Deprecated: The PSR-0 `Requests_...` class names in the Requests library are deprecated. Switch to the PSR-4 `WpOrg\Requests\...` class names at your earliest convenience. in /home1/prakhndx/public_html/wp-includes/class-requests.php on line 24
Today History 30 April: हिटलर ने की थी खुदकुशी, मौत से एक दिन पहले प्रेमिका से रचाया था ब्याह - Prakhar Prahari
Subscribe for notification
Categories: शिक्षा

Today History 30 April: हिटलर ने की थी खुदकुशी, मौत से एक दिन पहले प्रेमिका से रचाया था ब्याह

दिल्लीः दुनिया तानाशाहों का जब भी कभी नाम लिया जाता है, तो हिटलर का नाम सबसे पहले आता है। 30 अप्रैल 1945 दोपहर के समय में जर्मन तानाशाह एडोल्फ हिटलर को लगने लगा कि अब वह नहीं जीत पाएगा, उसकी हार तय है, लेकिन वह किसी भी कीमत पर जिंदा दुश्मन के हाथ नहीं आना चाहता था। लिहाजा उसने आत्महत्या करने का फैसला किया। उसने बंकर में मौजूद अपने साथियों के बीच जहर की छोटी-छोटी शीशियां बांटीं। जहर की घातकता हिटलर के अल्शेसियन कुत्ते पर पहले ही आजमा ली गई थी।

साढ़े तीन बजे हिटलर की पत्नी इवा ब्राउन ने जहर निगला। उसी क्षण हिटलर ने भी 7.65 मिलीमीटर की नली वाली अपनी पिस्तौल को दाहिनी कनपटी रख कर अपने सिर में गोली मार ली। उसका निजी सेवक हाइंत्स लिंगे कुछ ही मिनट बाद कमरे में आया। दोनों शवों को कंबलों में लपेटा और नाजी पार्टी के दो SS सैनिकों की मदद से चांसलर कार्यालय के लॉन में ले जाकर जला दिया। दोनों शवों को जलाने के लिए काफी पेट्रोल उड़ेला गया। शवों के बचे-खुचे हिस्से को बंकर के पास बने एक गढ्ढे में डाल कर दफना दिया गया।

दरअसल सेकेंड वर्ल्ड वॉर में जर्मनी हार की कगार पर था। इस वजह से 16 जनवरी 1945 से हिटलर अपने राइश-चांसलर कार्यालय के लॉन में बने तीन मीटर मोटी दीवारों वाले भूमिगत बंकर में रहने लगा था।

25 अप्रैल को ही हिटलर ने अपने निजी अंगरक्षक हींज लिंगे को बुला कर कहा था कि जैसे ही मैं अपने आप को गोली मारूं तो तुम मेरे शव को चांसलरी के बगीचे में ले जा कर उसमें आग लगा देना, ताकि मौत के बाद कोई मुझे देखे नहीं और न ही पहचान नहीं पाए।

सोवियत सेना ने 25 अप्रैल से बर्लिन को घेर लिया था। समझा जाता है कि 27 अप्रैल के दिन हिटलर ने तय कर लिया था कि वह सोवियत सेना के हाथों में पड़ने के बदले आत्महत्या कर लेगा। इसके बाद 28 अप्रैल की मध्यरात्रि को हिटलर ने लंबे समय की अपनी प्रेमिका इवा ब्राउन के साथ अपने बंकर में ही शादी रचाई। उसका प्रचारमंत्री गोएबल्स इस विवाह का साक्षी बना।

प्रचार मंत्रालय के ही एक अधिकारी ने विवाह की विधिवत रजिस्ट्री की। हिटलर ने उसी रात अपनी टाइपिस्ट ट्राउडल युंगे को सामने बिठा कर अपना वसीयतनामा लिखवाया। वसीयत का निजी हिस्सा बहुत छोटा था। उसमें उसने लिखवाया कि वह अब जीना नहीं चाहता। उसके पास जो भी संपत्ति है, उसे वह पार्टी और देश के नाम कर रहा है।

एडोल्फ हिटलर का पेट काफी नाज़ुक था। उसे पार्किंसन रोग सहित कई शारीरिक तथा मानसिक कष्ट थे। वह सादा खाना ही खाया करता था। 20 अप्रैल 1945 को हिटलर ने बंकर में ही अपना 56वां जन्मदिन मनाया। कहते हैं कि उस दिन की दावत में खूब शैम्पेन बही थी।

दादा साहेब फाल्के का जन्मः आज से करीब 153 साल पहले 30 अप्रैल 1870 को धुंडीराज गोविंद फाल्के यानी दादा साहेब फाल्के का जन्म हुआ था। बॉम्बे के अमेरिका-इंडिया पिक्चर पैलेस में मई 1910 में फिल्म दिखाई जा रही थी। उस फिल्म का नाम था ‘द लाइफ ऑफ क्राइस्ट’। जैसे ही फिल्म खत्म हुई दर्शकों में बैठा एक व्यक्ति जोर-जोर से तालियां बजाने लगा। उस व्यक्ति ने वहीं ये फैसला किया कि वह भी ईसा मसीह की तरह भारतीय पौराणिक किरदारों पर फिल्म बनाएगा। उस व्यक्ति के इस प्रण ने भारतीय सिनेमा की पहली फीचर फिल्म राजा हरिश्चंद्र को जन्म दिया। इस फिल्म को बनाने वाले का नाम था धुंडीराज गोविंद फाल्के, जिन्हें हम आज दादा साहेब फाल्के के नाम से जानते हैं और आज उनका 152वां जन्मदिन है।

दादा साहेब एक हरफनमौला व्यक्तित्व थे। फिल्में बनाने से पहले उन्होंने पेंटिंग, प्रिंटिंग जैसे कई काम किए। जब ‘द लाइफ ऑफ क्राइस्ट’ देखी तो उन्होंने सब छोड़ फिल्में बनाने का फैसला लिया। उस जमाने में फिल्में बनाना आसान नहीं था। पैसा, कलाकार, इक्विपमेंट तमाम परेशानियां थीं, लेकिन प्रण लेने वाला व्यक्ति भी कोई साधारण व्यक्ति नहीं था। दादा साहेब ने तमाम परेशानियों के बावजूद ये कारनामा कर दिखाया।

फिल्म बनाने के लिए सबसे पहले पैसों की जरूरत थी। कला नई थी, कलाकार भी नया था, इसलिए कोई भी फिल्मों में पैसा नहीं लगाना चाहता था। लोगों को यकीन नहीं था कि दादा साहेब फिल्म बना भी पाएंगे, लेकिन दादा साहेब ने प्रोड्यूसर को यकीन दिलाने के लिए पौधों के विकास पर छोटी फिल्म बनाई। तब जाकर दो लोग उन्हें पैसा देने के लिए राजी हुए, लेकिन ये काफी नहीं था। दादा साहेब ने अपनी पत्नी के गहने गिरवी रखे। संपत्ति भी गिरवी रखी। कर्ज भी लिया। दादा साहेब ने पैसों के लिए जो हो सकता था, वह सब किया। 1912 में फिल्म की तकनीक सीखने लंदन गए। वहां से एक कैमरा और फिल्म के लिए कुछ जरूरी सामान लेकर आए। फिल्म को बंबई में शूट करने का निर्णय लिया गया।

फिल्म में राजा हरिश्चंद्र की पत्नी तारामती के रोल के लिए महिला अभिनेत्री की जरूरत थी। उस समय फिल्मों में काम करना एक सभ्य पेशा नहीं माना जाता था। कोई भी महिला रोल के लिए राजी नहीं हुई। थक-हारकर फाल्के रेड लाइट एरिया में गए, लेकिन वहां कुछ नहीं हुआ। तब उन्होंने एक बावर्ची अन्ना सालुंके को तारामती के रोल के लिए चुना। उस समय मराठी थिएटर में महिलाओं की भूमिका भी पुरुष ही निभाते थे। इस फिल्म में भी ऐसा ही हुआ। फिल्म में राजा हरिश्चंद्र का किरदार दत्तात्रय दामोदर, उनके बेटे रोहित का किरदार दादा साहेब फाल्के के बेटे भालचंद्र फाल्के ने निभाया।

एक प्रसिद्ध कहावत है कि हर सफल पुरुष के पीछे एक महिला का हाथ होता है। दादा साहेब फाल्के की सफलता में भी उनकी पत्नी सरस्वती का साथ था। फिल्म में वो पर्दे पर भले ही नजर न आई हों, लेकिन पर्दे के पीछे उन्होंने मुख्य किरदार निभाया। फिल्म के निर्माण में लगभग 500 लोग लगे हुए थे। सरस्वती सभी के लिए खाना बनाने, कपड़े धोने, क्रू के सोने और रहने के साथ-साथ फिल्म प्रोडक्शन का भी सारा काम संभालती थीं। फिल्म निर्माण में सरस्वती के अलावा एक भी महिला सेट पर नहीं होती थी।

तमाम कठिनाइयों के बाद आखिरकार करीब 7 महीने बाद फिल्म बनकर तैयार हुई। 3 मई 1913 वो दिन था जब भारतीय सिनेमा इतिहास की पहली फीचर फिल्म को आम दर्शकों के लिए रिलीज किया गया। फिल्म हिट रही। अगले साल ये फिल्म लंदन में भी रिलीज की गई। राजा हरिश्चंद्र पहली फीचर फिल्म होने के साथ-साथ पूरी तरह भारतीय फिल्म थी। फिल्म से जुडे़ सभी काम भारतीय कलाकारों ने ही किए थे।

इसके साथ ही भारतीय सिनेमा में फिल्मों का कारवां शुरू हो गया। इन दादा साहेब यानी धुंडीराज गोविंद फाल्के का जन्म आज से करीब 152 साल पहले 30 अप्रैल 1870 को हुआ। उनके पिता गोविंद सदाशिव फाल्के संस्कृत के विद्धान थे। मंदिर में पुजारी थे। उन्होंने नासिक से पढ़ाई की। सर जेजे स्कूल ऑफ आर्ट, मुंबई में नाटक और फोटोग्राफी की ट्रेनिंग ली। उन्होंने जर्मनी से मशीन लाकर प्रिंटिंग प्रेस भी खोली और एक मैगजीन का प्रकाशन भी किया।
आज भले ही भारतीय फिल्में लोकप्रियता और बजट के मामले में किसी से कम नहीं हों, शुरुआत में परिस्थितियां ऐसी नहीं थी। शुरुआती फिल्में मूक होती थीं यानी उनमें डायलॉग और संगीत नहीं होता था। इस कमी को दूर करने के लिए लाइव संगीत दिया जाता था। कलाकारों का एक दल पर्दे के नीचे बैठकर सीन के मुताबिक संगीत दिया करता था। लड़ाई और हिंसा के दृश्यों के लिए कई बार शोर मचाकर माहौल बनाते थे।

देश की पहली फीचर फिल्म किसे माना जाए इस बात को लेकर विवाद है। साल 1912 में राम गोपाल तोरने की फिल्म ‘श्री पुंडलीक’ रिलीज हुई थी। तोरने के परिवार वालों का दावा है कि ‘श्री पुंडलिक’ पहले रिलीज हुई थी इसलिए भारत की पहली फीचर फिल्म का दर्जा इसे मिलना चाहिए। अप्रैल 2013 में तोरने के परिवार ने बॉम्बे हाई कोर्ट में एक मुकदमा भी दाखिल किया। जानकारों का कहना है कि ‘श्री पुंडलीक’ को भारत की पहली फीचर फिल्म का दर्जा इसलिए नहीं दिया गया, क्योंकि यह फिक्स कैमरा पर शूट हुई थी और इसका प्रोडक्शन का काम भी लंदन में हुआ था। फिल्म के कैमरामैन भी ब्रिटिश थे, जबकि राजा हरिश्चंद्र पूर्ण रूप से भारत में ही बनी थी। यही वजह है कि राजा हरिश्चंद्र को ही भारत की पहली फीचर फिल्म माना जाता है। मराठी में हरिश्चंद्राची फैक्टरी नाम से फिल्म बनी है, जिसमें दादा साहेब के पहली फिल्म बनाने के संघर्ष को दिखाया गया है।

भारतीय सिनेमा में दादा साहब के ऐतिहासिक योगदान के चलते 1969 से भारत सरकार ने उनके सम्मान में ‘दादा साहब फाल्के’ अवार्ड की शुरुआत की। इस पुरस्कार को भारतीय सिनेमा का सर्वोच्च और प्रतिष्ठित पुरस्कार माना जाता है। सबसे पहले देविका रानी चौधरी को यह पुरस्कार मिला था। हाल ही में तमिल स्टार रजनीकांत को 51वें दादा साहेब फाल्के पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। आइए एक नजर डालते हैं देश और दुनिया 30 अप्रैल को घटित हुईं महत्वपूर्ण घटनाओं पर…

1030: गजनवी वंश के पहले स्वतंत्र शासक सुल्तान महमूद का निधन।
1598: अमेरिका में पहली बार थियेटर का आयोजन।
1789: जॉर्ज वॉशिंगटन सर्वसम्मति से अमेरिका के पहले राष्ट्रपति चुने गए।
1870: भारतीय सिनेमा के पितामह धुंदीराज फाल्के उर्फ दादा साहब फाल्के का जन्म।
1908: खुदीराम बोस और प्रफुल्ल चाकी ने मुजफ्फरपुर में किंग्सफोर्ड के मजिस्ट्रेट की हत्या करने के लिए बम फेंका, लेकिन दो बेगुनाह बम की चपेट में आकर मारे गए।
1945: जर्मन तानाशाह हिटलर एवं उसकी पत्नी इवा ब्राउन ने आत्महत्या की।
1956: अमेरिका के पूर्व उप राष्ट्रपति एल्बेन बार्कली की वर्जीनिया में एक भाषण के दौरान मौत।
1973: अमेरिका के राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन ने देश के राष्ट्रपति के नाते वॉटरगेट कांड की ज़िम्मेदारी ली हालांकि उन्होंने साफ तौर पर कहा कि वह निजी तौर पर इसके लिए जिम्मेदार नहीं हैं।
1975: वियतनाम युद्ध का अंत हुआ। तीन दिन के सत्तारूढ़ राष्ट्रपति दुओंग वैन मिन्ह ने अपनी सेनाओं से समर्पण करने और उत्तरी वियतनामियों से हमले रोकने को कहा।
1991: बांग्लादेश में भीषण चक्रवात में सवा लाख से अधिक लोगों की मौत और 90 लाख लोग बेघर।
1993: जर्मनी के हैम्बर्ग शहर में एक मैच के दौरान उस समय की दुनिया की नंबर एक टेनिस खिलाड़ी मोनिका सेलेज़ को छुरा मारकर घायल कर दिया गया।
2008: चालक रहित विमान “लक्ष्य” का ओडिशा के बालासोर जिले के चांदीपुर समुद्र तट से सफलतापूर्वक परीक्षण किया गया।
2020: अभिनता ऋषि कपूर का निधन।

General Desk

Recent Posts

वेद भौतिक-आध्यात्मिक ज्ञान की निधि व अखिल ब्रह्माण्ड के मूल हैं: भागवत

संवाददाताः संतोष कुमार दुबे, प्रखर प्रहरी दिल्लीः राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने वेदों को भौतिक…

2 days ago

भारत बना एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का विजेता, पांचवीं बार जीता खिताब जीता, फाइनल में चीन को

स्पोर्ट्स डेस्कः भारत हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का चैंपियन बन गया है। टीम इंडियान ने मंगलवार को हुए फाइनल मुकाबले…

3 days ago

अगस्त में वाणिज्यक-वस्तु निर्यात में वार्षिक आधार पर 9.3 प्रतिशत की गिरावट

दिल्लीः  देश से वाणिज्यिक वस्तुओं का निर्यात अगस्त 2024 में सालाना 9.3 प्रतिशत घटकर 34.71 अरब डॉलर रहा।  पिछले साल इसी…

3 days ago

आतिशी होंगी दिल्ली की मुख्यमंत्री, सरकार बनाने का दावा पेश किया; भाजपा बोली- मेकओवर से दाग नहीं छुपेंगे

दिल्लीः दिल्ली को नई मुख्यमंत्री मिल गई हैं। आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी मार्लेना दिल्ली की नई मुख्यमंत्री होंगी।…

3 days ago

आरएसएस के विजयादशमी कार्यक्रम में शामिल होंगे डॉ. राधाकृष्णन

संवाददाताः संतोष कुमार दुबे नागपुरः विजयादशमी के मौके पर महाराष्ट्र के नागपुर में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस)…

4 days ago

मेरा मजाक उड़ाया गया, मैं सरदार की भूमि में पैदा हुआ बेटा, चुपचाप देशहित में नीति बनाने में लगा रहाः मोदी

अहमदाबाद: गुजरात दौरे के दूसरे दिन सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अहमदाबाद के GMDC मैदान में आयोजित भव्य स्वागत समारोह…

4 days ago