Old compass on vintage map with rope closeup. Retro stale

दिल्लीः मौजूदा समय में लोगों के सर्च रिजल्ट का अहम हिस्सा बन चुके विकिपीडिया का जन्म आज ही के दिन हुआ था। हम अगर गूगल पर कुछ भी सर्च करते हैं, तो अधिकतर विकिपीडिया का पेज ही सबसे ऊपर आता है। जिमी वेल्स और लैरी सैंगर ने विकिपीडिया को 15 जनवरी 2001 को शुरू किया था। विकिपीडिया को इस सोच के साथ शुरू किया गया था कि कोई भी व्यक्ति इसे एडिट कर सकता है। टेक्नोलॉजी की दुनिया में ऐसे तरीके से इकट्ठा की गई जानकारी को क्राउड सोर्सिंग कहा जाता है।

विकिपीडिया को पहले केवल अंग्रेजी भाषा में ही लॉन्च किया गया था, लेकिन अब ये 300 से ज्यादा भाषाओं में उपलब्ध है। 2003 में विकिपीडिया को हिंदी में लॉन्च किया गया था। विकिपीडिया में करीब 5.5 करोड़ से ज्यादा आर्टिकल मौजूद हैं और हर महीने 2 अरब से ज्यादा यूजर्स विकिपीडिया पेज पर आते हैं।

विकिपीडिया शुरू करने से पहले जिमी वेल्स और लैरी सैंगर ने न्यूपीडिया नाम से इन्साइक्लोपीडिया लॉन्च किया था। इसमें एक्सपर्ट आर्टिकल लिखा करते थे और रिव्यू होने के बाद ही उसे पब्लिश किया जाता था। बाद में जब विकिपीडिया लॉन्च किया गया, तब उसमें हर यूजर को एडिटिंग की इजाजत नहीं थी, लेकिन कुछ महीनों बाद इसमें सभी यूजर को एडिटिंग की इजाजत मिल गई।

विकिपीडिया के क्रिएटर्स ने इसे कुछ इस तरह बनाया गया है कि कोई भी व्यक्ति इसमें कंटेंट को एडिट कर सकता है। यानी, अगर कोई व्यक्ति चाहे तो विकिपीडिया पेज पर मौजूद किसी भी जानकारी में बदलाव कर सकता है। इसे लेकर विकिपीडिया की आलोचना भी होती रही है और कई बार इसी वजह से इसे जानकारी का भरोसेमंद सोर्स भी नहीं माना जाता है।

हालांकि, विकिपीडिया टीम लगातार इस प्रक्रिया में सुधार कर रही है। वह न केवल अपने पेज पर हर ताजा जानकारी तुरंत अपडेट करती है, बल्कि अगर किसी ने जानबूझकर तथ्यों से छेड़छाड़ करते हुए पेज को एडिट किया है, तो विकिपीडिया टीम उस गलती को भी जल्दी ही सुधार देती है।

भारत-नेपाल में भूकंप से 11 हजार लोगों की मौत हुईः 15 जनवरी 1934 को भारत और नेपाल में एक खतरनाक भूकंप आया था। इस भूकंप में 11 हजार से ज्यादा लोग मारे गए थे। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 8.3 मापी गई थी। बताया जाता है कि भूकंप के झटके इतने जोरदार थे कि इन्हें मुंबई तक महसूस किया गया था।

इस भूकंप से बिहार के मुंगेर और मुजफ्फरपुर शहर पूरी तरह बर्बाद हो गए थे। इसके साथ ही मोतिहारी और दरभंगा शहर में भी भारी नुकसान हुआ था। वहीं नेपाल के काठमांडू, भटगांव और पाटन में भी कई इमारतें ढह गई थीं और सड़कों में दरारें पड़ गई थीं। आइए एक नजर डालते हैं देश और दुनिया में 15 जनवरी को घटित हुईं महत्वपूर्ण घटनाओं पर…

1759 : लंदन के मोंटेगुवे हाउस में मानवीय इतिहास और सभ्यता पर आधारित दुनिया के सबसे बड़े संग्रहालयों में से एक ब्रिटिश संग्रहालय की स्थापना हुई।
1784 : विलियम जोंस ने कोलकाता के फोर्ट विलियम में एशियाटिक सोसायटी की स्थापना की। बाद में इसका नाम एशियाटिक सोसायटी ऑफ बंगाल हो गया।
1934 : भारत में बिहार और नेपाल के सीमावर्ती इलाकों में आए जबरदस्त भूकंप से करीब 11 हजार लोगों की मौत।
1949 : के एम करियप्पा ने भारतीय थल सेना के पहले कमांडर-इन-चीफ का पदभार ग्रहण किया। उस दिन से 15 जनवरी को सेना दिवस के रूप में मनाया जाता है।
1956 : बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती का जन्म।
1965 : भारतीय खाद्य निगम की स्थापना।
1975 : पुर्तगाल ने अंगोला की आजादी के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए।
1986 : जनरल के एम करियप्पा :सेवानिवृत्त: को आजन्म मानद फील्ड मार्शल बनाया गया।
1986 : इंडियन एयरलाइंस की एक वाणिज्यिक यात्री उड़ान को पहली बार केवल महिला चालक दल ने संचालित किया।
1988 : भारत के पूर्व गेंदबाज नरेंद्र हिरवानी ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुये वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने पहले टेस्ट मैच में ही 16 विकेट लिए।
1992 : बुल्गारिया ने बाल्कन के देश मैसिडोनिया को मान्यता दी।
1998 : भारत के भूतपूर्व कार्यकारी प्रधानमंत्री गुलज़ारीलाल नन्दा का निधन।
1999 : एन फ्रेंक घोषणा पत्र’ पर दस्तखत करने वाले प्रथम विश्व नेता संयुक्त राष्ट्रसंघ के महासचिव कोफी अन्नान बने।
2001 : विकिप‍ीडिया लॉन्‍च किया गया।
2006 : ब्रिटिश हाईकोर्ट ने क्वात्रोच्चि के दो बैंक खातों पर से प्रतिबंध हटाने का आदेश दिया। क्वात्रोच्चि बोफोर्स घोटाले का आरोपी था।
2008 : खगोलविदों ने धरती से 25 करोड़ प्रकाश वर्ष दूर की आकाश गंगा पर जीवन के लिये जरूरी तत्व खोजने का दावा किया।
2008 : प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की चीन यात्रा के दौरान भारत-चीन सीमा विवाद पर बातचीत की गई।
2008 : उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने ‘गंगा एक्सप्रेस वे परियोजना’ का शिलान्यास किया।
2009 : दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित प्रसिद्ध फ़िल्म निर्माता तपन सिन्हा का निधन।
2010 : तीन घंटे से भी अधिक की अवधि वाला शताब्दी का सबसे लंबा सूर्य ग्रहण लगा। भारत में यह 11 बजकर छह मिनट पर शुरू होकर 3 बजकर पांच मिनट पर खत्म हुआ।
2013 : सीरिया की अलेप्पो यूनिवर्सिटी पर रॉकेट हमले में 83 लोगों की मौत, 150 लोग घायल।
2016 : पश्चिमी अफ्रीकी देश बुर्किना फासो में ऑगाडोगू के होटल में आतंकवादी हमले में 28 लोगों की मौत, 56 अन्य घायल।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here