Old compass on vintage map with rope closeup. Retro stale

दिल्लीः आज 14 सितंबर यानी हिन्दी दिवस है। आज ही के दिन 1949 में हिन्दी को भारत की राजभाषा का दर्जा दिया गया था। दरअसल, साल 1947 में जब भारत आजाद हुआ तो आजाद भारत के सामने कई बड़ी समस्याएं थीं। जिसमें से एक समस्या भाषा को लेकर भी थी। भारत में सैकड़ों भाषाएं और बोलियां बोली जाती थीं। ऐसे में राजभाषा क्या होगी ये तय करना एक बड़ी चुनौती थी। हालांकि, हिन्दी भारत में सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा है। यही वजह है कि राष्‍ट्रपिता महात्‍मा गांधी ने हिंदी को जनमानस की भाषा कहा था।

संविधान सभा ने लंबी चर्चा के बाद 14 सितंबर को ये फैसला लिया कि हिन्दी ही भारत की राजभाषा होगी। संविधान के अनुच्छेद 343 (1) में इसका उल्लेख है। इसके अनुसार भारत की राजभाषा ‘हिन्दी’ और लिपि ‘देवनागरी’ है। साल 1953 से हिन्दी के प्रचार-प्रसार के लिए हर साल 14 सितंबर को हिन्दी दिवस मनाने की शुरुआत हुई।

हालांकि हिन्दी को आधिकारिक भाषा चुनने के बाद ही गैर-हिन्दी भाषी राज्यों का विरोध शुरू हो गया। सबसे ज्यादा विरोध दक्षिण भारत के राज्यों से हो रहा था। विरोध को देखते हुए संविधान लागू होने के अगले 15 वर्षों तक अंग्रेजी को भी भारत की राजभाषा बनाने का फैसला लिया गया, लेकिन जैसे ही ये तारीख नजदीक आने लगी दक्षिण भारतीय राज्यों का अंग्रेजी को लेकर आंदोलन फिर से जोर पकड़ने लगा। इसलिए सरकार को 1963 में राजभाषा अधिनियम लाना पड़ा। इसमें अंग्रेजी को 1965 के बाद भी कामकाज की भाषा बनाए रखना शामिल था। राज्यों को भी अधिकार दिए गए कि वे अपनी मर्जी के मुताबिक किसी भी भाषा में सरकारी कामकाज कर सकते हैं। फिलहाल देश में 22 भाषाओं को आधिकारिक भाषा का दर्जा मिला हुआ है।

आज, हिन्दी दुनिया की तीसरी सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा है। हमारे देश में 77 प्रतिशत लोग हिन्दी बोलते, समझते और पढ़ते हैं।

माइक्रोसॉफ्ट दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी बनीः अप्रैल 1975 में माइक्रोसॉफ्ट की स्थापना हुई थी। 14 सितंबर 1998 को न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज में कंपनी की वैल्यू 261 बिलियन डॉलर आंकी गई। इसी के साथ माइक्रोसॉफ्ट ने जनरल इलेक्ट्रिक को पीछे छोड़कर वैल्यूएशन के मामले में पहली बार दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी होने का रिकॉर्ड बनाया।

फोर्ब्स के मुताबिक, इस समय अगर आप दुनिया के सबसे वैल्यूएबल ब्रांड्स की बात करते हैं तो एपल और गूगल के बाद माइक्रोसॉफ्ट का नाम ही सामने आता है। अमेजन, फेसबुक, कोकाकोला जैसे ब्रांड्स भी इसके बाद आते हैं।

लॉर्ड बैंटिक का जन्मः लॉर्ड विलियम बैंटिक को भारत में गवर्नर-जनरल रहते हुए किए गए आर्थिक और सामाजिक सुधारों के लिए जाना जाता है, लेकिन उनकी नीतियों से भारत को नुकसान भी उठाना पड़ा था। आज ही के दिन 1774 में लॉर्ड बैंटिक का जन्म हुआ था। वे 1828 में बंगाल के गवर्नर बने और 1833 से 1835 तक भारत के गवर्नर जनरल रहे। इस दौरान उन्होंने भारतीय न्याय व्यवस्था में सुधार के लिए बहुत कदम उठाए।

पहला बड़ा कदम था, न्याय व्यवस्था से पारसी को हटाकर उसकी जगह अंग्रेजी को लागू करना। साथ ही हायर एजुकेशन में अंग्रेजी उन्होंने ही दाखिल की, जिसने आगे चलकर कई भारतीयों के लिए विदेश में जाकर पढ़ने का रास्ता खोला। इसके अलावा, एक और कदम उन्होंने उठाया, वह था सती प्रथा का अंत। साथ ही उन्होंने मानव बलि, अनचाहे बच्चे की हत्या और ठगी खत्म करने के लिए महत्वपूर्ण प्रयास किए।

कई विद्वान यह भी कहते हैं कि लॉर्ड बैंटिक ने भारत में पश्चिमीकरण की शुरुआत की और कहीं न कहीं यही 1857 के स्वतंत्रता संग्राम का कारण बना। आइए एक नजर डालते हैं देश और दुनिया में 14 सितंबर को घटित हुईं महत्वपूर्ण घटनाओं पर-

1770: डेनमार्क में प्रेस की स्वतंत्रता को मान्यता मिली।
1833: विलियम वेंटिक, पहले गवर्नर जनरल के तौर पर भारत आया।
1901: अमेरिकी राष्ट्रपति विलियम मैकेंजी की गोली मारकर हत्या।
1917: रूस को आधिकारिक तौर पर गणतंत्र घोषित किया गया।
1932: प्रसिद्ध भारतीय स्वाधीनता सेनानी एवं क्रांतिकारी दुर्गा भाभी का जन्म हुआ।
1947: हिंदी के कालिदास के रूप में प्रसिद्ध कविवर चन्द्र कुंवर बर्त्वाल का निधन हुआ।
1949: संविधान सभा ने हिंदी को भारत की आधिकारिक भाषा का दर्जा दिया।
1959: सोवियत संघ का अंतरिक्ष यान पहली बार चंद्रमा की सतह पर उतरा।
1960: खनिज तेल उत्पादक देशों ने मिलकर ओपेक की स्थापना की।
1971: ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित प्रसिद्ध बांगला साहित्यकार ताराशंकर बंद्योपाध्याय का निधन हुआ।
1998: माइक्रोसॉफ्ट, जनरल इलेक्ट्रिक को पीछे छोड़कर दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी बनी।
1999ः किरीबाती, नाउरू और टोंगा संयुक्त राष्ट्र में शामिल हुए।
2000: माइक्रोसॉफ्ट ने विंडोज एम.ई. लांच किया।
2000: प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अमेरिकी सीनेट के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को सम्बोधित किया।
2003ः एस्टोनिया यूरोपीय संघ में शामिल हुआ।
2003ः गुयाना-बिसाउ में सेना ने राष्ट्रपति कुंबा माला की सरकार का तख्ता पलटा।
2006ः परमाणु ऊर्जा में सहयोग बढ़ाने पर इब्सा में सहमति। तिब्बत के आध्यात्मिक निर्वासित नेता दलाई लामा को संयुक्त राज्य अमरीका के सर्वोच्च न्यायालय सम्मान से सम्मानित करने की घोषणा।
2007: जापान ने तानेगाशिया स्थित प्रक्षेपण केंद्र से पहला चंद्र उपग्रह एच-2ए प्रक्षेपित किया।
2008: रुस के पेर्म हवाई अड्डे पर सरकारी विमानन कंपनी ‘एयरोफ्लोट’ का विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से विमान में सवार सभी 88 लोगों की मौत।
2011: तमिलनाडु में एक यात्री ट्रेन के ट्रैक पर खड़ी ट्रेन से टकरा जाने से 10 लोगों की मौत हो गयी और 70 अन्य घायल हो गये।
2016ः पैरालिंपिक में भारत ने चौथा पदक जीता।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here