स्टॉकहोम: इस साल यानी 2024 में फिजिक्स के नोबेल प्राइज AI के गॉडफादर कहे जाने वाले जैफ्री ई. हिंटन और अमेरिकी वैज्ञानिक जॉन जे. होपफील्ड को मिला है। उन्हें मशीन लर्निंग को सक्षम बनाने वाली खोजों के लिए भौतिकी के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंस ने मंगलवार को इस पुरस्कार का ऐलान किया है।

नोबेल समिति ने अपने बयान में कहा है कि भौतिकी के लिए इस साल का नोबेल पुरस्कार पाने वाले वैज्ञानिकों ने मशीन लर्निंग की बुनियाद समझे जाने वाले तरीके की खोज के लिए भौतिकी के उपकरणों का इस्तेमाल किया है। होपफील्ड ने प्रिंसटन यूनिवर्सिटी में अपना अनुसंधान किया और हिंटन ने यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो में शोध कार्य किया है। होपफील्ड प्रिंसटन विश्वविद्यालय में आण्विक जीवविज्ञान के पूर्व प्रोफेसर एमेरिटस हॉवर्ड से जुड़े हुए हैं और हिंटन टोरंटो विश्वविद्यालय में कंप्यूटर विज्ञान विभाग में एक एमेरिटस प्रोफेसर हैं।

इससे पहले सोमवार को दो अमेरिकी वैज्ञानिकों को माइक्रो आरएनए की खोज के लिए चिकित्सा के नोबेल पुरस्कार के लिए चुना गया। बुधवार को रसायन विज्ञान और बृहस्पतिवार को साहित्य के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार विजेताओं की घोषणा की जाएगी। शांति के लिए नोबेल पुरस्कार की घोषणा शुक्रवार को और अर्थशास्त्र के लिए यह घोषणा 14 अक्टूबर को की जाएगी।

नोबेल पुरस्कार में 10 लाख अमेरिकी डॉलर की नकद राशि दी जाती है। यह धन पुरस्कार के संस्थापक स्वीडिश नागरिक अल्फ्रेड नोबेल की संपत्ति में से दिया जाता है, जिनका 1896 में निधन हो गया था। नोबेल पुरस्कार विजेताओं को नोबेल की पुण्यतिथि 10 दिसंबर पर सम्मानित किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here