दिल्लीः राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर से बुधवार को ऐसा नजारा दिखा, जिसे देखकर हर कोई हैरान है। दरअसल राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बडे़- बड़े पहलवानों को पटखनी देने वाले करीब 30 रेसलर यहां धरना देने के लिए जुटे। इस दौरान उनके आंखों में आंसू थे और चेहरे पर नाराजगी। प्रदर्शनकारी पहलवानों ने कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर महिला पहलवानों का यौन उत्पीड़न, अभद्रता, क्षेत्रवाद जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रदर्शन करने वाले पहलवानों में ओलंपिक पदक विजेता बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक, विनेश फोगाट, सरिता मोर और सुमित मलिक जैसे बड़े नाम शामिल हैं। उधर, बृजभूषण शरण का कहना है कि पहलवानों के आरोप सही हुए तो वे फांसी पर लटकने के लिए तैयार हैं। चलिए सबसे पहले आपको बताते हैं कि जंतर-मंतर पर धरना देने वालों में कौन-कौन से पहलवान शामिल हैं…

 

  • बजरंग पूनिया, सोनीपत
  • विनेश फोगाट, भिवानी
  • साक्षी मलिक, रोहतक
  • सरिता मोर, सोनीपत
  • अमित धनखड़, रोहतक
  • सुजीत मान, झज्जर
  • सोमबीर राठी, सोनीपत
  • राहुल मान, दिल्ली
  • अंशु मलिक, जींद
  • सत्यव्रत कादयान, रोहतक
  • संगीता फोगाट
  • सोनम
  • जितेंद्र

अब आपको कुछ पहवानों की उपलब्धियों के बारे में जानकारी दे देते हैं…

बजरंग पुनियाः भारत के इस दिग्गज पहलवान ने ओलंपिक, राष्ट्रमंडल और एशियाई तीनों खेलों में पदक जीते हैं। बजरंग ने 2020 टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक अपने नाम किया था। उन्होंने 2014 इंचियोन एशियाई खेलों में रजत और 2018 जकार्ता एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक हासिल किया था। बजरंग ने राष्ट्रमंडल खेलों में दो स्वर्ण (2018-गोल्डकोस्ट, 2022-बर्मिंघम) और एक रजत (2014-ग्लास्गो) अपने नाम किया है। वह विश्व चैंपियनशिप में एक रजत के अलावा तीन कांस्य भी जीत चुके हैं।

विनेश फोगाटः इस धरने पर बैठने वाली मुख्य पहलवानों में विनेश फोगाट शामिल हैं। विनेश ने राष्ट्रमंडल खेलों में तीन स्वर्ण (2014, 2018 और 2022) जीत हैं। एशियाई खेलों की बात करें तो उन्होंने एक स्वर्ण (2018) और एक कांस्य (2014) जीता है। विनेश ने विश्व चैंपियनशिप में दो कांस्य अपने नाम किया है।

साक्षी मलिकः भारत की सफल महिला पहलवानों में एक साक्षी मलिक ओलंपिक और राष्ट्रमंडल खेलों में पदक अपने नाम कर चुकी हैं। साक्षी 2016 रियो ओलंपिक में कांस्य पदक जीती थीं। उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में एक स्वर्ण (2022), एक रजत (2014) और एक कांस्य (2018) जीतने में सफलता हासिल की थी।

अंशु मलिकः अंशु मलिक ने पिछले साल बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक हासिल किया था। वह पहली बार शीर्ष तीन खेलों (ओलंपिक, राष्ट्रमंडल और एशियाई) में पदक जीतने में सफल रही थीं। वह विश्व चैंपियनशिप में एक रजत पदक हासिल कर चुकी हैं।

सुमित मलिक: सुमित मलिक ने 2018 गोल्डकोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। इसके अलावा वह 2017 एशियन चैंपियनशिप में रजत और उसी साल राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप में रजत जीतने में सफल हुए थे।

सरिता मोरः सरिता मोर अब तक बड़े टूर्नामेंट में जीत नहीं हासिल कर पाई हैं। उन्हें 2021 विश्व चैंपियनशिप में कांस्य मिला था। वहीं, एशियन चैंपियनशिप में वह दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य जीत चुकी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here