दिल्ली : दिल्ली-एनसीआर सहित पूरे उत्तर भारत में आसमान से आग बरसने वाली है। भीषण गर्मी से लोगों का बुरा है। हालांकि पिछले दो दिन में हुई बारिश ने लोगों को थोड़ी राहत पहुंचाई थी, लेकिन अब वह राहत खत्म होने वाली है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले पांच दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में दिन के तापमान (अधिकतम) में 2-3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होगी। इसके साथ ही देश के कई हिस्सों में फिर से गर्मी का प्रकोप देखने को मिलेगा।

लू को लेकर येलो अलर्टः मौसम विभाग ने कहा है कि 22-24 अप्रैल के दौरान दक्षिणी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में लू चलने की संभावना है। 23-24 अप्रैल को राजस्थान और हरियाणा में; और 21-23 अप्रैल के दौरान विदर्भ में लू चलने की संभावना है। इन क्षेत्रों के लिए ‘येलो’ (सावधान रहें) अलर्ट जारी करते हुए आईएमडी ने लोगों, खासकर बुजुर्गों और शिशुओं को गर्मी के संपर्क में आने से बचने की सलाह दी है।

पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश के आसारः पूर्वोत्तर में मंगलवार से भारी बारिश का एक नया दौर देखने को मिल सकता है। वहीं, पूर्वी भारत में अगले चार दिनों में तापमान में 4-6 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है। 8 अप्रैल के आसपास लू की स्थिति चरम पर थी, जब पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में पारा 46 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया था। उसके बाद, 9 से 12 अप्रैल तक और पिछले सप्ताह एक और बारिश ने तापमान को कई डिग्री नीचे ला दिया। रविवार को, महाराष्ट्र का चंद्रपुर 44.6 डिग्री सेल्सियस के साथ भारत का सबसे गर्म स्थान रहा।

बात राष्ट्रीय राजधानी करें, तो यहां लोगों को तीन साल में सबसे गर्म अप्रैल की रात का सामना करना पड़ा। राजधानी में न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के साथ,अप्रैल में सफदरजंग में रात का तापमान आखिरी बार 2022 (14 अप्रैल) में 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। अगले दो दिनों में दिन का तापमान 39-41 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, लेकिन उसके बाद इसमें और वृद्धि होगी।

मध्य प्रदेश के सीधी में रविवार को पारा 44 डिग्री के पार पहुंच गया, जबकि 40 शहर ऐसे रहे, जहां तापमान 40 डिग्री या इससे अधिक रहा। असम, मेघालय, मिजोरम अरुणाचल प्रदेश में तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने सोमवार को 23 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल समेत देश के उत्तर-पूर्वी राज्यों में भी आंधी-तूफान आने की आशंका है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है।

जम्मू-कश्मीर के रामबन में रविवार को बादल फटने से 03 लोगों की मौत हो गई। करीब 200 घरों को नुकसान पहुंचा। इसके अलावा उधमपुर में नेशनल हाईवे 44 बंद हो गया। कश्मीर घाटी के स्कूल एक दिन के लिए बंद कर दिए गए हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि जम्मू-कश्मीर में आज भी इसी तरह का मौसम रह सकता है।

राजस्थान में लगातार दूसरे दिन रविवार को तापमान में गिरावट देखने को मिली। ऐसे में लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली। इधर, 23 अप्रैल को जैसलमेर, बाड़मेर, बूंदी और कोटा में हीट वेव का अलर्ट है। चूरू प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां का अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here