स्पोर्ट्स डेस्क

प्रखर प्रहरी

अबु धाबीः आईपीएल में शुक्रवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ क्रिस गेल का जलवा देखने को मिला। यूनिवर्स बॉस के नाम से मशहूर गेल ने इस मैच के आठ छक्कों से सजी 99 रन की पारी खेली। इसके साथ ही गेल ने टी-20 में 1000 छक्का जड़ने की अद्भुत उपलब्धि हासिल कर ली। गेल की इस पारी की बदौलत ने पंजाब ने राजस्थान के खिलाफ 20 ओवर में चार विकेट पर 185 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

राजस्थान के खिलाफ 41 वर्षीय गेल ने कमाल की बल्लेबाजी की। उन्होंने 63 गेंदों पर 99 रन की आतिशी पारी के दौरान छह चौके और आठ छक्के उड़ाए। गेल ने इन आठ छक्कों से टी-20 क्रिकेट में 1000 छक्के पूरे करने वाला पहला खिलाड़ी बनने की उपलब्धि हासिल की। गेल के अब तक टी-20 में 1001 छक्के जड़े हैं। वेस्ट इंडीज के गेल के बाद टी-20 में सर्वाधिक छक्के लगाने के मामले में दूसरे नंबर वेस्ट इंडीज के ही कीरोन पोलार्ड हैं, जिनके नाम 690 छक्के हैं। 

क्रिस गेल आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर बोल्ड हो गए और इस तरह से शतक बनाने से चूक गए। जोफ्रा आर्चर ने जैसे ही गेल को बोल्ड किया, गेल ने निराश होकर अपना बल्ला मैदान में फेंक दिया। वह शतक पूरा करने के हकदार थे। गेल ने आर्चर की तीसरी गेंद पर छक्का मारा था, लेकिन अगली गेंद पर आर्चर ने गेल का शिकार कर लिया।

क्रिस गेल ने पंजाब के कप्तान लोकेश राहुल के साथ दूसरे विकेट के लिए 120 रन की शानदार साझेदारी की। राहुल ने 41 गेंदों पर 46 रन में तीन चौके और दो छक्के लगाए। गेल ने फिर निकोलस पूरन के साथ तीसरे विकेट के लिए 41 रन जोड़े।  पूरन ने 10 गेंदों पर 22 रन में तीन छक्के लगाए। इस मैच में ग्लेन मैक्सवेल छह और दीपक हुड्डा एक रन बनाकर नाबाद रहे। ओपनर मनदीप सिंह खाता खोले बिना आउट हुए। राजस्थान की तरफ से आर्चर ने 26 रन पर दो विकेट और बेन स्टोक्स ने 32 रन पर दो विकेट लिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here