संवाददाताः संतोष कुमार दुबे

दिल्लीः रेखा गुप्ता मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के छह घंटे बाद अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ यमुना घाट पहुंची। पूजा-अर्चना और आरती की। इसके बाद सचिवालय में पहली कैबिनेट मीटिंग की। करीब एक घंटे चली इस बैठक में कई अहम फैसले लिये गये।

दिल्ली की बीजेपी सरकार ने कैबिनेट की पहली बैठक में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आयुष्मान भारत योजना लागू करने और विधानसभा के सत्र में 14 CAG रिपोर्ट्स पेश करने को मंजूरी दी गई है।

आपको बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में यमुना की सफाई बड़ा मुद्दा था। बीजेपी ने भी अपने मेनिफेस्टो में यमुना की सफाई का वादा किया था। यह कार्यक्रम इसी से जोड़कर देखा जा रहा है।

इससे पहले रेखा ने आज दोपहर 12:30 बजे दिल्ली के रामलीला मैदान में शपथ ली। रेखा शालीमार बाग सीट से पहली बार की विधायक हैं। वह दिल्ली की 9वीं और चौथी महिला सीएम बन गई हैं। रेखा से पहले सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी मुख्यमंत्री रहीं।

इस समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी मोदी, अमित शाह के अलावा बीजेपी शासित 20 राज्यों के सीएम, डिप्टी सीएम भी मौजूद रहे। AAP नेता अरविंद केजरीवाल और आतिशी शपथ में नहीं पहुंचे। हालांकि, AAP की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल मंच पर दिखीं।

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मंच पर असम के मुख्यमंत्री हेमंत विश्व शर्मा, गोवा के  मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी,  मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला,  छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल  शर्मा, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, उप मुख्यमंत्री  पवन कल्याण, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, उप मुख्यमंत्री  एकनाथ शिन्दे और अजीत पवार, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद  मौर्य तथा ब्रजेश पाठक, बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा,  पूर्वोत्तर के नेतागण दिल्ली के सभी सांसद, महापौर तथा केन्द्रीय मंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड के नेता राजीव रंजन सिंह ऊर्फ लल्लन सिंह उपस्थित थे।        

रेखा गुप्ता के अलावा 06 मंत्रियों को भी उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इनमें अरविंद केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह शामिल है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार AAP सरकार के दौरान नेता प्रतिपक्ष रहे विजेंद्र गुप्ता स्पीकर होंगे और छठी बार विधायक बने मोहन सिंह बिष्ट को डिप्टी स्पीकर बनाया जाएगा।

मैं शीशमहल में नहीं रहूंगीः शपथ से पहले रेखा गुप्ता ने गुरुवार सुबह मीडिया से बातचीत में कहा, ‘यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। मुझ पर भरोसा जताने के लिए मैं PM मोदी और पार्टी हाईकमान का शुक्रिया अदा करती हूं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं दिल्ली की CM बनूंगी। मैं शीशमहल में नहीं रहूंगी।’

दिल्ली के मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास को बीजेपी ने शीशमहल नाम दिया था। अरविंद केजरीवाल ने इसे बनवाया था। भाजपा का आरोप है कि केजरीवाल ने इसे बनवाने में नियमों को ताक पर रखकर करोड़ों रुपए खर्च किए थे। भाजपा ने इसे चुनावी मुद्दा भी बनाया था

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here