियत संघ तो नहीं बचा, कई देश अलग होकर आजाद हो चुके हैं। रूस आज भी स्पुतनिक को अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि मानता है। इसी वजह से कोविड-19 की वैक्सीन डेवलप की तो उसका नाम रखा स्पुतनिक-5 और इसे बिना फेज-3 ट्रायल्स के रूसी जनता के लिए उपलब्ध भी कर दिया।

इटली, पोलैंड, पुर्तगाल ने ग्रेगोरियन कैलेंडर अपनायाः इटली, पोलैंड, पुर्तगाल और स्पेन ने पोप ग्रेगरी के आदेश पर ग्रेगोरियन कैलेंडर अपनाया था। इसे इक्विनॉक्स और सॉलस्टाइसेस जैसी घटनाओं को एडजस्ट करने के लिए ही बनाया था। यह भी ध्यान रखा कि नॉदर्न हेमिस्फीयर के स्प्रिंग इक्विनॉक्स के आसपास ही ईस्टर को सेलिब्रेट किया जा सके। कई दिन छोड़ दिए थे। 4 अक्टूबर के बाद एकदम से 15 अक्टूबर आ गया था। आज ज्यादातर देशों में ग्रेगोरियन कैलेंडर ही मान्य है। आइए एक नजर डालते हैं देश और दुनिया में 04 अक्टूबर को घटित हुईं महत्वपूर्ण घटनाओं पर-

1302- बैजेंटाइन साम्राज्य तथा वेनिस गणराज्य के बीच शांति समझौता हुआ।
1824- मेक्सिको गणतंत्र देश बना।
1830- नीदरलैंड से अलग होकर बेल्जियम साम्राज्य बना।
1880- लॉस एंजिलिस में कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय की स्थापना की गयी।
1931- हिंदी और बांगला की विख्यात पार्श्व गायिका संध्या मुखोपाध्याय का जन्म हुआ।
1943- अमेरिका ने सोलोमन द्वीप पर कब्जा किया।
1956- ब्रिटेन ने आस्ट्रेलिया में परमाणु परीक्षण किया।
1957- सोवियत संघ ने मानव इतिहास का पहला 83.5 किलोग्राम वजनी उपग्रह ‘स्पूतनिक’ सफलतापूर्वक अंतरिक्ष में पहुंचाया।
1963- क्यूबा और हैती में चक्रवाती तूफान के कारण छह हजार लोग मारे गये।
1966- लेसोथो ने ब्रिटेन से अपनी स्वतंत्रता की घोषणा की।
1977- भारत के तत्कालीन विदेश मंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक को पहली बार हिंदी में संबोधित किया।
1984- टिम मैकार्टनी-स्नैप और ग्रेग मोर्टिमर माउंट एवरेस्ट फतह करने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई बने।
1985- अमेरिका के मैसाचुसेट्स में फ्री सॉफ्टवेयर फाउंडेशन की स्थापना की गयी।
1986- भारतीय हेलिकॉप्टर निगम की स्थापना हुई।
1996- पाकिस्तानी क्रिकेटर शाहिद अफरीदी ने श्रीलंका के खिलाफ वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में 37 गेंदों में शतक बनाकर इतिहास रचा। उनका यह रिकॉर्ड 19 साल तक कायम रहा, जिसे 18 जनवरी 2015 को दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी एबी डिविलियर्स ने केवल 31 गेंदों पर शतक लगाकर तोड़ा।
2006- जूलियन असांज ने खुफिया वेबसाइट विकिलीक्स की स्थापना की।
2011- अमेरिका ने इस्लामिक स्टेट (आईएस) प्रमुख अबू बकर अल बगदादी को वैश्विक आतंकवादी के रूप में चिह्नित किया और साथ ही उस पर एक करोड़ डाॅलर का इनाम भी रखा।
2012- जर्मनी के रेसिंग ड्राइवर माइकल शूमाकर ने संन्यास की घोषणा की।
2015- भारतीय फिल्म निर्देशक एवं निर्माता इदिदा नागेश्वर राव का निधन हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here