वाशिंगटन 45 वर्षीय  अनिल मेनन नासा (NASA) की क्लास 2021 का हिस्सा बनेंगे। अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा ने अनिल को अपने मून मिशन के लिए चयनित किया है। आपको बता दें कि नासा ने अपने मून मिशन के लिए 10 ट्रेनी एस्ट्रोनॉट को चुना है। इनमें भारतीय मूल के अनिल मेनन भी शामिल हैं। मौजूदा समय में अनिल अमेरिकी एयरफोर्स में लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर तैनात है और स्पेसएक्स में फ्लाइट सर्जन भी रहे। नासा द्वारा चयनित 10 लोगों में 6 पुरुष और 4 महिलाएं हैं। नासा 50 साल बाद चांद पर इंसान भेजने के प्रोजेक्ट पर काम कर रही है।

आपको बता दें कि अमेरिकी सेना में रहते हुए अनिल भारत में भी करीब एक साल गुजार चुके हैं। उस समय वे यहां पोलियो अभियान की स्टडी और उसके सपोर्ट के लिए भेजे गए थे। आपको बता दें कि चंद्रमा पर अब तक भारत का कोई अंतरिक्ष यात्री नहीं गया है। हालांकि अब तक भारत के 4 लोग अंतरिक्ष में जा चुके हैं। भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा थे। शर्मा के अलावा भारतीय मूल की कल्पना चावला, सुनीता विलियम्स और राजा चारी अंतरिक्ष में गए हैं। यदि अनिल नासा के मून मिशन का हिस्सा बनते हैं तो वे चंद्रमा पर जाने वाले भारतीय मूल के पहले व्यक्ति होंगे।

नासा के मून मिशन के लिए 12 हजार लोगों के आवेदन आए थे, इनमें ट्रेनिंग के लिए सिर्फ 10 को चुना गया है। ये लोग अगले साल जनवरी में टेक्सास के जॉनसन स्पेस सेंटर पर रिपोर्ट करेंगे। इसके बाद उन्हें 2 साल की ट्रेनिंग से गुजरना होगा। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद ये सभी नासा की आर्टेमिस जेनरेशन प्रोग्राम का हिस्सा बनेंगे। इस प्रोग्राम के तहत नासा 2025 में पहली महिला और एक पुरुष को चांद की सतह पर भेजने की योजना बना रहा है।

नासा द्वारा चयनित 10 लोगों में से अनिल के अलावा चुने गए अन्य 9 ट्रेनी एस्ट्रोनॉट में अमेरिकी एयरफोर्स के मेजर निकोल एयर्स और मेजर मार्कोस बेरियोसो, अमेरिकी  मरीन कॉर्प्स मेजर (रिटायर्ड) ल्यूक डेलाने, अमेरिकी नेवी के लेफ्टिनेंट कमांडर जेसिका विटनर और लेफ्टिनेंट डेनिज बर्नहैम, अमेरिकी नेवी कमांडर जैक हैथवे, क्रिस्टोफर विलियम्स, क्रिस्टीना बिर्चो और आंद्रे डगलस शामिल हैं।

कौन हैं अनिल?
अनिल मेनन अमेरिका के मिनेसोटा में पले-बढ़े हैं। उन्होंने 1999 में हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से न्यूरोबायोलॉजी में ग्रेजुएशन किया था। इनके के माता-पिता भारतीय और यूक्रेनियन थे। वे 2004 में कैलिफोर्निया की स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की। स्टैनफोर्ड मेडिकल स्कूल से उन्हें डॉक्टर की डिग्री भी मिली हुई है। उन्होंने इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर नासा  के कई अभियानों के लिए क्रू फ्लाइट सर्जन का भी रोल निभाया है।

अनिल 2014 में उन्होंने नासा के फ्लाइट सर्जन के तौर पर काम करना शुरू किया। वे सोयुज मिशन में भी शामिल रहे। 2018 में उन्होंने एलन मस्क की स्पेसएक्स जॉइन की। कंपनी की पहली ह्यूमन फ्लाइट के मेडिकल प्रोग्राम और तैयारियों में मदद की। उन्होंने स्टारशिप के निर्माण, एस्ट्रोनॉट प्रोग्राम, लॉन्च प्रोग्राम्स के लिए काम किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here