Old compass on vintage map with rope closeup. Retro stale

दिल्लीः आज ही के दिन यानी 24 दिसंबर 1968 में इंसान ने अपोलो-8 के जरिए पहली बार चांद की कक्षा में प्रवेश किया था। चंद्रमा की कक्षा में पहुंचने वाला ये पहला मानवयुक्त मिशन था। नासा का अपोलो-8। 6 दिनों का यह मिशन 21 दिसंबर 1968 को शुरू हुआ था और 27 दिसंबर को पूरा हुआ था। अपोलो-8 के क्रू में फ्रैंक बोरमैन, जिम लॉवेल और बिल एंडर्स शामिल थे। अपोलो-8 ने क्रिसमस ईव, यानी 24 दिसंबर को चंद्रमा के ऑर्बिट में प्रवेश के साथ ही नया इतिहास रच दिया।

इस मिशन में शामिल ऐस्ट्रोनॉट फ्रैंक बोरमैन, जिम लॉवेल और बिल एंडर्स ने चांद की कक्षा से लाइव ब्रॉडकास्ट किया। इन ऐस्ट्रोनॉट ने अपने स्पेसक्राफ्ट के अंदर से चांद और पृथ्वी की तस्वीरें भेजीं। एस्ट्रोनॉट विलियम एंडर्स की खींची ‘अर्थराइज’ फोटो के कारण ये मिशन दुनियाभर में फेमस हुआ। इस तस्वीर को धरती की अब तक की ली गई सबसे शानदार तस्वीरों में से एक माना जाता है।

अपोलो-8 मिशन 27 दिसंबर 1968 को ये मिशन पूरा हुआ। इसके एक साल बाद अपोलो सीरीज के ही एक मिशन, अपोलो-11 के जरिए इंसान पहली बार चांद पर उतरा। 20 जुलाई 1969 को नील आर्मस्ट्रॉन्ग चांद पर कदम रखने वाले पहले इंसान बने थे।

मोहम्मद रफी का जन्मः आज ही के दिन 1924 को देश के सबसे महान गायकों में से एक मोहम्मद रफी का जन्म हुआ था। रफी का जन्म 24 दिसंबर 1924 को पंजाब में हुआ था। रफी अपनी बहुमुखी गायन प्रतिभा और आवाज की सीमा के लिए प्रसिद्ध थे। रफी ने देशभक्ति गीतों से लेकर बेहद रोमांटिक, सैड सॉन्ग और कव्वालियों से लेकर गजल और भजनों से शास्त्रीय गीतों तक हर तरह के गाने गाए।

मोहम्मद रफी को चार फिल्मफेयर अवॉर्ड और एक नेशनल अवॉर्ड मिला। 1976 में उन्हें पद्म श्री से सम्मानित किया गया था। 2001 में स्टरडस्ट मैगजीन ने रफी को ”सहस्त्राब्दी का सर्वश्रेष्ठ सिंगर” चुना था। 2013 में रफी को CNN-IBN के पोल में हिंदी सिनेमा की सर्वश्रेष्ठ आवाज चुना गया था।

मोहम्मद रफी ने न केवल हिंदी, उर्दू और पंजाबी में गाने गाए, बल्कि उन्होंने कई भारतीय भाषाओं और बोलियों में भी गीत गाए, जिनमें-कोंकणी, असमिया, भोजपुरी, उड़िया, बंगाली, मराठी, सिंधी, कन्नड़, गुजराती, तमिल, तेलुगु, मगही, मैथिली शामिल हैं। अपने सिंगिंग करियर में रफी ने एक हजार से ज्यादा हिंदी गाने गाए।

भारतीय भाषाओं के अलावा उन्होंने कई विदेशी भाषाओं-अंग्रेजी, फारसी, अरबी, सिंहली, मॉरीशस क्रियोल और डच में भी गाने गाए। रफी ने ‘बहारों फूल बरसाओ मेरा महबूब आया है’, ‘ये चांद सा रोशन चेहरा’, ‘क्या हुआ तेरा वादा’, ‘ये रेशमी जुल्फें’, ‘लिखे जो खत तुझे’ जैसे सैकड़ों सुपर हिट गाने गाए। महान गायक मोहम्मद रफी का 55 वर्ष की उम्र में बॉम्बे (अब मुंबई) में 31 जुलाई 1980 को निधन हो गया था।

एमजी रामचंद्रन का निधनः तमिल सिनेमा पर तीन दशक तक राज करने वाले मरुथुर गोपालन रामचंद्रन यानी एमजी रामचंद्रन की आज पुण्यतिथि है। फैंस के बीच एमजीआर नाम से चर्चित रामचंद्रन ने 100 से अधिक फिल्मों में काम किया। संयोग से इनमें से 28 फिल्मों में जयललिता उनकी हिरोइन थीं, जो आगे चलकर न केवल फिल्मी बल्कि राजनीतिक करियर में भी उनकी सबसे करीबी सहयोगी बनीं।

फिल्मों से राजनीति में एंट्री के बाद एमजीआर कांग्रेस से जुड़ गए। 1953 तक कांग्रेस के साथ रहे। बाद में करुणानिधि के कहने पर उन्होंने DMK ज्वाइन कर ली। पर करुणानिधि से मनमुटाव के चलते उन्होंने AIADMK (ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम) नाम से अपनी एक अलग पार्टी बनाई। AIADMK ने विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज की और एमजीआर 30 जुलाई 1977 को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बने। एमजीआर मुख्यमंत्री बनने वाले देश के पहले ऐक्टर थे। 24 दिसंबर 1987 को अपने निधन तक वो इस पद पर रहे। 1988 में एमजीआर को मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया गया। आइए एक नजर डालते हैं देश और दुनिया में 24 दिसंबर को घटित हुईं महत्वपूर्ण घटनाओं पर….

1524 : यूरोप से भारत तक पहुँचने के समुद्री मार्ग का पता लगाने वाले पुर्तग़ाली नाविक वास्को-डी-गामा का कोच्चि में निधन।
1798 : रूस और ब्रिटेन के बीच दूसरे फ्रांस विरोधी गठबंधन पर हस्ताक्षर।
1924 : भारतीय पार्श्वगायक मोहम्मद रफ़ी का जन्म।
1954 : दक्षिण पूर्वी एशियाई देश लाओस ने स्वतंत्रता हासिल की।
1956: एक्टर अनिल कपूर का जन्म हुआ। फिल्मी परिवार में जन्मे अनिल कपूर ने वो सात दिन, मशाल, मेरी जंग, बेटा, कर्मा, 1942 ए लव स्टोरी जैसी फिल्में की हैं। अनिल अभी भी फिल्मों में सक्रिय हैं। उनकी बेटी सोनम कपूर भी एक्ट्रेस हैं।
1962: एक्ट्रेस प्रीति सप्रू का जन्म हुआ। महज 13 साल की उम्र में एक्टिंग शुरु करने वाली प्रीति ने लावारिस, नजराना, अवतार, निम्मो, आज का अर्जुन जैसी फिल्मों में काम किया है।
1979: सोवियत संघ ने अफगानिस्तान पर आक्रमण किया था। यह हमला 1978 की सोवियत अफगान मैत्री संधि के बहाने किया गया था।
1986: लोटस टैंपल आम लोगों के लिए खोला गया।
1987 : तमिल अभिनेता और राजनेता एम. जी. रामचन्द्रन का निधन।
1988 : हिन्दी के प्रसिद्ध कथाकार और उपन्यासकार जैनेन्द्र कुमार का निधन।
1989 : देश का पहला अम्यूजमेंट पार्क ‘एसेल वर्ल्ड’ मुंबई में खुला।
2000 : पहले भारतीय विश्वनाथन आनंद विश्व शतरंज चैंपियन बने।
2000 : ‘उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम विधेयक 1986’ पारित होने की याद में इस दिन को ‘राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा।
2005 : यूरोपीय संघ ने ‘खालिस्तान ज़िन्दाबाद फ़ोर्स’ नामक संगठन को आतंकी सूची में शामिल किया।
2014 : पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और स्वतंत्रता सेनानी एवं शिक्षाविद् मदन मोहन मालवीय को ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here