कोरोना वायरस के कारण राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। इस बीच यहां आज रात 10 बजे से 26 अप्रैल की सुबह 5 बजे तक यानी लॉकडाउन रहेगा। कोरोना वायरस से उत्पन्न स्थिति पर उपराज्यपाल अनिल बैजल के साथ बैठक के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को इसकी घोषणा की।

सीएम केजरीवाल ने कहा, ‘‘दिल्ली में कोरोना की चौथी लहर आई है। तीसरी लहर में रोजाना साढ़े आठ हजार मामले आ रहे थे। दुनिया के कई बड़े शहरों में छह हजार मामलों में हेल्थ सिस्टम चरमरा गया था। अब चौथी लहर में दिल्ली में रोजाना 25 हजार केस आ रहे हैं तो हमारा हेल्थ सिस्टम तनाव में आ गया है। इसकी रोकथाम के लिए कठोर कदम नहीं उठाए गए तो सिस्टम चरमरा जाएगा। एक अस्पताल में सोमवार को ऑक्सीजन खत्म हो गई। वहां बड़ा हादसा होते-होते बचा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उपराज्यपाल के साथ बैठक में इन मुद्दों पर चर्चा हुई। दिल्ली का हेल्थ सिस्टम अब बड़ी मात्रा में मरीजों को संभालने में सक्षम नहीं है। अगर अभी लॉकडाउन नहीं लगाया तो दिल्ली बुरी स्थिति में पहुंच जाएगी। आज रात 10 बजे से अगले सोमवार सुबह 5 बजे तक यानी छह दिन के लिए लॉकडाउन लगाया जा रहा है। जरूरी सेवाएं जारी रहेंगी। खाने-पीने और मेडिकल व्यवस्थाएं जारी रहेंगी। 50 लोगों के साथ शादियां हो सकेंगी। इसके लिए अलग से पास जारी होंगे। प्रवासी श्रमिकों से मेरी गुजारिश है कि ये छोटा सा लॉकडाउन है। दिल्ली छोड़कर मत जाइएगा। आने-जाने में ही पूरा समय खर्च हो जाएगा। उम्मीद है यह लॉकडाउन छोटा रहेगा। सरकार आपका ख्याल रखेगी।’’

लॉकडाउन के दौरान किस चीज पर रहेगी पाबंदी, किसकी होगी इजाजत

  • बेवजह घर बाहर निकलने की इजाजत नहीं होगी। सभी प्राइवेट ऑफिस को वर्क फ्रॉम होम ही करना होगा। सरकारी दफ्तर में आधे ही अफसर आ सकेंगे।
  • वैक्सीन लगवाने जाने वाले लोगों को लॉकडाउन में छूट मिलेगी। रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, बस स्टेशन जाने वाले लोगों को भी छूट मिलती रहेगी। उन्हें अपना वैलिड टिकट अपने साथ रखना होगा। मेट्रो, बस सर्विस चालू रहेंगी, लेकिन 50 प्रतिशत यात्रियों को इजाजत मिलेगी।
  • बैंक, एटीएम और पेट्रोल पंप खुले रहेंगे। धार्मिक स्थलों को खुला रखा जाएगा, लेकिन किसी विजिटर के जाने की इजाजत नहीं होगी।
  • आवश्यक क्षेत्र से जुड़े लोगों को आईडी कार्ड दिखाने पर ही बाहर सफर करने दिया जाएगा। एक राज्य से दूसरे राज्य में जाने वाले सार्वजनिक परिवहन जारी रहेंगे।
  • सार्वजनिक, राजनीतिक, धार्मिक कार्यक्रम के आयोजन पर पाबंदी रहेगी।  स्टेडियम में कोई मैच या आयोजन बिना दर्शकों के किया जाएगा।
  • सभी थियेटर्स, ऑडिटोरियम, स्पा, जिम, स्वीमिंग पूल को बंद रहेंगे। पहले से तय शादियों को छूट मिलेगी। उसके लिए भी ई-पास लेना होगा।

आपको बता दें कि दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार को जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार यहां पिछले 24 घंटों के दौरान इस संक्रमण के 25,462 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए, जबकि 20,159 लोग रिकवर हुए और 161 की मौत हो गई। दिल्ली में अब तक 8.79 लाख लोग इस जानलेवा विषाण की चपेट में जा चुके हैं। इनमें 7.66 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 12,121 मरीजों की जान चली गई। वहीं 74,941 मरीजों का उपचार चल रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here