Old compass on vintage map with rope closeup. Retro stale

दिल्लीः 11 सितंबर 2001 को अमेरिका के न्यूयार्क स्थित वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में करीब 18 हजार कर्मचारी रोज की तरह काम कर रहे थे। तभी आठ बजकर 46 मिनट पर जो हुआ, वह इंसानी सोच से बाहर का था। 19 आतंकियों ने चार विमान हाईजैक किए। दो विमान लेकर वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के दोनों टॉवरों से टकरा गए। इससे विमानों में सवार सभी लोग और बिल्डिंग में काम कर रहे कई लोग मारे गए। दो घंटे के अंदर दोनों टॉवर ढह गए। तीसरा विमान अमेरिकी रक्षा मंत्रालय यानी पेंटागन से टकराया, जबकि चौथा विमान शेंकविले के खेत में क्रैश हुआ था।

मानव इतिहास में सबसे भीषण आतंकी हमले में 70 देशों के करीब 3000 लोग मारे गए। हाईजैकर्स में 15 सऊदी अरब के थे, जबकि बाकी यूएई, मिस्र और लेबनान के थे। इस हमले के बाद अलकायदा के चीफ ओसामा बिन लादेन को जिंदा या मुर्दा पकड़ने के लिए 2.5 करोड़ डॉलर का इनाम रखा था। आखिरकार, 2 मई 2011 में अमेरिका के सीक्रेट मिशन में पाकिस्तान के एबटाबाद में छिपकर रह रहे लादेन को मार गिराया। वर्ल्ड ट्रेड सेंटर न्यूयॉर्क के मैनहट्टन में था। दोनों टॉवर 1966 में बनने शुरू हुए और 1973 में बनकर तैयार हुए थे।

अब बात विश्व धर्म सम्मेलन की करते हैं। 11 सितंबर 1893 को विश्व धर्म सम्मेलन हुआ था। उसमें स्वामी विवेकानंद ने जैसे ही “सिस्टर्स एंड ब्रदर्स ऑफ अमेरिका” कहकर अपना भाषण शुरू किया, पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा। यह पहला मौका था, जब पश्चिम का सामना पूरब के धर्माचार्य से हो रहा था। उस समय पश्चिमी देशों के सामने भारतीय संस्कृति, अभ्यास और दर्शन नया-नया ही था। विवेकानंद के इस बहुचर्चित भाषण ने भारत की छवि को नया आयाम दिया।

स्वामी विवेकानंद ने अपने भाषण में सांप्रदायिकता, धार्मिक कट्टरता और हिंसा का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सांप्रदायिकता और कट्टरता लंबे समय से धरती को शिकंजे में जकड़े हुए है और इससे धरती पर हिंसा बढ़ गई है। कई बार धरती खून से लाल हुई है। कितनी ही सभ्यताओं का विनाश हुआ है। न जाने कितने देश नष्ट हुए हैं। उन्होंने अपने भाषण में सहनशीलता और सार्वभौमिकता का मसला भी उठाया था।

दक्षिण अफ्रीका में गांधी जी का आंदोलनः दक्षिण अफ्रीका की सरकार ने 1906 में एक नया कानून बनाया थी। इस कानून में भारतीय मूल के लोगों के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किया गया था। जोहानसबर्ग में 11 सितंबर को ही हुई भारतवंशियों की एक बैठक में इसका विरोध हुआ। इसमें गांधी जी ने विरोध के लिए अहिंसा का इस्तेमाल करने की पैरवी की।

यह संघर्ष सात साल चला। दक्षिण अफ्रीका में भी उस समय अंग्रेजों का शासन था और उन्होंने हजारों भारतीयों को हड़ताल, रजिस्ट्रेशन से इनकार करने, रजिस्ट्रेशन कार्ड जलाने और प्रदर्शन करने के लिए जेल भेज दिया था। आइए एक नजर डालते हैं देश और दुनिया में 11 सितंबर को घटित हुईं महत्वपूर्ण घटनाओं पर-

1893 : अमेरिका के शिकागो क्षेत्र में आयोजित विश्व धर्म सम्मेलन में स्वामी विवेकानंद ने सांप्रदायिकता, धार्मिक कट्टरता और हिंसा पर ऐतिहासिक भाषण दिया।
1895 : महान स्वतंत्रता सेनानी, सामाजिक कार्यकर्ता और प्रसिद्ध गांधीवादी नेता विनोबा भावे का जन्म।
1906 : महात्मा गाँधी ने दक्षिण अफ़्रीका में सत्याग्रह आन्दोलन आरंभ किया।
1919 : अमेरिकी नौसेना ने होंडुरास पर आक्रमण किया।
1922 : आस्ट्रेलिया के मेलबर्न में सचित्र दैनिक समाचार पत्र द सन न्यूज पेक्टोरियल की शुरूआत।
1939 : इराक और सऊदी अरब ने जर्मनी के खिलाफ युद्ध की घोषणा की।
1941 : अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन का निर्माण शुरू।
1948 : ब्रिटिशकालीन भारत के प्रमुख नेता और ‘मुस्लिम लीग’ के अध्यक्ष मुहम्मद अली जिन्ना का निधन।
1951 : फ्लोरेंस चैडविक ने इंग्लिश चैनल तैरकर पार किया। उन्हें इंग्लैंड से फ्रांस पहुंचने में 16 घंटे और 19 मिनट लगे। ऐसा करने वाली वह पहली महिला।
1961 : विश्व वन्यजीव कोष की स्थापना।
1962 : मशहूर इंग्लिश रॉक बैंड ‘दि बीटल्स’ ने अपने पहले एकल हिट एलबम ‘लव मी डू’ के गाने रिकार्ड किए।
1965ः भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान भारतीय सेना ने दक्षिण पूर्वी लाहौर के निकट बुर्की शहर पर कब्ज़ा किया।
1968 : एयर फ्रांस का विमान नाइस के निकट दुर्घटनाग्रस्त। हादसे में 89 यात्रियों और चालक दल के छह सदस्यों की मौत।
1971ः मिस्र में संविधान को स्वीकार किया गया।
1973ः चिली के राष्ट्रपति साल्वाडोर अलांदे का सैन्य तख्तापलट।
1996ः राष्ट्रमंडल संसदीय संघ में पहली बार महिला अध्यक्ष निर्वाचित।
2001 अमेरिका में आतंकवादियों ने विमान अपहरण कर न्यूयार्क के वर्ल्ड ट्रेड टावर की दो इमारतों, वर्जीनिया स्थित पेंटागन और पेन्सिलवेनिया पर हमला किया।
2003 : चीन के विरोध के बावजूद अमेरिकी राष्ट्रपति जार्ज बुश तिब्बत के धार्मिक नेता दलाई लामा से मिले।
2005 : गाजा पट्टी में 38 साल से जारी सैन्य शासन समाप्त करने की घोषणा।
1971ः मिस्र में संविधान को स्वीकार किया गया।
1973ः चिली के राष्ट्रपति साल्वाडोर अलांदे का सैन्य तख्तापलट।
1996ः राष्ट्रमंडल संसदीय संघ में पहली बार महिला अध्यक्ष निर्वाचित।
2019 : अमेरिका ने प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के सरगना नूर वली महसूद पर प्रतिबंध लगाया और उसे वैश्विक आतंकवादी करार दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here