कीवः रूस और यूक्रेन के बीच पिछले 123 दिनों से युद्ध चल रहा है। इस बीच रूस ने यूक्रेन के क्रेमेनचुक शहर के एक शॉपिंग मॉल पर मिसाइल दागी है, जिसके कारण अब तक 16 लोगों की मौत हो गई। वहीं 59 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। इस हमले के समय मॉल में एक हजार से ज्यादा लोग मौजूद थे।

यूक्रेन इमरजेंसी सर्विसेज के चीफ ने मंगलवार सुबह इस हमले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 25 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है।

रूस और यूक्रेन के बीच मंगलवार को 123वें दिन भी जंग जारी है। यूक्रेन के अधिकारियों ने लिसीचेंस्क के लोगों से आग्रह किया है कि वह अपना घर छोड़कर सुरक्षित जगह चले जाएं, क्योंकि रूसी सेना बेहद नजदीक पहुंच चुकी है। हालांकि, इसको लेकर लोग नाराज हैं।

उधर, यूक्रेन पोलैंड के वॉरसॉ शहर में रूस के तबाह हुए टैंकों और बख्तरबंद गाड़ियों की प्रदर्शनी लगाई है। ये टैंक और व्हीकल कीव समेत यूक्रेन में कहर बरपा रहे थे, जिन्हें यूक्रेन की सेना ने तबाह कर दिया। अब इन्हें पौलेंड के साथ ही दूसरे यूरोपीय देशों में प्रदर्शनी के लिए ले जाया जाना है।

यूक्रेन पर किए गए हमलों के कारण  पश्चिमी देशों की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों का असर रूस पर दिखने लगा है। रूस ने 1918 के बाद पहली बार विदेशी कर्ज की किस्त नहीं चुका सका। ग्लोबल मार्केट में डॉलर से लेनदेन पर रोक लगाए जाने के बाद रूस ने अपनी मुद्रा रूबल में भुगतान की पेशकश की, जिसे अमेरिका के प्रभाव में अन्य देशों ने ठुकरा दिया।

आपको बता दें कि रूस को 27 मई को विदेशी कर्ज के ब्याज के रूप में 10 करोड़ डॉलर का भुगतान करना था, जिस पर एक महीने का ग्रेस पीरियड मिला था। इसके बावजूद वह इस रकम को नहीं चुका सका।

वहीं, G-7 देशों के नेताओं ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन का मजाक उड़ाया। जर्मनी में इन नेताओं ने लंच के दौरान पुतिन का उस तस्वीर को लेकर मजाक बनाया, जिसमें वह बिना शर्ट पहने एक घोड़े पर बैठे हैं।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने मजाक की शुरुआत की। उन्होंने कहा, “जैकेट पहने? जैकेट उतारें?” इस पर कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने कहा, “फोटो खिंचाने का इंतजार कीजिए।“ इस पर बोरिस जॉनसन ने एक बार फिर कहा, “हमें ये दिखाना होगा कि हम पुतिन से ज्यादा मजबूत हैं।“

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here