इस तस्वीर को प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने ट्विटर अकाउंट पर पोस्ट किया है।

दिल्लीः कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के एक वीडियो को लेकर बवाल हो गया है। दरअसल प्रियंका गोवा के दौरे पर पहुंची, जहां पर उन्होंने लोक कलाकारों के साथ डांस किया, जिसको लेकर बवाल हो गया है। प्रियंका के इस डांस वाले वीडियो को लेकर बीजेपी नेताओं ने उन पर हमला बोला है। साथ ही साथ प्रियंका आम लोगों के निशाने पर आ गई हैं।

बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने इस वीडियो को साझा करते हुए प्रियंका गांधी पर तंज कसते हुए लिखा, “26/11 के वक्त राहुल गांधी ने भी देर रात तक पार्टी की थी। भाई की तरह ही प्रियंका गांधी भी उस वक्त गोवा में डांस कर रही हैं, जब पूरा देश सीडीएस जनरल बिपिन रावत के अंतिम संस्कार के कारण शोक में डूबा हुआ है। क्या कोई बात इससे भी ज्यादा शर्मनाक हो सकती है?”

वहीं बीजेपी प्रवक्ता शहजाद जय हिंद ने भी प्रियंका गांधी के वीडियो को लेकर हमला बोला और कहा, “एक तरफ पूरा देश वीरों को खोने का शोक मना रहा है। अभी तो सीडीएस बिपिन रावत के अंतिम दर्शन के समय पूरे देश की आंखें नम हैं। दूसरी ओर प्रियंका गांधी हंस रही हैं, नाच रही हैं और जश्न मना रही हैं। वह इस कार्यक्रम को आगे भी बढ़ा सकती थीं। लेकिन इन्होंने जानबूझकर ऐसा नहीं किया।“

वहीं बीजेपी के मीडिया सलाहकार शलभ मणि त्रिपाठी ने लिखा, “राष्ट्रीय क्षति पर जब पूरा देश गमजदा हो, दुखी हो, रो रहा हो, तभी गोवा से आ रही जश्न की ये तस्वीरें दिल को कचोटती हैं। देश और वीर सेना के लिए आपकी भावनाओं पर शक पैदा करती हैं।“

बीजेपी नेताओं के साथ आम लोगों ने भी इस वीडियो को लेकर प्रियंका गांधी पर हमला बोला है। शालिनी तिवारी नाम की यूजर ने लिखा, “इस परिवार की मूर्खता का कोई अंत नहीं है। क्या उनकी टीम में भी कोई समझदार नहीं था?” वहीं प्रियंका दुबे ने कांग्रेस नेता पर तंज कसते हुए लिखा है कि इनको कहां फर्क पड़ता है।’ दिनेश चौधरी ने लिखा, ‘इन्हें देश से कोई मतलब नहीं है।’ मंजू अग्रवाल लिखती हैं कि भारत शोक में डूबा है और भारत के दुश्मन नाचने का मौका क्यों छोड़ेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here