दिल्लीः देश के कई राज्यों में लोग इस समय H3N2 वायरस से परेशान हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र समेत देश के कई राज्यों में H3N2 वायरस तेजी से पैर पसार रहा है। इस वायरस से देश में अब तक 09 लोगों की मौत हो गई है।

वहीं, इस वायरस का सबसे ज्यादा असर महाराष्ट्र में है। यहां अब तक वायरस के 352 मामले सामने आ चुके हैं। BMC के मुताबिक, मुंबई में 32 मरीज भर्ती हैं, जिनमें से 4 H3N2 और 28 H1N1 के मरीज हैं। इन सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है। राज्य में इन्फ्लूएंजा H3N2 के खतरे को देखते हुए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे आज स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ मीटिंग करेंगे। मीटिंग में डिप्टी CM देवेंद्र फडणवीस और स्वास्थ्य मंत्री तानाजी सावंत भी मौजूद रहेंगे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, महाराष्ट्र में इस वायरस से कथित तौर पर अब तक दो लोगों की मौत हुई है। इनमें अहमदनगर में मेडिकल की पढ़ाई कर रहा एक युवा पिछले हफ्ते अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए अलीबाग गया था। वहां से लौटने के बाद उसकी तबीयत खराब होने लगी।

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री तानाजी सावंत ने बताया कि H3N2 वायरस से संक्रमित मरीजों का इलाज चल रहा है और अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि H3N2 वायरस जानलेवा नहीं है और इसे इलाज के जरिए ठीक किया जा सकता है, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है।

गुजरात के वडोदरा में भी इसी वायरस से 58 साल की एक महिला की मौत का दावा किया जा रहा है। हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस वायरस के खतरे से निपटने के लिए यहां के LNJP अस्पताल में 20 बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। यहां नए केस को देखते हुए बेड और डॉक्टरों की सुविधा बढ़ाई जा रही है। उधर, इस वायरस के खतरे के मद्देनजर पुडुचेरी में एहतियात के तौर पर सभी स्कूल 16 से 26 मार्च तक बंद कर दिए गए हैं। असम में भी बुधवार को H3N2 वायरस का एक मामला सामने आया है।

वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि लैब में टेस्ट किए गए इंफ्लूएंजा सैंपल्स में से लगभग 79% में H3N2 वायरस पाया गया है। इसके बाद 14% सैंपल्स में इंफ्लूएंजा बी विक्टोरिया वायरस पाया गया है और 7% में इंफ्यूएंजा ए H1N1 वायरस पाया गया है। H1N1 को आम भाषा में स्वाइन फ्लू भी कहा जाता है। मंत्रालय का कहना है कि मार्च एंड से H3N2 वायरस के मामले कम होने लगेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here