संवाददाताः संतोष कुमार दुबे
दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रविवार को श्री श्याम कृपा मंडल खारी बावली 21वें वार्षिक श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव में शामिल हुई। यहां फतेहपुरी स्थित नेशनल क्लब में आयोजित इस कार्यक्रम में रेखा गुप्ता के अलावा दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, केन्द्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, सांसद योगेन्द्र चांदोलिया, कमलजीत सहरावत और बाँसुरी स्वराज, दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद, मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा के आलावा कई विधायक भी शामिल हुए।
श्रद्धेय पूनम दीदी (वृंदावन), महाराज चित्र विचित्र (वृंदावन), हरमहेन्द्र सिंह रोमी (झारखंड), श्री श्याम मंदिर दिल्ली के बबली जी महाराज के आलावा सुश्री हर्षिता रस्तोगी और सुश्री रिकू गोयल के संकीर्तन का श्याम भक्तों ने आनंद उठाया।
इस अवसर पर सीएम रेखा गुप्ता और वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, “आज ईश्वर कृपा से दिल्ली में सनातनी सरकार है और श्याम के सहारे सरकार दिल्ली के नवनिर्माण, यमुना की सफाई और महिला सम्मान के वादे को पूरा करेगी।”
श्री श्याम कृपा मंडल की ओर से पदाधिकारियों प्रवीण शंकर कपूर, योगेश गर्ग, बालकिशन अग्रवाल, विनोद सिंहल, वरूण खेमका, लव अग्रवाल, श्री नीरज गर्ग, पंकज गोयल ने गणमान्य भजन गायकों और विशेष अतिथियों का स्वागत किया।