दिल्ली: राष्ट्र राजधानी के विकासपुरी में पदयात्रा के दौरान आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमले की कोशिश हुई है।  AAP ने शुक्रवार को कहा कि  ‘बीजेपी के कुछ गुंडों ने उन पर हमला करने की कोशिश की।’ AAP का आरोप है कि ‘बीजेपी के गुंडे केजरीवाल के करीब आ गए और पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश नहीं की।’ पार्टी ने पुलिस से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट लिखा, ‘जब ED, CBI और जेल से भी बात नहीं बनी, तो अब बीजेपी वाले अरविंद केजरीवाल जी पर हमले करवा रहे हैं। अगर केजरीवाल जी को कुछ भी होता है, तो उसके लिए बीजेपी सीधे तौर पर जिम्मेदार होगी।’

वहीं आप नेता एवं राज्यसभा के सदस्य संजय सिंह ने एक्स पर वीडियो पोस्ट कर लिखा, ‘भाजपा वाले अरविंद केजरीवाल जी की जान के दुश्मन बन गए है। पहले ED-CBI का इस्तेमाल करके झूठे मुकदमे लिखे, जेल में डाला, इंसुलिन बंद की, जान से मारने की कोशिश की और अब अरविंद केजरीवाल पर भाजपा के गुंडों का हमला। भाजपा केजरीवाल जी को खत्म करना चाहती है। अगर अरविंद केजरीवाल जी को कुछ भी होता है तो उसके लिए भाजपा जिम्मेदार होगी।’

AAP नेता एवं दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, ‘अरविंद केजरीवाल जी पर हुआ हमला बेहद निंदनीय और चिंताजनक है। यह साफ है कि भाजपा ने अपने गुंडों से यह हमला कराया है। अगर अरविंद केजरीवाल जी को कुछ होता है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी भाजपा पर होगी। हम डरने वाले नहीं हैं—आम आदमी पार्टी अपने मिशन पर डटी रहेगी।

उन्होंने आगे लिखा, ‘अरविंद केजरीवाल जी को भाजपा ने पहले जेल में मारने की कोशिश की। अब कोर्ट ने उन्हें रिहा किया है और वो अपनी दिल्ली की जनता से मिलने रोज बाहर निकल रहे हैं तो भाजपा उनको अपने गुंडों द्वारा मारने की कोशिश कर रही है। भाजपा अरविंद केजरीवाल जी को किसी भी तरह से खत्म करना चाहती है क्योंकि उनको चुनावों में वो कभी नहीं हरा पायेंगे।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here