दिल्ली डेस्क

दिल्लीः वैश्विक महामारी कोरोना देश में विकराल रूप घारण करते जा रहा है। हालांकि पिछले दो दिनों में इसके संक्रमण के नये मामलों में आंशिक कमी आई है। पिछले 24 घंटे के दौरान देश में इसके संक्रमण के 6387 नये मामले दर्ज किये गये हैं और संक्रमितों की संख्या 1.50 लाख के पार पहुंच गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों में इस संक्रमण के 6387 नये मामले दर्ज किये गये हैं तथा 170 लोगों ने जान गंवाई है। वहीं इस अवधि में 3935 लोग ठीक भी हुए हैं। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी किये गये आंकड़ों के अनुसार देश के विभिन्न राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेश में अब तक इससे 151767 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 4337 लोगों की मौत हुई है। देश में फिलहाल कोरोना के कुल 83004 सक्रिय मामले हैं। इससे एक दिन पहले 6535, सोमवार को 6977 और रविवार तथा शनिवार को क्रमश: 6767 और 6654 नये मामले सामने आये थे।  महाराष्ट्र इस महामारी से देश में सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। इस राज्य में कोरोना ने बहुत कहर बरपाया है। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में 2091 नये मामले सामने आये हैं। इसके बाद राज्य में अब तक इससे प्रभावित होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 54758 हो गई है। राज्य में इस जानलेवा विषाणु से अब तक 1792 लोगों की मौत हुई है तथा 16954 इसके संक्रमण से ठीक हुए हैं।

कोरोना वायरस से प्रभावित होने के मामले में तमिलनाडु दूसरे नंबर पर है। तमिलनाडु में अब तक 17,728 लोग इससे संक्रमित हुए हैं तथा 127 लोगों की मृत्यु हुई है। वहीं 9342 लोगों को उपचार के बाद विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी मिल चुकी है। कोविड-19 से प्रभावित होने के मामले में देश का पश्चिमी राज्य गुजरात तीसरे नंबर पर है। गुजरात में अब तक 14,821 लोग इससे संक्रमित हुए हैं तथा 915 लोगों ने जान गंवाई है। इसके अलावा 7139 लोग इस बीमारी से उबरने में कामयाब हुए हैं। कोरोना के कारण राष्ट्रीय राजधानी की भी स्थिति काफी चिंताजनक बनी हुई है। दिल्ली में 14,465 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 228 लोगों ने जान गंवाई है। वहीं 7223 मरीजों को उपचार के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है। इसके अलावा राजस्थान और मध्य प्रदेश सहित देश के सभी राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेश में यह संक्रमण काफी तेजी से फैल रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here