Subscribe for notification
शिक्षा

Today History 13 April: जनरल डायर ने जसियांवाला बाग में चलवाई थी निहत्थे लोगों पर गोलियां, मारे गए थे एक हजार लोग

दिल्लीः साल था 1919 और ब्रिटिश सरकार रॉलेट एक्ट को लाने की तैयारी कर रही थी। इस एक्ट से ब्रिटिश सरकार को ये ताकत मिल जाती कि वह किसी भी भारतीय को बिना किसी मुकदमे के जेल में बंद कर सकती थी। भारतीयों ने इस एक्ट का पुरजोर विरोध किया। इसके बावजूद 8 मार्च से इस एक्ट को लागू कर दिया गया। विरोध में जगह-जगह हड़ताल और प्रदर्शन होने लगे। गांधी जी ने इस कड़ी में 6 अप्रैल को देशव्यापी हड़ताल की।

पूरे देश की तरह पंजाब में भी विरोध प्रदर्शन हो रहे थे। 9 अप्रैल को पुलिस ने अमृतसर के लोकप्रिय नेताओं डॉ. सत्यपाल और सैफुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया। इन नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में 10 अप्रैल को एक प्रदर्शन हुआ जिसमें पुलिस की गोलीबारी में कुछ प्रदर्शनकारी मारे गए। हालात बिगड़ते देख सरकार ने पंजाब में मार्शल लॉ लागू कर कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी ब्रिगेडियर जनरल डायर को सौंप दी।

इसके बावजूद प्रदर्शन रुके नहीं। रॉलेट एक्ट को वापस लेने और अपने नेताओं की रिहाई की मांग को लेकर 13 अप्रैल को अमृतसर के जलियांवाला बाग में एक सभा रखी गई। सभा में 25 से 30 हजार लोग मौजूद थे। तभी वहां जनरल डायर अपने सैनिकों के साथ आ धमका और सभा में मौजूद निहत्थे लोगों पर गोली चलाने का आदेश दे दिया। बाग में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए भागने लगे। कई लोग बाग में मौजूद कुएं में कूद गए। करीब 10 मिनट तक गोलीबारी चलती रही जिसमें करीब 1 हजार लोगों की मौत हुई। हालांकि इस कांड की जांच के लिए बनी हंटर कमेटी ने मरने वालों की संख्या 379 ही बताई।

इस हत्या कांड के दौरान वहां उधम सिंह नाम के एक युवा भी मौजूद थे। वह पूरे नरसंहार का गवाह थे। उन्होंने ब्रिटिश सरकार के इस जुल्म का बदला लेने की ठानी। उधम सिंह ने जनरल डायर और तत्कालीन पंजाब के गवर्नर माइकल ओ डायर को सबक सिखाने की कसम खाई, लेकिन जुलाई 1927 में जनरल डायर की ब्रेन हेमरेज से मौत हो गई। अब उधम सिंह के निशाने पर माइकल ओ डायर था। 13 मार्च 1940 को लंदन के कैक्सटन हॉल में बैठक थी। वहां माइकल ओ डायर भी मौजूद था। उधम सिंह भी वहां पहुंच गए। बैठक के बाद उधम सिंह ने पिस्टल से 6 फायर किए। दो गोलियां माइकल ओ डायर को लगी और इसी के साथ जलियांवाला बाग का बदला पूरा हुआ।

लाल किले का निर्माण कार्य पूरा हुआः शाहजहां ने 1638 में अपनी राजधानी आगरा को दिल्ली लाने के बारे में सोचा। इसके लिए दिल्ली में लाल किले का निर्माण शुरू किया गया। 13 मई 1638 को किले की नींव रखी गई। ये मोहर्रम का दिन था। इसके 10 साल बाद आज ही के दिन लाल किले का निर्माण पूरा हुआ। शाहजहां को लाल रंग से लगाव था इसलिए किले को लाल बलुआ पत्थरों से बनाने का निर्णय लिया गया और इसी वजह से इसे लाल किले के नाम से जाना जाने लगा। भारतीय प्रधानमंत्री हर साल 15 अगस्त को लालकिले से ही अपना स्वतंत्रता दिवस भाषण देते हैं। 2007 में इसे यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल घोषित किया गया था।

पहले एशिया कप में पाकिस्तान को हराकर भारत बना था चैम्पियनः 13 अप्रैल 1984। चिर प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप का फाइनल मैच। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 188 रन बनाए। इसके जवाब में पाकिस्तानी टीम 134 रनों पर ढेर हो गई। भारत ने ये मैच 54 रनों से जीत लिया। इसी के साथ भारत ने पहला एशिया कप जीत लिया। भारत अब तक रिकॉर्ड 7 बार ये टूर्नामेंट जीत चुका है। आइए एक नजर डालते हैं देश और दुनिया में 13 अप्रैल को घटित हुईं महत्वपूर्ण घटनाओं पर

1648: दिल्ली में 10 साल के निर्माण कार्य के बाद लाल किला बनकर तैयार हुआ।
1699: सिखों के दसवें गुरु गोविंद सिंह ने खालसा पंथ की स्थापना की।
1772: वॉरेन हेस्टिंग्स को ईस्ट इंडिया कंपनी की बंगाल समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
1796: अमेरिका में पहला हाथी भारत से लाया गया।
1796: इटली की जंग में नेपोलियन ने आस्ट्रिया को हराया।
1849: हंगरी को गणराज्य बनाया गया।
1898: हिन्दी फ़िल्मों के प्रसिद्ध निर्माता-निर्देशक और पटकथा लेखक चन्दूलाल शाह का जन्म।
1890: भारत की पहली फिंल्म ‘श्रीपुंडलीक’ का निर्माण करने वाले फिल्मकार दादासाहब तोरणे का जन्म।
1919: अमृतसर के जलियांवाला बाग में नृशंस हत्याकांड हुआ। ब्रिटिश जनरल डायर ने जलियांवाला बाग में सभा कर रहे निहत्थे लोगों पर गोलियां चलवाईं जिसमें सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 379 लोग मारे गए तथा 1200 से अधिक घायल हुए।
1939: भारत में अंग्रेजों के साथ हथियारबंद संघर्ष के लिए हिंदुस्तानी लाल सेना (इंडियन रेड आर्मी) का गठन हुआ।
1940: राज्यसभा की पूर्व उपसभापति नजमा हेपतुल्ला का जन्म।
1944: तत्कालीन सोवियत संघ और न्यूजीलैंड के बीच राजनयिक संबंध स्थापित हुए।
1956: प्रोड्यूसर, डायरेक्टर और एक्टर सतीश कौशिक का जन्म हुआ।
1960: फ्रांस सहारा मरूस्थल में परमाणु बम का परीक्षण करने वाला चौथा देश बना।
1963: रूसी ग्रैंडमास्टर गैरी कास्परोव का जन्म हुआ। कास्परोव 1985 में वर्ल्ड चेस चैंपियन बने।
1970: चन्द्रमा की यात्रा पर रवाना हुए अमेरिकी अंतरिक्ष यान अपोलो 13 के ईंधन टैंक में विस्फोट हुआ।
1980: अमेरिका ने मास्को में हो रहे ग्रीष्मकालीन ओलंपिक खेलों का बहिष्कार किया।
1984: भारतीय सेना ने सियाचिन ग्लेशियर पर ऑपरेशन मेघदूत लॉन्च किया। दुनिया के सबसे ऊंचे युद्ध क्षेत्र में हुए इस ऑपरेशन से पाकिस्तान की इस पर कब्जे की साजिश नाकाम हुई।
1984: एशिया कप के फाइनल मुकाबले में भारत ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को हराया।
1997: टाइगर वुड्स ने 21 साल की उम्र में यूएस मास्टर्स चैंपियनशिप जीती। इसी के साथ सबसे कम उम्र में इस चैंपियनशिप को जीतने वाले वे पहले खिलाड़ी बने।
2002: समाजवादी नेता ह्यूगो शावेज वेनेजुएला के राष्ट्रपति बने।
2013: पाकिस्तान के पेशावर में एक बस में धमाके से आठ लोगों की मौत।
2014: बुब्बा वास्टन, अमेरिकी गोल्फर, ने 2014 में लगातार दूसरी बार मास्टर टूर्नामेंट जीता।
2015: चेक राजनेता वीट जेडली का ने क्रोएशिया और सर्बिया के बीच भूमि के एक पैच पर माइक्रोनिएशन लिबरलैंड की घोषणा की।
2018: 65वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा हुई। श्रीदेवी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का खिताब और विनोद खन्ना को दादासाहेब फाल्‍के पुरस्‍कार मिला।

General Desk

Recent Posts

champions trophy 2025: आज सुपर संडे को भिड़ेंगी भारत और पाकिस्तान की टीमें, 2017 के फाइनल का बदला लेने के इरादे से उतरेगी टीम इंडिया

स्पोर्ट्स डेस्कः दुबईः क्रिकेट में आज सुपर संडे है। आज चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के ग्रुप स्टेज में सबसे बड़ा मुकाबला…

13 hours ago

क्या नौकरियां खत्म कर देगा AI, पढ़िये रिलेवेंट बने रहने के लिए क्या करें

दिल्ली: AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक लगातार तेजी से विकसित हो रही है और हर क्षेत्र में अपनी पकड़ बना…

13 hours ago

मध्य प्रदेश, बिहार और असम के तीन दिवसीय दौरे पर पीएम मोदी, आज बागेश्वर धाम चिकित्सालय की रखेंगे आधारशिला

दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार से यानी 23 से 25 फरवरी तक मध्यप्रदेश, बिहार और असम के तीन दिवसीय दौरे…

14 hours ago

मौसम ने बदला मिजाज, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड में बर्फबारी, 13 राज्यों में ओलावृष्टि के अलर्ट

दिल्लीः पश्चिमोत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में एक बार फिर मौसम बदला है। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और…

2 days ago

RSS की वजह से मराठी सीखी, संघ ने लोगों को देश के लिए जीने की प्रेरणा दीः PM मोदी

दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि मराठी भाषा अमृत से भी मीठी है और वह इस भाषा को…

2 days ago

बीजेपी को वादे याद दिलाने की बजाय कैग की रिपोर्ट पर जवाब देने की तैयारी करें आतिशीः सचदेवा

संवाददाताः संतोष कुमार दुबे दिल्लीः बीजेपी की दिल्ली प्रदेश इकाई के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी को नसीहत…

2 days ago