Old compass on vintage map with rope closeup. Retro stale

दिल्लीः द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान ब्रिटिश फौजों की दक्षिण-पूर्व एशिया में हार होने लगी थी। जापान लगातार मित्र देशों पर हमले कर रहा था। इसी दौरान मित्र देशों ने ब्रिटेन पर दबाव डालना शुरू किया कि वह भारतीयों का समर्थन प्राप्त करने के लिए कुछ पहल करे।

युद्ध में भारतीयों का सहयोग ब्रिटेन के लिए बहुत जरूरी था। ब्रिटेन ने बिना किसी परामर्श के भारत को युद्ध में झोंक दिया था। इससे कांग्रेस और ब्रिटिश सरकार के बीच गतिरोध पैदा हो गया था। इसी गतिरोध को समाप्त करने के लिए मार्च 1942 में ब्रिटिश संसद के सदस्य सर स्टेफर्ड क्रिप्स को भारत भेजा गया। इसे क्रिप्स मिशन कहा जाता है।

इस मिशन में कई ऐसे प्रस्ताव थे, जो भारतीयों को मंजूर नहीं थे, इसी वजह से ये मिशन सफल नहीं हो सका। क्रिप्स मिशन की असफलता के बाद कांग्रेस कमेटी ने 8 अगस्त, 1942 को मुंबई के गोवालिया टैंक मैदान में एक बैठक बुलाई। इसी बैठक में प्रस्ताव पास किया गया कि भारत की पूर्ण स्वतंत्रता के लिए ये जरूरी हो गया है कि ब्रिटिश शासन को भारत से उखाड़ फेंका जाए।

गांधी जी ने इसी सभा में करो या मरो का नारा दिया। यानी इस आंदोलन के जरिए हम या तो आजादी प्राप्त करेंगे या फिर अपनी जान दे देंगे। ये नारा हर भारतीय की जुबान पर छा गया। इसी तरह आज ही के दिन 1942 में भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत हुई।

अगले ही दिन कांग्रेस के लगभग सभी नेता गिरफ्तार कर लिए गए और उन्हें अलग-अलग जेलों में बंद कर दिया गया। ब्रिटिश सरकार ने कांग्रेस पार्टी पर ही प्रतिबंध लगा दिया। गांधी जी को भी पुणे के आगा खान पैलेस में कैद कर दिया गया। पूरे देश में हड़ताल और विरोध प्रदर्शन होने लगे।

मजदूरों ने कारखानों में काम करने से मना कर दिया। सरकार ने आंदोलन को दबाने के लिए बड़े पैमाने पर सख्त कदम उठाए। इस वजह से भारतीयों का गुस्सा बढ़ता गया और कई जगह आंदोलन ने हिंसक रूप ले लिया। लोगों ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, रेल पटरियों को उखाड़ दिया और कई जगहों पर आम लोगों की पुलिस से भी भिड़ंत हुई।

‘भारत छोड़ो आंदोलन’ से भले ही भारत को आजादी न मिली हो, लेकिन इस आंदोलन ने ब्रिटिश सरकार को भारत की आजादी के बारे में सोचने पर मजबूर कर दिया था। इसलिए इस आंदोलन को “भारत की आजादी का अंतिम महान प्रयास” भी कहा जाता है। अंतत: 15 अगस्त 1947 को भारत आजाद हुआ।

अब बात मिमियोग्राफ यानी फोटोकॉपी मशीन की करते हैं। थॉमस अल्वा एडिसन के नाम 1 हजार से भी ज्यादा पेटेंट दर्ज हैं। आज ही के दिन 1876 में एडिसन को मिमियोग्राफ के लिए पेटेंट मिला था। मिमियोग्राफ को आप फोटोकॉपी मशीन समझिए।

1850 के आसपास एडिसन प्रिंटिंग टेक्नोलॉजी पर काम करने लगे थे। उन्होंने इलेक्ट्रिक पेन, हेक्टोग्राफ बनाया था, लेकिन अभी समस्या ये थी कि प्रिंटिंग के दौरान पेज में छेद हो जाते थे और नीचे के पेजेस में भी प्रिंट हो जाता था। इस समस्या से निपटने के लिए एडिसन ने मिमियोग्राफ बनाया।

इसमें वैक्स से बने एक मास्टर पेज को इंक रोलर पर रोल किया जाता था। इस मास्टर पेज में शब्द उभरे हुए होते थे। ये मास्टर पेज इंक पेड पर रोल होता था जिससे पेज पर उभरे हुए शब्दों में इंक लग जाती थी। उसके बाद ये पेज प्रिंटिंग पेज से गुजरकर उस इंक को पेपर पर प्रिंट कर देता था। इसमें दो खास फीचर भी थे। पहला ये कि आप मास्टर पेज में करेक्शन भी कर सकते थे। इसके लिए मास्टर पेज पर स्पेशल फ्लूइड लगाया जाता था। दूसरा इसमें हैंड स्टाइलस था जिसकी मदद से सिग्नेचर और ड्राइंग भी प्रिंट किए जा सकते थे।

साथ ही ये सस्ता भी पड़ता था। एक मास्टर पेज से 5 हजार तक प्रिंट निकाले जा सकते थे और दोबारा भी इस्तेमाल किया जा सकता था। जरूरत के हिसाब से इसमें अलग-अलग बदलाव भी किए गए। शुरुआती मॉडल में मिमियोग्राफ को हाथ से चलाया जाता था। बाद के मॉडल्स में हाथ की जगह इलेक्ट्रिक मोटर का इस्तेमाल किया जाता था।

अब बात राइट ब्रदर्श की करते हैं। 17 दिसंबर 1903 को राइट ब्रदर्स ने पहली बार सफलतापूर्वक अपने विमान से आसमान की उड़ान भरी थी। 12 सेकेंड तक दोनों ने इस विमान से 120 फीट की ऊंचाई को छुआ था। समूची मानव सभ्यता के लिए ये किसी कारनामे से कम नहीं था। आसमान में उड़ने का इंसान का सपना हकीकत में बदलने वाला था।

इसके बाद देशों में प्रतिस्पर्धा बढ़ने लगी। कई यूरोपीय देशों ने इस दावे पर यकीन करने से ही इनकार कर दिया। इनमें फ्रांस सबसे आगे था। फ्रांस ने दावा किया कि 1906 में वह पहली बार सार्वजनिक तौर पर विमान को उड़ाकर दिखाएगा।

राइट ब्रदर्स ने फैसला लिया कि वह लोगों को यकीन दिलाने के लिए आम लोगों के बीच विमान को उड़ाकर दिखाएंगे। 8 अगस्त 1908 को विल्बर राइट ने फ्रांस में ही अपने विमान से उड़ान भरी। 1 मिनट 45 सेकेंड तक विल्बर आसमान में उड़ते रहे। इसी के साथ राइट बंधुओं ने अपने आलोचकों को चुप भी कर दिया था और लोगों को उनके इस कारनामे का यकीन भी हो गया।

इसके बाद तो राइट ब्रदर्स पूरे यूरोप में प्रसिद्ध हो गए। अगले एक साल तक दोनों ने पूरे यूरोप में 200 से भी ज्यादा बार अपने विमान को आम लोगों के बीच उड़ाया। आइए एक नजर डालते हैं देश और दुनिया में 08 अगस्त को घटित हुईं महत्वपूर्ण घटनाओं पर-

1509 : विजय नगर सम्राज्य के सम्राट के रूप में महाराज कृष्णदेव राय की ताजपोशी।
1549 : फ्रांस ने इंग्लैंड के खिलाफ युद्ध की घोषणा की।
1609 : वेनिस की सीनेट ने गैलिलियो द्वारा तैयार दूरबीन का निरीक्षण किया।
1763 : वर्षों के संघर्ष के बाद आखिरकार कनाडा फ्रांस के अधिकार से स्वतंत्र हुआ।
1864 : जिनेवा में रेड क्रॉस की स्थापना।
1876 : थॉमस अल्वा एडिसन ने मिमियोग्राफ का पेटेंट कराया।
1899 : ए.टी. मार्शल ने रेफ्रीजरेटर का पेटेंट कराया।
1900 : बोस्टन में पहली डेविस कप श्रृंखला की शुरुआत।
1908 : शास्त्रीय संगीत गायिका सिद्धेश्वरी देवी का जन्म।
1919 : ब्रिटेन ने अफगानिस्तान की आजादी को मंजूरी दी।
1942 : महात्मा गांधी ने भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत की।
1945: अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस और सोवियत संघ ने लंदन एग्रीमेंट पर साइन किए। दुनियाभर के वॉर क्रिमिनल्स पर ट्रायल चलाने के लिए ये एंग्रीमेंट किया गया था।
1947 : पाकिस्तान ने अपने राष्ट्रीय ध्वज को मंजूरी दी।
1963: ग्लासगो से लंदन जा रही रॉयल मेल ट्रेन को हथियारबंद लुटेरों ने लूट लिया। लुटेरों ने 2.6 मिलियन यूरो की राशि लूटी। ब्रिटेन में इसे द ग्रेट ट्रेन रॉबरी कहा जाता है।
1974: वाटरगेट स्कैंडल में अपनी भूमिका के चलते अमेरिकी राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन ने इस्तीफा देने की घोषणा की। अगले ही दिन निक्सन ने इस्तीफा दे दिया।
1988 : अफगानिस्तान में 9 साल के युद्ध के बाद रूसी सेना की वापसी शुरू हुई।
1988 : आठ वर्ष तक चले संघर्ष के बाद ईरान और इराक के बीच युद्धविराम की घोषणा।
1990 : इराक के तत्कालीन तानाशाह सद्दाम हुसैन ने कुवैत पर कब्जे का ऐलान किया।
2004 : इटली ने बोफोर्स दलाली मामले के मुख्य आरोपी ओत्तावियो क्वात्रोची को भारत को सौंपने से इनकार किया।
2008: चीन के बीजिंग में ओलिंपिक खेलों की शुरुआत हुई।
2010 : तेजस्विनी सावंत म्युनिख में आयोजित विश्व निशानेबाजी प्रतियोगिता की 50 मीटर स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर यह उपलब्धि प्राप्त करने वाली प्रथम भारतीय महिला बनीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here