चंडीगढ़ः पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान शनिवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे। शनिवार को सुबह 11 बजे 10 मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। शपथ ग्रहण समारोह चंडीगढ़ स्थित राजभवन में होगा। इस बात की जानकारी खुद सीएम भगवंत मान ने दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने नए मंत्रियों की लिस्ट शेयर की।

मुख्यमंत्री मान की ओर से जिन विधायकों के मिनिस्टर बनने की जानकारी दी गई, उनमें हरपाल सिंह चीमा, डॉ. बलजीत कौर, हरभजन सिंह ईटीओ, डॉ. विजय सिंगला, गुरमीत सिंह मीत हेयर, हरजोत सिंह बैंस, लाल चंद कटारूचक्क, कुलदीप सिंह धालीवाल, लालजीत सिंह भुल्लर और ब्रह्म शंकर (जिम्पा) के नाम शामिल हैं। नए बनने वाले मंत्रियों में एक महिला डॉ. बलजीत कौर भी शामिल है।

आप यानी आम आदमी पार्टी ने कैबिनेट के लिए नाम फाइनल करते समय जातिगत फैक्टर का भी पूरा ख्याल रखा। नए मंत्रियों के शपथ लेने के बाद सरकार में सीएम भगवंत मान समेत 4 जट्‌टसिख, 3 हिंदू और 4 दलित मंत्री होंगे। इसके अलावा कोटकपूरा से दूसरी बार विधायक चुने गए कुलतार संधवां को पंजाब विधानसभा का स्पीकर बनाया जा सकता है।

मंत्री बनने वाले 10 विधायकों में से हरपाल सिंह चीमा और गुरमीत सिंह मीत हेयर दूसरी बार चुनाव जीते हैं,  जबकि बाकी 8 विधायक पहली बार विधानसभा पहुंचे हैं। भगवंत मान ने अपने पहले कैबिनेट विस्तार में पंजाब के तीनों इलाकों, मालवा, माझा और दोआबा में पॉलिटिकल बैलेंस बनाने का पूरा ख्याल रखा है। मंत्री बनने वाले 10 विधायकों  में से 4 मालवा एरिया से आते हैं,  जहां पंजाब विधानसभा की 117 में से 69 सीटें आती हैं। इन चार मंत्रियों के अलावा मुख्यमंत्री भगवंत मान खुद भी मालवा एरिया के संगरूर जिले की धूरी विधानसभा सीट से विधायक है। आपक ने इस बार मालवा की इन 69 सीटों में से 66 पर जीत हासिल की।

मान मंत्रिमंडल में 25 विधानसभा सीटों वाले माझा एरिया से भी 4 विधायकों को जगह दी गई है। मंत्री बनने वाले माझा इलाके के इन 4 विधायकों में से दो अमृतसर जिले की जंडियाला और अजनाला सीट से आते हैं जबकि एक-एक विधायक पठानकोट तथा  तरनतारन जिले से ताल्लुक रखता है। इसके अलावा 23 विधानसभा सीटों वाले दोआबा एरिया से भी दो विधायक मंत्री बनेंगे। मंत्री बनने वाल दोआबा के दो विधायकों में से ब्रह्म शंकर (जिंपा) होशियारपुर सीट से और हरजोत सिंह बैंस रोपड़ जिले की आनंदपुर साहिब सीट से आप के विधायक हैं।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक शपथ ग्रहण समारोह के खत्म होने के बाद CM भगवंत मान की अगुवाई में साढ़े 12 बजे पहली कैबिनेट मीटिंग होगी। इसमें आप की चुनावी घोषणाओं से जुड़े कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं। पंजाब सरकार में मुख्यमंत्री के अलावा 17 मंत्री बन सकते हैं। हालांकि शुरूआत में 10 से 12 मंत्री शपथ लेंगे।उसके कुछ वक्त बाद मान सरकार का कैबिनेट विस्तार होगा। फिलहाल मंत्रियों के नाम की औपचारिक सूची जारी नहीं हुई है।

आपको बता दें कि गुरुवार को विधानसभा सेशन के पहले दिन विधायकों को शपथ दिलाने के मौके पर ही हरपाल सिंह चीमा और डॉ. बलजीत कौर के मंत्री बनने के संकेत मिल गए थे। दरअसल हरपाल सिंह चीमा मुख्यमंत्री भगवंत मान के बगल वाली सीट, जो मंत्री के लिए रिजर्व होती है, उस पर बैठे नजर आए थे। डॉ. बलजीत कौर भी मिनिस्टर के लिए रिजर्व चेयर पर बैठी थीं। हालांकि इन दोनों के अलावा मंत्रियों के लिए रिजर्व चेयर पर अमन अरोड़ा, कुलतार सिंह संधवां, नरिंदर कौर भराज, प्रो. बलजिंदर कौर, सर्वजीत कौर माणुके, प्रिंसिपल बुधराम तथा मनजीत सिंह बिलासपुर भी बैठे थे मगर पहले कैबिनेट विस्तार में इनमें से किसी को जगह नहीं मिल रही। हां, कुलतार सिंह संधवा को विधानसभा स्पीकर बनाया जा सकता है।

आपको बता दें कि आप ने चुनाव में पंजाब के हर घर को 300 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा किया था। इसके अलावा सरकारी नौकरियां देने और 18 साल से बड़ी उम्र की हर महिला को प्रतिमाह 1000 रुपए देने की घोषणा की थी। स्कूल और अस्पतालों की स्थिति को भी चमत्कारिक तरीके से सुधारने का दावा किया था। अब पहली कैबिनेट मीटिंग में इन सभी फैसलों पर नजर रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here