Old compass on vintage map with rope closeup. Retro stale

दिल्लीः दुनिया की आबादी 11 जुलाई 1987 को 5 अरब हो गई थी। तेजी से बढ़ती आबादी पूरी दुनिया के लिए चिंता का सबब थी। संयुक्त राष्ट्र ने आबादी को काबू करने और परिवार नियोजन के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए 11 जुलाई 1989 को एक कार्यक्रम आयोजित किया था। इस कार्यक्रम में पहली बार विश्व जनसंख्या दिवस मनाया गया।

इसके अगले यानी 1990 में संयुक्त राष्ट्र ने इस दिन को हर साल मनाने की घोषणा की और 1990 में 90 से ज्यादा देशों में विश्व जनसंख्या दिवस मनाया गया। तबसे हर साल दुनियाभर के अलग-अलग देश इस दिन को मनाते आ रहे हैं। हर साल अलग-अलग थीम पर इस दिन को मनाया जाता है।

दरअसल विश्व की जनसंख्या को 1 अरब तक पहुंचने में हजारों साल लगे थे। इसके बाद करीब 200 साल में ही ये 7 गुना तक बढ़ गई। इसके पीछे मेडिकल साइंस में सुधार होना, मृत्यु दर में कमी आना और जन्म दर बढ़ना जैसे कई कारण हैं।

आज दुनिया की आधी से ज्यादा आबादी एशियाई देशों में है। जनसंख्या के लिहाज से चीन और भारत पहले और दूसरे नंबर पर हैं। Worldometer के मुताबिक भारत की आबादी 1.39 अरब है। एक अनुमान के मुताबिक भारत में हर मिनट 25 बच्चे पैदा होते हैं। अगर इसी रफ्तार से हमारी आबादी बढ़ती रही तो आने वाले 10 साल में भारत दुनिया में सबसे ज्यादा आबादी वाला देश होगा।
हालांकि, जागरूकता अभियानों की वजह से जनसंख्या वृद्धि की दर को काफी हद तक कंट्रोल किया गया है। 1970 के दशक के शुरुआती सालों में जहां हर महिला के औसतन 4.5 बच्चे होते थे, वहीं 2015 में आंकड़ा 2.5 के औसत पर आ गया है। ये राहत भरा आंकड़ा जरूर है लेकिन हमें अपने प्रयासों को और बढ़ाने की जरूरत है।

अब बात मुंबई में हुए आतंकवादी हमले की करते हैं। 11 जुलाई, 2006 की शाम मुंबई में लाखों नौकरीपेशा लोग काम खत्म कर लोकल ट्रेनों से घर लौट रहे थे। अचानक 6 बजकर 20 मिनट पर चर्चगेट से बोरीवली जाने वाली ट्रेन में खार और सांता क्रूज के बीच बम धमाका हुआ।

इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता अलग-अलग ट्रेनों में धमाके की खबर आने लगी। अगले कुछ ही मिनटों में 7 बम धमाके हुए। इस हमले में 189 लोग मारे गए और करीब 800 जख्मी हुए। ये सभी ब्लास्ट मुंबई की लोकल ट्रेनों के फर्स्ट क्लास डिब्बों में हुए थे।

खार, बांद्रा, जोगेश्वरी, माहिम, बोरीवली, माटुंगा और मीरा-भायंदर रेलवे स्टेशनों के पास ये ब्लास्ट हुए थे। जांच में खुलासा हुआ कि ट्रेनों में लगाए गए बम आरडीएक्स, अमोनियम नाइट्रेट और फ्यूल ऑइल से बनाए गए थे। नुकसान ज्यादा हो इसलिए इन बमों में कील भी डाली गई थी। सभी बमों को प्रेशर कुकर में लगाकर टाइमर के जरिए उड़ाया गया था।

एटीएस ने बताया कि इन हमलों की साजिश मार्च 2006 में लश्कर-ए-तैयबा के आजम चीमा के बहावलपुर स्थित घर में रची गई थी। यहीं पर एक ट्रेनिंग कैंप में लगभग 50 युवकों को बम बनाने की ट्रेनिंग दी गई। ट्रेनिंग के बाद इन आतंकियों को अलग-अलग रास्तों से भारत में भेजा गया। एटीएस ने इन धमाकों की जांच शुरू की। जांच के बाद पाया गया कि इस हमले में प्रतिबंधित संगठन इंडियन मुजाहिदीन का हाथ था। 4 महीने बाद इस केस में पहली चार्जशीट 30 नवंबर 2006 को दायर की गई। इसके बाद एक पूरक चार्जशीट और दायर की गई। एटीएस ने 200 से भी ज्यादा गवाहों को अदालत में पेश किया।

ये लोग मुंबई में अलग-अलग जगहों पर कुछ दिन रहे और धमाके को अंजाम देने की तैयारी करने लगे। धमाके के लिए आरडीएक्स गुजरात में कांडला के रास्ते भारत लाया गया था। मुंबई से अमोनियम नाइट्रेट खरीदा गया। सांता क्रूज की अलग-अलग दुकानों से आठ प्रेशर कुकर खरीदे गए।

बम तैयार होने के बाद धमाके वाले दिन आतंकी सात अलग-अलग गुट में बंटे। हर गुट को अलग-अलग लोकेशन को निशाना बनाना था। एटीएस ने 13 लोगों को मामले में आरोपी बनाया। 9 साल बाद 2015 में 12 लोगों को दोषी पाया गया। एक आरोपी को बरी कर दिया गया। 12 में से 5 को फांसी की सजा सुनाई गई और बाकी को उम्रकैद की। आइए एक नजर डालते हैं देश और दुनिया में 11 जुलाई को घटित हुईं महत्वपूर्ण घटनाओं पर-

1673: नीदरलैंड और डेनमार्क ने रक्षा संधि पर हस्ताक्षर किये।
1832: ब्रिटिश संसद ने सती प्रथा के उन्मुलन के खिलाफ शुद्धतावादी हिंदुओं के अपील को खारिज किया।
1859: लंदन क्लॉक टॉवर की घंटी ‘बिग बेन’ को पहली बार बजाया गया।
1889: सोवा बाजार क्लब किसी फुटबॉल टूर्नामेंट में भाग लेने वाला पहला भारतीय दल बना।
1921: मंगोलिया को चीन से आजादी मिली।
1930: ब्रेडमैन ने लीड्स में इंग्लैंड के खिलाफ एक दिन में 309 रन बनाए।
1948: येरूशलम पर पहला हवाई हमला।
1960: अमेरिकन ऑथर हार्पर ली की क्लासिक रचना ‘टू किल अ मॉकिंगबर्ड’ प्रकाशित हुई।
1973: पैरिस के निकट ब्राजील का बोइंग विमान दुर्घटनाग्रस्त, 122 की मौत।
1977: मार्टिन लूथर किंग जूनियर को मेडल ऑफ फ्रीडम से सम्मानित किया गया।
1979: अमेरिकी अंतरिक्ष प्रयोगशाला स्काई लैब धरती पर गिरी। यह हिंद महासागर और पश्चिम ऑस्ट्रेलिया में गिरी। इसके गिरने से पहले पूरी दुनिया में कयास लगाए जा रहे थे कि यह धरती पर कहां गिरेगी और कितना नुकसान होगा।
1985: कोका कोला कंपनी ने कोक में बदलाव कर ‘न्यू कोक’ को मार्केट में उतारा। जनता ने इसे नकार दिया और कंपनी को दोबारा पुरानी कोक ही मार्केट में लानी पड़ी।
1995: अमेरिका एवं वियतनाम के बीच कूटनीतिक रिश्ते बने।
1995: बोस्निया में 7000 से ज्यादा लोगों का नरसंहार।
2002: चांग शांग दक्षिण कोरिया की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं।
2006: मुंबई की लोकल रेलगाड़ियों में सिलसिलेवार बम धमाके, 209 लोगों की मौत।
2007: चर्चित चित्रकार एमएफ़ हुसैन ने न्यूयार्क की कला प्रदर्शनी में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।
2008: पाकिस्तान के वजीरिस्तान प्रान्त में हुए एक अमेरिकी हवाई हमले में 11 लोग घायल हुए।
2008: एपल ने 3जी आईफोन रिलीज किया।
2010: फुटबॉल विश्वकप के फाइल में स्पेन ने नीदरलैंड को हराकर खिताब जीता।
2011: नेपचून ग्रह ने अपनी खोज के बाद पहली परिक्रमा पूरी की।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here