Old compass on vintage map with rope closeup. Retro stale

दिल्लीः न्यूयॉर्क की सड़कों पर एक विज्ञापन को देखकर लोग चकित रह गए। इस विज्ञापन में लिखा था,  “2 सितंबर को हमारा बैंक सुबह 9 बजे खुलेगा और कभी बंद नहीं होगा”। लोग सोचने लगे कि क्या केमिकल बैंक 24 घंटे खुला रहेगा? लेकिन बात ये नहीं थी। दरअसल, केमिकल बैंक ने दुनिया के पहले ATM की शुरुआत की थी और ये उसी ATM का विज्ञापन था।

जी हां आज ही के दिन 1969 में दुनिया के पहले ATM की शुरुआत हुई थी। ये ATM न्यूयॉर्क के रॉकविल सेंटर में लगाया गया था। केमिकल बैंक का ये ATM इतना सफल हुआ कि इसे बनाने वाली कंपनी डॉक्यूटेल ने अगले 5 साल में 70% ATM मार्केट पर कब्जा कर लिया। इस ATM को डोन वेत्जेल ने बनाया था। 1973 में वेत्जेल को ATM मशीन के लिए पेटेंट भी मिला।

हालांकि पहला ATM किसने बनाया, इस पर विवाद भी है। उस समय ATM पर अलग-अलग देशों में कई लोग एक साथ काम कर रहे थे। इस वजह से ATM के आविष्कारक को लेकर भी अलग-अलग दावे किए जाते हैं। साल 1967 में लंदन में जॉन शेफर्ड बेरन ने भी ATM मशीन बनाई थी। इस मशीन से पैसे निकालने के लिए कार्ड की जगह चेक का इस्तेमाल करना पड़ता था। चेक पर एक रेडियोएक्टिव पदार्थ लगा होता था जिसे मशीन का स्कैनर रीड कर लेता था। चेक के साथ ही मशीन में 6 अंकों का पिन एंटर करना होता था।

हालांकि शेफर्ड की पत्नी ने बोला कि वो 6 अंकों का पिन याद नहीं रख सकतीं, इसलिए बाद में शेफर्ड ने ATM का पिन 6 की जगह 4 अंकों का कर दिया। 27 जून 1967 को इस मशीन ने काम करना शुरू किया। शेफर्ड को डर था कि इस तकनीक का इस्तेमाल हैकर कर सकते हैं, इसलिए उन्होंने अपनी तकनीक का पेटेंट नहीं करवाया था।

इसी तरह साल 1966 में जेम्स गुडफैलो ने भी ATM टेक्नोलॉजी के लिए पेटेंट करवाया था। इसमें चेक की जगह प्लास्टिक कार्ड का इस्तेमाल किया जाता था, जो आज तक प्रचलित है।

भारत में संविधान सभा ने आज के ही दिन यानी 2 सितंबर 1946 को अंतरिम सरकार बनाई थी। इसी सरकार ने 15 अगस्त 1947 तक देश का कामकाज संभाला था। अंतरिम सरकार में भी प्रशासनिक मशीनरी वायसराय को रिपोर्ट करती थी। अगस्त 1946 में कांग्रेस ने अंतरिम सरकार में शामिल होने का निर्णय लिया, ताकि ब्रिटिश सरकार से सत्ता हस्तांतरण की प्रक्रिया को बिना किसी परेशानी के आगे बढ़ाया जा सके। अंतरिम सरकार ने 2 अगस्त 1946 से ही काम शुरू किया था।

अंतरिम सरकार में कांग्रेस के तीन मुस्लिम सदस्यों सहित 12 सदस्य थे। यह पहली बार था, जब भारत में भारतीयों की सरकार थी। मुस्लिम लीग ने इसमें पांच सदस्यों को नामित किया था, जो 6 अक्टूबर को इसमें शामिल हुए।

आज ही के दिन 1945 में जापान ने दूसरे विश्वयुद्ध में मित्र देशों के सामने आत्मसमर्पण किया था। इसी के साथ इतिहास के सबसे लंबे चलने वाले युद्ध का अंत हो गया।

दरअसल, महीनों पहले ही ये तय हो चुका था कि जापान को आत्मसमर्पण करना ही पड़ेगा। जर्मनी भी मित्र देशों के सामने घुटने टेक चुका था और केवल जापान ही था जो टक्कर दे रहा था। जुलाई 1945 में अमेरिकी राष्ट्रपति हैरी ट्रूमैन, ब्रिटिश प्रधानमंत्री विंस्टन चर्चिल और सोवियत संघ के नेता जोसेफ स्टालिन जर्मनी के शहर पोट्सडम में मिले। यहीं पर ट्रूमैन और चर्चिल के बीच इस बात पर सहमति बनी कि अगर जापान तत्काल बिना किसी शर्त के समर्पण नहीं करता है तो उसके खिलाफ ‘कड़ा कदम’ उठाया जाएगा। ये ‘कड़ा कदम’ अगस्त में जापान पर परमाणु बम की विनाशकता लेकर आया था। एक के बाद एक, दो परमाणु बम के हमलों ने जापान को पूरी तरह बर्बाद कर दिया था। जापान के सामने अब आत्मसमर्पण के अलावा कोई और रास्ता नहीं बचा था। आइए एक नजर डालते हैं देश और दुनिया में 02 सितंबर को घटित हुईं महत्वपूर्ण घटनाओं पर-

1573 – अकबर ने गुजरात को फ़तह किया।
1666 – लंदन में भीषण आग लगने से छह लोगों की मौत हुई और दस हज़ार इमारतें नष्ट हो गयी।
1775 – पहले अमेरिकी युद्ध पोत ‘हाना’ का जनरल जॉर्ज वाशिंगटन ने जलावतरण किया गया।
1789 – अमेरिका में राजस्व विभाग बनाया गया।
1798- अंग्रेजों ने हैदराबाद के निजाम के साथ समझौता किया।
1926 – इटली और यमन के बीच हुए समझौते के तहत लाल सागर तट पर इटली का वर्चस्व कायम हुआ।
1930 – ‘क्वेश्चन मार्क’ नामक विमान ने यूरोप से अमेरिका के लिए बिना कहीं रुके पहली बार उड़ान भरी।
1945- जापान के हार स्वीकार कर लिए जाने के बाद छह साल तक चला दूसरा विश्व युद्ध समाप्त हुआ।
1945 – हो ची मिन्ही ने स्वतंत्र वियतनाम गणराज्य की स्थापना की।
1946 – जवाहर लाल नेहरू के उप सभापतित्व में अंतरिम भारत सरकार का गठन।
1956 – हैदराबाद से सौ किलोमीटर दूर जडचेराला और महबूब नगर के बीच पुल ढ़हने से 125 लोगों की मौत।
1962 – सोवियत संघ क्यूबा को हथियार देने पर राजी हुआ।
1969 – अमेरिका के न्यूयॉर्क में पैसे निकालने वाली मशीन ऑटोमैटिक टैलर मशीन (ए.टी.एम.) को पहली बार दुनिया के सामने पेश किया गया।
1970- नासा ने चांद पर जाने के लिए अपने दो अपोलो मिशन को कैंसिल कर दिया।
1970 – कन्याकुमारी में विवेकानन्द स्मारक का उद्घाटन हुआ।
1990 – काला सागर में सोवियत यात्री जहाज के डूबने से 79 यात्रियों की माैत।
1998 – डरबन में 12वें गुट निरपेक्ष आंदोलन शिखर सम्मेलन का अफ़्रीकी राष्ट्रपति नेल्सर मंडेला द्वारा उद्घाटन।
1996 – मुस्लिम विद्रोहियों और फिलीपींस सरकार ने 26 वर्षों से जारी विद्रोह को समाप्त करने के लिए एक समझौते पर औपचारिक रूप से हस्ताक्षर किए।
1992 – अमेरिका और रूस अंतरिक्ष स्टेशन के निर्माण के लिए संयुक्त उपक्रम बनाने पर सहमत हुए।
1999 – भारतीय तैराक बुला चौधरी इंग्लिश चैनल दो बार पार करने वाली प्रथम एशियाई महिला बनीं।
2000 – मैनहट्टन परियोजना में अग्रणी भूमिका निभाने वाले वैज्ञानिक जॉन सिम्पसन का निधन, संयुक्त राष्ट्र अमेरिका द्वारा राष्ट्रीय प्रक्षेपास्त्र प्रणाली की तैनाती की योजना स्थगित।
2001 – विश्व में पहला हृदयरोपण करने वाले दक्षिण अफ़्रीका के हृदय विशेषज्ञ क्रिश्चियन बर्नार्ड का साइप्रस में निधन, उन्होंने 1967 में विश्व का पहला हृदय प्रत्यारोपण किया था।
2006 – पश्चिमी ईराक में तीन भारतीयों और 11 पाकिस्तानियों की अपहरण के बाद हत्या।
2007 – अल्बानिया विश्व का पहला रासायनिक हथियार युक्त राष्ट्र बना।
2009 – आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई. एस. रेड्डी को ले जा रहा हेलीकाप्टर उड़ान भरने के बाद लापता हुआ।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here