दिल्लीः कांग्रेस महंगाई, बेरोजगारी, जीएसटी (GST) यानी वस्तु एवं सेवा कर  और जांच एजेंसियों के दुरुपयोग के मुद्दे पर शुक्रवार को देशव्यापी प्रदर्शन कर रही है। इस बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने यहां संवाददाताओं को संबोधित किया और कहा कि क्या आप तानाशाही का मजा ले रहे हैं, यहां रोज लोकतंत्र की हत्या हो रही है। इस सरकार ने आठ साल में लोकतंत्र को बर्बाद कर दिया।

कांग्रेस सांसद राहुल ने कहा कि आज हिंदुस्तान में लोकतंत्र नहीं है। लोकतंत्र की मौत हो चुकी है। आज चार लोगों की डिक्टेटर-शिप है। हम महंगाई और लोगों को बांटने की रणनीति के खिलाफ बोलना चाहते हैं। हमें पार्लियामेंट हाउस में बोलने नहीं दिया जाता। जो विरोध करता है उसे अरेस्ट किया जाता है। ये हिंदुस्तान की हालत है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की पीसी की अहम बातें-

उन्होंने कहा कि देश की मीडिया, इलेक्टोरल सिस्टम इनके दम पर विपक्ष खड़ा होता है, लेकिन देश में हर इंस्टीट्यूट में आरएसएस का आदमी बैठा है। वह सरकार के कंट्रोल में है। जब हमारी सरकार होती थी, तब इन्फ्रास्ट्रक्चर न्यूट्रल होता था। हम उसमें दखल नहीं देते थे। आज यह सरकार के साथ है। कोई विरोध करता है तो उसके खिलाफ केंद्रीय जांच एजेंसियां लगा दी जाती हैं।’
राहल गांधी ने कहा कि लोकतंत्र की मौत हुई, उससे आपको कैसा लग रहा है? जिस लोकतंत्र को 70 सालों में बनाया गया, उसे आठ साल में खत्म कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि मेरी दिक्कत ये है कि मैं सच्चाई बोलूंगा, महंगाई, बेरोजगारी का मुद्दा उठाने का काम करूंगा। जो डरता है, वह धमकाता है। जो आज देश की हालत है उससे डरते हैं, जो उन्होंने पूरे नहीं किए, महंगाई और बेरोजगारी से डरते हैं। जनता की शक्ति से डरते हैं। क्योंकि ये 24 घंटा झूठ बोलते हैं।
वहीं इस मौके पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राहुलजी ने जो कहा आप समझ लें कि देश में क्या हालात हैं। किसी ने नहीं सोचा होगा कि देश में लोगों को लोकतंत्र समाप्त होते देखना होगा। देश में महंगाई बढ़ रही है, संविधान को खत्म किया जा रहा है, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। देश में ईडी, इनकम टैक्स, सीबीआई का आतंक है।

देश में खतरनाक खेल हो रहा है, अब समय आ गया है कि जनता को आगे आना होगा। एक्टिविस्ट्स को भी सरकार के खिलाफ खड़े होना होगा। महंगाई का हाहाकार मचा है, जीएसटी के हर दिन नए कारनामे हो रहे हैं। ऐसे में मीडिया को भी आगे आना होगा।

उधर, सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक कांग्रेस ने प्रदर्शन को लेकर 2 स्तर पर रणनीति तैयार की है। पार्टी के सभी सांसद विजय चौक होते हुए राष्ट्रपति भवन तक मार्च करेंगे। वहीं पार्टी के नेता और कार्यकर्ता कांग्रेस मुख्यालय से PM हाउस तक जाएंगे। यहां वे PM हाउस का घेराव करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here